सूत्रों के मुताबिक सीडब्ल्यूसी बैठक के अंतिम दिन चार चुनावी राज्यों की पार्टी की राज्य इकाई के प्रमुखों ने चुनाव जीतने के लिए तैयारियों और रोड मैप पर अपनी रिपोर्ट दी। सूत्रों ने बताया कि विचार-विमर्श के दौरान, कुछ नेताओं ने आम आदमी पार्टी नेताओं पर विश्वास नहीं करने को कहा गया। इन राज्यों के प्रमुखों ने कहा कि कांग्रेस नेताओं ने उन राज्यों में आप की आलोचना बंद कर दी है लेकिन आप की ओर से ऐसा नहीं किया जा रहा है। इनके नेताओं पर विश्वास करना मुश्किल है।
सूत्रों ने कहा कि माकन ने नेतृत्व से कहा कि हालांकि वे I.N.D.I.A के पक्ष में हैं, लेकिन कांग्रेस को सीट-बंटवारे की बातचीत में जल्दबाजी नहीं करनी चाहिए और इन पांच राज्यों में नतीजे आने तक इंतजार करना चाहिए। उन्होंने सीट-बंटवारे पर बातचीत अभी करने के बजाय मजबूत स्थिति होने पर करने आह्वान किया, क्योंकि विपक्षी दल अपने हित में इस पर जोर दे रहे थे। पूर्व केंद्रीय मंत्री माकन ने कहा कि आप नेता उन राज्यों में चुनाव लड़ने की घोषणा कर रहे हैं जहां कांग्रेस अपनी सरकार बनाने की स्थिति में है और कांग्रेस नेताओं पर हमला कर रहे हैं। उन्होंने मांग की कि यह बंद होना चाहिए।