अतीक अहमद
प्रयागराज की धूमनगंज पुलिस ने अपने रिमांड नोट में कथित तौर पर कोर्ट में दावा किया है कि अतीक ने पूछताछ करने वाले पुलिस अधिकारियों को बताया था कि उसके पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई और लश्कर ए तैयबा से संबंध हैं। पुलिस का दावा है कि अतीक ने बयान दिया है कि उसे पाकिस्तान से ड्रोन के जरिए हथियार भेजे गए, जिन्हें पंजाब में सीमा पर गिराया गया। इसके बाद उन हथियारों को लोकल संपर्क के जरिए जम्मू कश्मीर पहुंचाया गया।
पुलिस का कहना है कि पूछताछ के दौरान इस बात का भी खुलासा हुआ है कि अतीक की पत्नी शाइस्ता जब भी अतीक या अशरफ से मिलने जाती थी सिम और मोबाइल का प्रबंध करती थी। अशरफ वाट्सऐप कॉल और फेसटाइम कॉल के जरिए अपने गैंग के संपर्क में रहता था। अशरफ ने पुलिस को बताया कि इस बार सबसे पहले उमेश पाल के सुरक्षाकर्मियों और फिर उमेश पाल को मारने की योजना बनाई गई थी। जबकि राजूपाल की हत्या के समय पहले राजूपाल को मारा गया और फिर उनके सुरक्षाकर्मियों को मारा गया था। राजूपाल की हत्या का उमेशपाल चश्मदीद गवाह था।