पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव का दूसरा और आखिरी चरण बुधवार को पूरा हो गया। इसमें रिकॉर्ड 92.50 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। 294 सदस्यों वाली बंगाल विधानसभा की 142 सीटों पर हुए इस चरण में सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस यानी TMC और विपक्षी भाजपा के बीच कड़ी टक्कर देखी गई।
मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने बताया कि स्वतंत्रता के बाद से पश्चिम बंगाल में पहले और दूसरे दोनों चरणों में यह अब तक का सबसे ज्यादा मतदान प्रतिशत है। उन्होंने कहा, 'स्वतंत्रता के बाद पश्चिम बंगाल में पहले और दूसरे चरण दोनों में सबसे ज्यादा मतदान हुआ है। चुनाव का पर्व, पश्चिम बंगाल का गर्व।' चुनाव नतीजे 4 मई को असम, तमिलनाडु, केरल और पुडुचेरी के साथ ही घोषित किए जाएंगे।

सुबह से शुरू हुई आरोप-प्रत्यारोप की जंग

मतदान शुरू होते ही TMC और BJP ने एक-दूसरे पर वोटरों को डराने-धमकाने और प्रभावित करने के आरोप लगाए। भबानीपुर सीट से TMC उम्मीदवार मुख्यमंत्री ममता बनर्जी सुबह से अपने क्षेत्र में घूमती रहीं। उन्होंने केंद्रीय सुरक्षा बलों और चुनाव आयोग के पर्यवेक्षकों पर BJP के इशारे पर काम करने का आरोप लगाया। भबानीपुर में ममता बनर्जी की मुख्य प्रतिद्वंद्वी सुवेंदु अधिकारी ने भी पूरे दिन क्षेत्र का दौरा किया और आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री और TMC पार्टी ने वोटिंग के लिए बाहर से लोगों को बुलाया है। जैसे-जैसे दिन चढ़ता गया, TMC के अन्य नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भी ममता बनर्जी जैसे ही आरोप लगाए।
चुनाव आयोग के अनुसार, पूरे राज्य में औसत मतदान 92.50% रहा, जो बंगाल के इतिहास में अब तक का सबसे ऊंचा आंकड़ा है।अब सभी की नजरें 4 मई को आने वाले चुनाव नतीजों पर टिकी हुई हैं, जहां TMC सत्ता बचाने और BJP सत्ता हासिल करने की कोशिश में जुटी हुई है।
ताज़ा ख़बरें

सीआरपीएफ के खिलाफ बढ़ीं शिकायतें

कैनिंग पश्चिम विधानसभा क्षेत्र से तृणमूल कांग्रेस के उम्मीदवार परेश राम दास ने बुधवार को आरोप लगाया कि सीआरपीएफ कर्मियों ने टीएमसी के एक मतदान प्रतिनिधि को पीटा और बूथ से बाहर घसीटा। टीएमसी उम्मीदवार ने कहा कि वे इस कथित घटना में शामिल सीआरपीएफ अधिकारी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराएंगे। उन्होंने कहा कि सीआरपीएफ कर्मियों ने आरोप लगाया कि मतदान प्रतिनिधि के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई गई है। परेश राम दास ने कहा, "प्रदीप दास, जो एक बूथ में मतदान प्रतिनिधि थे, को सीआरपीएफ कर्मियों ने पीटा और बूथ से बाहर घसीटा, यह कहते हुए कि उनके खिलाफ शिकायत दर्ज कराई गई है... हम सीआरपीएफ अधिकारी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराएंगे और उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई करेंगे।"

