हैदराबाद की शानदार गेंदबाजी के आगे पंजाब की टीम ढेर हो गई। फोटो क्रेडिट- BCCI/IPL
इंडियन प्रीमियर लीग के सीजन 15 के 28वें मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद ने पंजाब किंग्स को 7 विकेट से हराकर अपनी लगातार चौथी जीत दर्ज की है।
152 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी सनराइजर्स हैदराबाद की शुरुआत अच्छी नहीं रही। कप्तान केन विलियमसन सिर्फ 9 गेंदों में 3 रन बनाकर रबाडा की गेंद पर आउट हो गए। इसके बाद बल्लेबाजी के लिए मैदान पर उतरे राहुल त्रिपाठी ने आते ही अपने तेवर दिखाने शुरू कर दिये। सातवें ओवर में हैदराबाद ने अपने 50 रन पूरे कर लिए थे। सनराइजर्स हैदराबाद को दूसरा झटका राहुल त्रिपाठी के रूप में लगा जो 22 गेंदों पर 34 रन बनाकर राहुल चाहर की गेंद शाहरुख खान के हाथों कैच आउट हो गए। हैदराबाद को तीसरा झटका भी जल्द ही लग गया जब अभिषेक शर्मा 25 गेंदों पर 31 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। हैदराबाद ने 12 ओवर में 3 विकेट पर 88 रन बना लिए थे जबकि निकोलस पूरन और मार्कराम मैदान पर डटे हुए थे।