बिहार की राजधानी पटना में मंगलवार 2 जून, 2026 को देर रात मशहूर टीचर और यूट्यूबर 'खान सर' (Khan Sir) के कोचिंग सेंटर पर अज्ञात बदमाशों ने अंधाधुंध फायरिंग की गई। कोंचिंग सेंटर में तोड़फोड़ की गई। बदमाशों ने कोचिंग सेंटर को बम से उड़ाने की धमकी दी। इस घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और छात्रों व स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल बन गया। यह घटना पटना के प्रमुख एजुकेशनल हब मुसल्लहपुर हाट (Musallahpur Haat) में हुई।
शुरुआती जांच के अनुसार, पुलिस को इस हमले के पीछे प्रतिद्वंदी कोचिंग संचालकों का हाथ लगता है। उनके बीच आपसी प्रतिस्पर्धा और वर्चस्व (Coaching Rivalry) की लड़ाई पहले से ही है।

Khan Sir Coaching Centre हमले में कौन घायल हुआ?

घटना के दौरान कोचिंग सेंटर के बाहर मौजूद एक सुरक्षा गार्ड को गंभीर चोटें आई हैं। हमलावरों ने न सिर्फ हवाई फायरिंग की बल्कि कोचिंग संस्थान के दफ्तर में जमकर तोड़फोड़ की और पोस्टर्स-बैनर्स भी फाड़ दिए। जब सुरक्षा गार्ड ने उन्हें रोकने की कोशिश की, तो उसके साथ मारपीट की गई, जिससे वह लहूलुहान हो गया। घायल गार्ड को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है।
ताज़ा ख़बरें

Khan Sir ने घटना के बाद क्या बयान दिया

खान सर ने कहा कि 'हमारे कम फीस में पढ़ाने और बंपर नतीजों से लोग परेशान हैं।' खान सर ने मीडिया से बात करते हुए अपने प्रतिद्वंद्वी कोचिंग संस्थानों पर बेहद गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने सवाल किया कि कम फीस में क्या गरीब बच्चों को पढ़ने का अधिकार नहीं है। खान सर ने कहा:

"मुख्य मुद्दा यह है कि हम इतनी कम फीस में क्यों पढ़ा रहे हैं? और हमारे संस्थान से इतने बड़े पैमाने पर छात्र सफल क्यों हो रहे हैं? हाल ही में बिहार पुलिस भर्ती परीक्षा के नतीजे आए हैं, जिसमें हमारे हजारों छात्रों का चयन हुआ है। जब हजारों की संख्या में परिणाम आते हैं, तो कुछ असामाजिक तत्व खुद को असुरक्षित महसूस करने लगते हैं। वे सोचते हैं कि वे हमें दबा सकते हैं।"

खान सर ने कहा- उन्होंने आगे कहा, "हमलावरों ने दफ्तर में तोड़फोड़ की और गोलियां चलाईं। हमारे सुरक्षा गार्ड ने अपराधियों की पहचान की है, वे पास के ही एक कोचिंग सेंटर से जुड़े लोग हैं। प्रतिद्वंद्वी कोचिंग संस्थान की तरफ से यह धमकी भी दी गई है कि वे दो दिन के भीतर हमारे कोचिंग सेंटर को बम से उड़ा देंगे। हम प्रशासन से सुरक्षा की मांग करते हैं।"

खान सर कोचिंग सेंटर हमले पर Patna Police ने क्या कहा

वारदात की सूचना मिलते ही पटना के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) कार्तिकेय के. शर्मा, केंद्रीय पुलिस अधीक्षक (Central SP) दीक्षा और भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचे। पटना के एसएसपी कार्तिकेय के. शर्मा ने बताया, "यह हमले और मारपीट का मामला है। रिपोर्ट के अनुसार सुरक्षा गार्ड को चोटें आई हैं, जिसका अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस घायल गार्ड और स्थानीय लोगों के बयान दर्ज कर रही है और उसके आधार पर आगे की कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।"
वहीं, पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी (CCTV) फुटेज को खंगाल रही है ताकि हमलावरों की पहचान कर उन्हें जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जा सके। सुरक्षा के लिहाज से इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।