कॉकरोच जनता पार्टी ने बुधवार को दावा किया कि उसके इंस्टाग्राम फॉलोअर्स 10.1 मिलियन यानी 1.01 करोड़ हो गए हैं, जबकि बीजेपी के 8.7 मिलियन यानी 87 लाख हैं। CJP द्वारा इसकी घोषणा करने के कुछ घंटे बाद ही इसके एक्स खाते पर 'Account Withheld' का मैसेज दिखने लगा।
इंस्टाग्राम पर महज 4 दिन में भारतीय जनता पार्टी को फॉलोअर्स की संख्या के मामले में पीछे छोड़ देने के कुछ घंटों बाद ही 'कॉकरोच जनता पार्टी' यानी CJP का एक्स अकाउंट भारत में ब्लॉक कर दिया गया है। CJP के फाउंडर अभिजीत दीपके ने खुद इसकी जानकारी दी। उन्होंने एक्स पर एक फोटो पोस्ट की जिसमें अकाउंट खोलते ही 'Account Withheld' का मैसेज दिख रहा है। कैप्शन में उन्होंने लिखा- 'जैसी उम्मीद थी, कॉकरोच जनता पार्टी का अकाउंट भारत में रोक दिया गया।' अकाउंट (@CJP_2029) पर अब 'Account Withheld' लिखा दिख रहा है। नीचे लिखा है- '@CJP_2029 has been withheld in IN in response to a legal demand.' यानी भारत में कानूनी बाध्यता के कारण अकाउंट रोका गया है।
इंस्टाग्राम पर हुई बड़ी उपलब्धि
कॉकरोच जनता पार्टी ने बुधवार को दावा किया कि उसके इंस्टाग्राम फॉलोअर्स 10.1 मिलियन यानी 1.01 करोड़ हो गए हैं, जबकि बीजेपी के 8.7 मिलियन यानी 87 लाख हैं। यह किसी भी विपक्षी पार्टी के लिए कांग्रेस के बाद बीजेपी को सोशल मीडिया पर पीछे छोड़ने का बड़ा मामला है। कॉकरोच जनता पार्टी ने इस पर जश्न मनाते हुए कहा- 'सिर्फ 4 दिन लगे। युवाओं की ताकत को कम मत समझो।' अभिजीत दीपके ने बीजेपी के 'दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी' वाले दावे पर तंज कसते हुए लिखा- 'दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी, उन्होंने कहा था।'
एक्स का बयान
एक्स ने कहा कि जब कोई वैध क़ानूनी मांग आती है तो किसी खास देश में कंटेंट रोक दिया जाता है। यह कार्रवाई सिर्फ उस देश तक सीमित रहती है। एक्स पर खाते को ब्लॉक किए जाने के कुछ घंटे बाद ही कॉकरोच जनता पार्टी ने नया खाता बना लिया है। युवाओं में क्यों लोकप्रिय है सीजेपी?
भारत में युवा महंगाई, बेरोजगारी और महंगे पेट्रोल-डीजल से परेशान हैं। ईरान युद्ध के कारण ईंधन के दाम बढ़े, रुपया कमजोर हुआ। हर साल 80 लाख ग्रेजुएट निकलते हैं, लेकिन अच्छी नौकरियां कम हैं। अजीम प्रेमजी यूनिवर्सिटी की रिपोर्ट के अनुसार 15-25 साल के युवाओं में ग्रेजुएट बेरोजगारी करीब 40% है। कॉकरोच जनता पार्टी के कंटेंट में क्रांतिकारी पोस्टर, मजेदार मीम्स और जेन-जेड ह्यूमर है। युवा खुद को 'बेरोजगारी, महंगाई और परीक्षाओं के सर्वाइवर' कहकर पार्टी से जुड़ रहे हैं।'कॉकरोच जनता पार्टी' क्या है?
सीजेआई की टिप्पणी के जवाब में एक्स पर अकाउंट 'कॉकरोच जनता पार्टी' यानी CJP शुरू किया गया। वैसे तो यह पहली नज़र में मजाकिया और व्यंग्यात्मक अकाउंट नज़र आता है, लेकिन कुछ लोगों का मानना है कि यह युवाओं की आवाज़ बनता जा रहा है। बाद में यह इंस्टाग्राम पर भी अकाउंट शुरू किया गया और फिर वेबसाइट भी बन गई।
यह कोई असली राजनीतिक पार्टी नहीं है। फ़िलहाल तो युवाओं का मजाकिया विरोध दर्ज करने वाला प्लेटफॉर्म है। एक्स पर इस अकाउंट का बायो है, 'युवाओं का राजनीतिक मोर्चा - युवाओं द्वारा, युवाओं के लिए। सेकुलर - सोशलिस्ट - डेमोक्रेटिक - Lazy।'
पार्टी की शुरुआत कैसे हुई?