केंद्रीय बल विशेष पार्टी के लिए काम कर रहे हैंः ममता

भवानीपुर में अपना वोट डालने से पहले पत्रकारों से बात करते हुए टीएमसी प्रमुख और बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा कि "पश्चिम बंगाल चुनावों के दौरान केंद्रीय बल एक विशेष पार्टी के लिए काम कर रहे हैं।" ममता बनर्जी ने कहा, 'मैंने इस तरह की लोकतंत्र व्यवस्था कभी नहीं देखी।' ममता ने कहा कि किसी भी बूथ पर राज्य पुलिस को जाने की अनुमति नहीं दी गई और सीआरपीएफ ने सभी बूथों पर "कब्जा" कर लिया है। उन्होंने पत्रकारों से कहा, "कल रात से ही उन्होंने अत्याचार शुरू कर दिए और हमारे कई लोगों को गिरफ्तार कर लिया। यह अदालत की अवमानना ​​है। मैंने इस तरह की लोकतंत्र व्यवस्था कभी नहीं देखी... फिर भी तृणमूल जीत रही है...। सीआरपीएफ इस तरह से यातना नहीं दे सकती। किसी भी बूथ पर राज्य पुलिस नहीं है। उन्होंने सभी बूथों पर कब्जा कर लिया है। उन्हें सीमा सुरक्षा करनी चाहिए। इसके बजाय, वे एक राजनीतिक दल की सुरक्षा कर रहे हैं... मैंने ऐसा कभी नहीं देखा। मैं 1984 से चुनाव लड़ रही हूं, लेकिन ये अत्याचार भयावह हैं...।"

बागदा क्षेत्र में मतदाताओं पर हमले का आरोप

टीएमसी की राज्यसभा सांसद ममता बाला ठाकुर ने बताया, “यह बूथ हमारा है और टीएमसी ने पिछले 34 वर्षों में यहां कभी हार नहीं मानी है। यह बूथ अल्पसंख्यक बहुल है। केंद्रीय मंत्री शांतनु ठाकुर के दौरे के बाद सीआरपीएफ के जवान यहां आए और मतदाताओं पर हमला किया... करीब 7-8 लोगों को बेरहमी से पीटा गया... यह सब ठाकुर के दौरे के बाद हुआ। अब चुनाव आयोग कहां है?…।” इसी तरह का आरोप पार्टी की सांसद सागरिका घोष ने भी लगाया। उन्होंने घटना का वीडियो भी शेयर किया है। 
  • बंगाल में बाद दोपहर 3 बजे तक 78.68% वोटिंग हो चुकी है। चुनाव आयोग का कहना है कि दूसरे दौर में भी भारी मतदान प्रतिशत रहने की उम्मीद है।
  • हुगली: 80.77%
  • हावड़ा: 77.73%
  • कोलकाता उत्तर: 78.00%
  • कोलकाता दक्षिण: 75.38%
  • नदिया: 79.79%
  • उत्तर 24 परगना: 77.39%
  • पूर्व बर्धमान: 83.11%
  • दक्षिण 24 परगना: 76.75%
  • दोपहर 1 बजे तक 61.11% मतदान हो चुका है। इस आंकड़े से साफ है कि दूसरे और अंतिम चरण में भी भारी मतदान हो रहा है। महिलाओं की लंबी कतारें देखी जा रही हैं।

ममता के क्षेत्र में सीआरपीएफ डीजी मतदान बूथ पर पहुंचे

सीआरपीएफ के महानिदेशक जीपी सिंह भवानीपुर के एक मतदान केंद्र पर नजर आए, जहां भाजपा और टीएमसी के बीच कड़ी टक्कर है और सुवेंदु अधिकारी ममता बनर्जी को चुनौती दे रहे हैं। पीटीआई के अनुसार, सिंह ने कहा, "यहां बहुत भीड़ है, हम प्रक्रिया को तेज करने की कोशिश कर रहे थे ताकि मतदाता शांतिपूर्वक और जल्दी अपना वोट डाल सकें।"
पश्चिम बंगाल से और ख़बरें

