सुनेत्रा पवार को राष्ट्रीय कांग्रेस पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष कैसे नियुक्त किया गया? रोहित पवार द्वारा अजित पवार के प्लेन क्रैश में साज़िश के आरोप लगाए जाने के बीच एनसीपी में अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी सुनेत्रा पवार को मिली है।
रोहित पवार द्वारा अजित पवार के प्लेन क्रैश में साज़िश के आरोप लगाए जाने के बीच राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी ने सुनेत्रा पवार को लेकर गुरुवार को एक बड़ा फ़ैसला लिया है। महाराष्ट्र की उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार पार्टी की नई राष्ट्रीय अध्यक्ष चुनी गयी हैं। यह फ़ैसला पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में सर्वसम्मति से हुआ। सुनेत्रा पवार अब अपने दिवंगत पति और पूर्व उपमुख्यमंत्री अजित पवार की जगह पार्टी की कमान संभालेंगी।
अजित पवार का 28 जनवरी 2026 को बारामती में एक निजी प्लेन क्रैश में निधन हो गया था। उस हादसे में प्लेन में सवार सभी 5 लोग मारे गए थे- अजित पवार, उनके पर्सनल सिक्योरिटी ऑफिसर, दोनों पायलट और फ्लाइट अटेंडेंट। यह दुखद घटना पूरे देश में शोक की लहर लाई थी। अजित पवार एनसीपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री थे। उनके निधन के बाद पार्टी में नेतृत्व का संकट पैदा हो गया था।
सुनेत्रा पवार ने 31 जनवरी को महाराष्ट्र की पहली महिला उपमुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली थी। इससे पहले पार्टी विधायकों ने उन्हें विधानमंडल दल का नेता चुना था। राज्य सभा सदस्य के पद से उन्होंने इस्तीफा दे दिया था, जो उन्होंने जून 2024 में बिना विरोध के जीता था। लोकसभा चुनाव में हार के बाद उन्हें राज्य सभा भेजा गया था। अब उनकी जगह पर उनके बेटे पार्थ पवार को राज्य सभा भेजने की तैयारी है। पार्टी के वर्किंग प्रेसिडेंट प्रफुल्ल पटेल ने यह घोषणा की। कुछ सूत्रों के मुताबिक पार्थ पवार को पार्टी का राष्ट्रीय महासचिव भी बनाया जा सकता है।
प्रफुल्ल पटेल ने किया नाम प्रस्तावित
मुंबई में हुई बैठक में प्रफुल्ल पटेल ने सुनेत्रा पवार का नाम प्रस्तावित किया, जिसे सभी नेताओं ने समर्थन दिया। एनसीपी के राज्य अध्यक्ष सुनील तटकरे ने भी प्रस्ताव का समर्थन किया। सुनेत्रा पवार ने भावुक संबोधन में कहा कि वे अजित पवार के सपनों को पूरा करने के लिए काम करेंगी। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से एकजुट रहने की अपील की।
यह एनसीपी के लिए एक ऐतिहासिक पल है। सुनेत्रा पवार पार्टी की पहली महिला राष्ट्रीय अध्यक्ष बनी हैं। पार्टी के संस्थापक शरद पवार के बाद अजित पवार अध्यक्ष बने थे और अब सुनेत्रा पवार तीसरी अध्यक्ष हैं। पार्टी के वरिष्ठ नेता प्रफुल्ल पटेल ने कहा कि यह फ़ैसला पार्टी की एकता और मज़बूती का प्रतीक है। उन्होंने अजित पवार को श्रद्धांजलि दी और कहा कि उनकी विरासत को आगे बढ़ाया जाएगा।यह बदलाव महाराष्ट्र की राजनीति में भी अहम है। सुनेत्रा पवार अब उपमुख्यमंत्री के साथ-साथ पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं। एनसीपी महाराष्ट्र सरकार में बीजेपी-शिवसेना के साथ गठबंधन में है। अब देखना है कि सुनेत्रा पवार के नेतृत्व में पार्टी कैसे आगे बढ़ती है और आगामी चुनावों में क्या रणनीति अपनाती है।
यह फ़ैसला अजित पवार के निधन के ठीक एक महीने बाद आया है, जो पार्टी के लिए भावनात्मक और संगठनात्मक रूप से मज़बूत क़दम माना जा रहा है।
प्लेन क्रैश में साज़िश: रोहित पवार
एनसीपी-एसपी के विधायक और अजित पवार के भतीजे रोहित पवार ने अजित पवार के प्लेन क्रैश में साजिश के आरोप लगाए हैं। उन्होंने इसे महज हादसा नहीं, बल्कि सुनियोजित साजिश बताया है। उन्होंने कहा है कि इस साज़िश का राजनीतिक या कमर्शियल मकसद हो सकता है।अजित पवार के प्लेन क्रैश पर रोहित पवार
रोहित ने बार-बार कहा है कि यह दुर्घटना नहीं, बल्कि बड़ी साजिश है। उन्होंने हाल ही में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में 54 स्लाइड्स की प्रेजेंटेशन दी और दावा किया कि कई धमाके हुए थे, और प्लान में आखिरी समय बदलाव हुआ। पहले कार से जाने का प्लान था, लेकिन प्लेन लिया गया। उन्होंने दावा किया था कि प्लेन में एक्स्ट्रा फ्यूल टैंक लगाए हुए थे।
उन्होंने आरोप लगाया है कि वीएसआर वेंचर्स कंपनी ने सुरक्षा मानदंडों का उल्लंघन किया, फ्लाइट रिकॉर्ड्स गायब हैं और 5000 घंटों में से सिर्फ 1800-2000 घंटों के रिकॉर्ड उपलब्ध हैं। उन्होंने कहा है कि कंपनी को जानबूझकर बचाया जा रहा है। रोहित ने कंपनी, उसके डायरेक्टर्स और संबंधित अधिकारियों के खिलाफ एफ़आईआर की मांग की है। उन्होंने मुंबई के मरीन ड्राइव थाने और बारामती पुलिस स्टेशन में शिकायतें दीं, लेकिन एफ़आईआर दर्ज न होने पर पुलिस पर दबाव का आरोप लगाया।
उन्होंने आरोप लगाया है कि डीजीसीए ने पहले वीएसआर को क्लीन चिट देने की कोशिश की, लेकिन बाद में नियम उल्लंघन माना। रोहित ने कहा कि खराब एयरक्राफ्ट क्यों दिया गया जब बाकी को उड़ान से हटा लिया गया था? उन्होंने डीजीसीए अधिकारियों पर दस्तावेज में फर्जीवाड़ा और सबूत नष्ट करने का आरोप लगाया।
उन्होंने केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री के. राम मोहन नायडू के इस्तीफे की मांग की, क्योंकि 'उनकी पार्टी टीडीपी का वीएसआर वेंचर्स से कमर्शियल, पॉलिटिकल लिंक है'। रोहित ने PM मोदी को पत्र लिखकर स्वतंत्र जांच की मांग की।
रोहित ने आरोप लगाया है कि मुंबई पुलिस ने एफ़आईआर दर्ज नहीं की, उन्होंने सीआईडी की भूमिका पर भी शक जताया। बारामती में धरना दिया और समर्थकों के साथ पुलिस स्टेशन पहुंचे। ब्लैक बॉक्स पर शक, जांच धीमी करने और सबूत मिटाने का आरोप। उन्होंने कहा कि अगर उपमुख्यमंत्री के साथ ऐसा हो सकता है, तो आम जनता का क्या?