कॉकरोच जनता पार्टी की शुरुआत कुछ दिन पहले हुई जब मुख्य न्यायाधीश सूर्य कांत के कुछ बेरोजगार युवाओं को 'कॉकरोच' और 'परजीवी' बताने वाले कथित बयान पर सोशल मीडिया पर भारी आक्रोश फैला। लोगों ने व्यंग्य में इसे अपना प्रतीक बना लिया। पार्टी खुद को 'आलसी और बेरोजगारों की आवाज' कहती है। यह पूरी तरह से व्यंग्य पर आधारित है, लेकिन इसमें युवाओं की नौकरी, महंगाई, संस्थागत ताकत और राजनीतिक सुविधाओं की कड़ी आलोचना है।
CJP अपनी वेबसाइट पर खुद को 'बेरोजगार और आलसी लोगों की आवाज' बताता है। इसका नारा है - 'सिस्टम जिन्हें भूल गया, उनके लिए पार्टी। पांच मांगें। जीरो स्पॉन्सर। एक बड़ा और जिद्दी झुंड।' पार्टी ने साफ कहा है कि वह भारत के संविधान में विश्वास रखती है और इसके मूल्यों की रक्षा करेगी।
सदस्य बनने के लिए क्या शर्तें?
CJP ने सदस्यता के लिए मजेदार और आसान शर्तें बताई हैं-
- बेरोजगार होना (चाहे मजबूरी से, पसंद से या सिद्धांत से)
- आलसी होना (शारीरिक रूप से, दिमाग तो घूमता रहे)
- रोज कम से कम 11 घंटे ऑनलाइन रहना
- अच्छे से रैंट (प्रोटेस्ट) करना आना चाहिए
- धर्म, जाति या लिंग कुछ भी नहीं देखा जाता।
पार्टी मैनिफेस्टो
- अगर CJP सत्ता में आती है तो किसी भी चीफ़ जस्टिस को रिटायरमेंट के बाद इनाम के तौर पर राज्यसभा की सीट नहीं दी जाएगी।
- अगर कोई भी सही वोट हटा दिया जाता है, चाहे वह CJP शासित राज्य में हो या विपक्ष शासित राज्य में तो CEC को UAPA के तहत गिरफ़्तार किया जाएगा, क्योंकि नागरिकों के वोट देने के अधिकार छीनना आतंकवाद से कम नहीं है।
- महिलाओं को 33% नहीं, बल्कि 50% आरक्षण मिलेगा, और इसके लिए संसद की सदस्य संख्या बढ़ाने की ज़रूरत नहीं होगी। इसके अलावा, कैबिनेट के सभी पदों में से 50% पद महिलाओं के लिए आरक्षित होंगे।
- अंबानी और अडानी के मालिकाना हक वाले सभी मीडिया हाउस के लाइसेंस रद्द कर दिए जाएँगे, ताकि सचमुच आज़ाद मीडिया के लिए जगह बन सके। 'गोदी मीडिया' के एंकरों के बैंक खातों की जाँच की जाएगी।
- कोई भी विधायक या सांसद जो एक पार्टी छोड़कर दूसरी पार्टी में जाता है, उसे 20 साल तक चुनाव लड़ने से- और कोई भी सरकारी पद संभालने से- रोक दिया जाएगा।
असल राजनीति में बीजेपी मज़बूत
बहरहाल, कॉकरोच जनता पार्टी को सोशल मीडिया पर यह सफलता भले ही मिली हो, लेकिन असली राजनीति और चुनाव में बीजेपी अभी भी बहुत मज़बूत है। हाल ही में पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में बीजेपी ने 207 सीटें जीतीं, जबकि तृणमूल कांग्रेस को सिर्फ 80 मिलीं। सीजेपी के फाउंडर अभिजीत दीपके ने कहा है कि युवा हिंसा की तरफ़ नहीं जाएंगे। उन्होंने लिखा, 'इस देश के युवा बहुत समझदार, जागरूक और राजनीतिक रूप से सजग हैं। वे संवैधानिक अधिकारों के ज़रिए शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीक़े से अपनी बात रखेंगे।' यह घटना भारत के सोशल मीडिया राजनीति के नए युग को दिखाती है, जहां मीम्स और व्यंग्य के जरिए युवा अपनी निराशा और गुस्से को व्यक्त कर रहे हैं।