धारदार हथियार लेकर बीजेपी के पक्ष में धमकाया, गिरफ्तार

तृणमूल नेता ने आरोप लगाया है कि नरसिंह बोस लेन में भाजपा से जुड़े एक व्यक्ति ने धारदार हथियार लेकर लोगों को पार्टी के पक्ष में वोट देने के लिए धमकाया। टीएमसी के अभिषेक चटर्जी ने कहा, “हमने इस घटना का वीडियो बना लिया है और इसे जिला प्रशासन और मीडिया के साथ साझा किया है। पुलिस ने उस व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया है। भाजपा सब कुछ हार चुकी है, और इसी वजह से भाजपा लोगों को अपने पक्ष में वोट देने के लिए धमकाने की कोशिश कर रही है।”
  • छपरा में अंतिम चरण के मतदान के दौरान हातरा बाजार प्राथमिक विद्यालय में स्थापित मतदान केंद्र पर तृणमूल कांग्रेस और आईएसएफ के कार्यकर्ताओं के बीच कथित तौर पर तनाव भड़कने के बाद कई लोगों को हिरासत में लिया गया।

केंद्रीय बलों की इतनी तैनाती क्यों, क्या बंगालियों पर भरोसा नहींः फारूक

"क्या बंगालियों पर भरोसा नहीं किया जा रहा है?" यह सवाल वरिष्ठ राजनेता और जम्मू-कश्मीर के तीन बार पूर्व मुख्यमंत्री रह चुके फारूक अब्दुल्ला ने बुधवार को पश्चिम बंगाल चुनावों के दौरान केंद्रीय पुलिस कर्मियों और अधिकारियों की भारी तैनाती को लेकर चुनाव आयोग की आलोचना करते हुए पूछा। अब्दुल्ला ने ममता बनर्जी के खिलाफ राष्ट्रीय नेताओं की टिप्पणियों की भी आलोचना करते हुए कहा कि इस्तेमाल की गई भाषा "संसदीय नहीं है और इस देश के लिए उपयुक्त नहीं है"। उन्होंने पीटीआई से कहा कि भारत तभी मजबूत हो सकता है जब उसके लोगों का सम्मान किया जाए। उन्होंने आगे कहा, "अगर आप एक मजबूत भारत चाहते हैं, तो बंगालियों को बिना किसी दबाव के अपना नेतृत्व चुनने का अधिकार है।" अब्दुल्ला ने सरकार के कुछ वर्गों द्वारा राज्य चुनावों और क्षेत्रीय पहचानों से निपटने के तरीके की कड़ी आलोचना की और पूछा कि क्या पश्चिम बंगाल के लोगों को उनके ही देश में "अजनबी" की तरह व्यवहार किया जा रहा है।

केंद्रीय बलों ने वोट न करने की धमकी दीः टीएमसी

तृणमूल कांग्रेस नेता ममता ठाकुर ने आरोप लगाया कि केंद्रीय बलों के जवान नेताओं को मतदान न करने की धमकी दी है। “कल रात मुझे चुनाव आयोग में मेरे खिलाफ शिकायत मिली कि मैं बागदा निर्वाचन क्षेत्र में पैसे बांट रही थी। लेकिन मैं अपने घर पर ही थी। केंद्रीय बलों के जवानों ने कई नेताओं को घर से बाहर निकलकर वोट न डालने की धमकी दी। ऐसा पहली बार हुआ है। भाजपा चुनाव आयोग के साथ मिलकर पश्चिम बंगाल में 'तांडव' कर रही है। हमने पहले कभी ऐसा नहीं देखा। जनता अपना रुख स्पष्ट कर देगी।”
  • दक्षिण 24 परगना के बसंती विधानसभा क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार बिकाश सरदार ने बुधवार को आरोप लगाया कि पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के मतदान के दौरान "200-250 टीएमसी गुंडों" ने उनकी कार पर हमला किया और उनके ड्राइवर के साथ मारपीट की।
  • पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण में सुबह 11 बजे तक कुल 39.97% मतदाताओं ने अपना मत डाला है।
  • सुबह 9 बजे तक, बंगाल में अंतिम चरण के चुनाव में 18.39% मतदान दर्ज किया गया। चुनाव आयोग के अनुसार, अब तक सबसे अधिक मतदान पूर्वी बर्धमान में हुआ है, जहां 20.86% मतदान हुआ है।

ममता बनर्जी का आरोप

मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने बुधवार को मीडिया को एक वीडियो क्लिप दिखाते हुए दावा किया कि तृणमूल के एक कार्यकर्ता की पिटाई की गई। "यह किस तरह की गुंडागर्दी हो रही है? मतदान इस तरह नहीं होता। मतदान शांतिपूर्ण ढंग से होता है। यह लोकतंत्र का त्योहार है। लेकिन इन्होंने इसे पूरी तरह से बर्बाद कर दिया है," बनर्जी ने भाजपा पर हमला करते हुए कहा और पार्टी पर चुनाव में धांधली करने का आरोप लगाया।

कई मतदान केंद्रों पर मारपीट, अफरातफरी, ईवीएम खराबी की शिकायतें

  • हुगली जिले के खानकुल जिले की राजहाटी-1 पंचायत के रामचंद्रपुर में बूथ नंबर 147 पर तनाव बढ़ने के बाद तृणमूल कांग्रेस और इंडियन सेकुलर फ्रंट (आईएसएफ) के समर्थकों के बीच झड़प होने की खबर है।
  • हावड़ा में एक मतदान केंद्र के बाहर अफरा-तफरी मच गई क्योंकि मतदाताओं ने दावा किया कि "मशीन में खराबी" के कारण मतदान सुबह 8:30 बजे शुरू हुआ। सीआरपीएफ कर्मियों को लोगों को हिरासत में लेते देखा गया। आरोप हैं कि कुछ लोग मतदान प्रक्रिया में बाधा डालने की कोशिश कर रहे थे।
  • पीटीआई के अनुसार, दूसरे चरण के मतदान के शुरुआती घंटों में छपरा, शांतिपुर, निमतला और भंगर सहित कई स्थानों पर हिंसा और तोड़फोड़ की सूचना मिली।
  • एक रिपोर्ट में दावा किया गया है कि नादिया में मतदान केंद्र पर भाजपा एजेंट पर हमला हुआ। भाजपा नेताओं ने आरोप लगाया है कि नादिया जिले के छपरा में बूथ नंबर 53 पर "सत्ताधारी टीएमसी से जुड़े बदमाशों" ने एक मतदान एजेंट पर हमला किया।
  • बल्ली में ईवीएम में खराबी के कारण हिंसा भड़क गई। पीटीआई के अनुसार, सीआरपीएफ कर्मियों ने दो लोगों को हिरासत में लिया। एक वीडियो में एक टीम को एक व्यक्ति को सड़क पर ले जाते हुए दिखाया गया है।
  • इन आरोपों के बीच हिंसा प्रभावित बूथों पर मतदान धीमा हो गया है।

एनआईए की एक टीम, राज्य पुलिस और केंद्रीय बल भांगर के विभिन्न संवेदनशील क्षेत्रों पर कड़ी निगरानी रख रहे हैं। भांगर में रात भर हिंसा की खबरें आईं, जिसमें तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) और विपक्षी दलों के नेताओं ने चुनाव से पहले एक-दूसरे पर डराने-धमकाने और अशांति फैलाने का आरोप लगाया।

बीजेपी प्रत्याशी चुनाव अधिकारियों पर चिल्लाई

एंटाली विधानसभा क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार प्रियंका तिब्रवाल कोलकाता के एक मतदान केंद्र पर अपना वोट डालने गई थीं, जहां उनका एक व्यक्ति से जुबानी विवाद हो गया। एएनआई के अनुसार, बूथ छोटा होने के कारण उम्मीदवार के मतदान एजेंट को वापस भेज दिया गया। इस विवाद में तृणमूल का एजेंट भी शामिल हो गया। इसके बाद दोनों एजेंटों को बाहर भेज दिया गया। इस विवाद का एक वीडियो सामने आया है जिसमें भाजपा उम्मीदवार को वहां मौजूद अधिकारियों पर चिल्लाते हुए सुना जा सकता है।
सर्वाधिक पढ़ी गयी ख़बरें

बंगाल में कुछ जगह मौसम खराब

बंगाल में बुधवार को मतदान करने के लिए बाहर निकलते समय मतदाताओं को छाता लेकर निकलना पड़ रहा है। भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने कोलकाता, हावड़ा, हुगली, उत्तर 24 परगना, पश्चिम मिदनापुर, बांकुरा और पूर्वी बर्धमान जिलों के लिए गरज-चमक की चेतावनी जारी की है, और पश्चिम मिदनापुर और हुगली के लिए बारिश का अलर्ट जारी किया है।
  • महुआ मोइत्रा ई-रिक्शा से वोट डालने पहुंचींः तृणमूल सांसद महुआ मोइत्रा नादिया के करीमपुर गर्ल्स हाई स्कूल स्थित मतदान केंद्र संख्या 120 पर अपना वोट डालने पहुंचीं। जब उनसे उनके वाहन, ई-रिक्शा के बारे में पूछा गया, तो मोइत्रा ने कहा: "क्योंकि चुनाव आयोग ने कहा है कि मोटरसाइकिल से न आएं। इसलिए हम ऑटो रिक्शा से आए हैं।"

बीजेपी प्रत्याशी की शिकायत

अंतिम चरण में अपना वोट डालने के बाद, भाजपा की सोनारपुर दक्षिण सीट की उम्मीदवार रूपा गांगुली ने बताया कि मशीन में थोड़ी सी खराबी थी। जिसे अब ठीक कर लिया गया है। उन्होंने मीडिया से बातचीत के दौरान कहा, “मशीन और बैट्री में थोड़ी सी समस्या थी। मैंने इसे तुरंत ठीक करवा दिया है।”

पिछली बार एग्जिट पोल गलत साबित हुए थे, इस बार?

2021 के विधानसभा चुनावों में, एग्जिट पोल करने वालों ने बंगाल के नतीजों को लेकर अलग-अलग अनुमान लगाए थे। एक्सिस माई इंडिया ने भाजपा और टीएमसी के बीच कांटे की टक्कर का अनुमान लगाया था, जबकि सी वोटर ने कहा था कि बंगाल की 294 सीटों में से तृणमूल को 158 सीटें मिलेंगी। वहीं, सीएनएक्स रिपब्लिक ने कहा था कि भाजपा को 143 सीटें और तृणमूल को 133 सीटें मिलेंगी। जब नतीजे घोषित हुए, तो भाजपा ने 292 सीटों में से केवल 77 सीटें जीतीं, जो उसके 200 से अधिक सीटों के लक्ष्य से कम थीं। 
  • चुनाव आयोग ने इस बार आज शाम 6:30 बजे तक एग्जिट पोल के अनुमानों पर रोक लगाई हुई है। यानी आपको बंगाल चुनाव के एग्जिट पोल शाम 6.30 के बाद मिलेंगे। चुनाव आयोग ने कहा, “आरपी अधिनियम 1951 की धारा 126ए के तहत, चुनाव आयोग ने अधिसूचित किया है कि 9 अप्रैल 2026 (गुरुवार) को सुबह 7:00 बजे से 29 अप्रैल 2026 (बुधवार) को शाम 6:30 बजे के बीच एग्जिट पोल का संचालन और प्रिंट या इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के माध्यम से उनके परिणामों का प्रसार मना है।”

दिनेश त्रिवेदी के वोट का महत्व

पूर्व केंद्रीय मंत्री और बांग्लादेश में भारत के अगले उच्चायुक्त दिनेश त्रिवेदी ने कोलकाता के एक मतदान केंद्र पर अपना वोट डाला। उन्हें हाल ही में बांग्लादेश का नया उच्चायुक्त नियुक्त किया गया है। कई दशकों में पहली बार है जब ढाका में यह महत्वपूर्ण पद किसी राजनीतिक नियुक्त व्यक्ति को सौंपा गया है। दिनेश त्रिवेदी बीजेपी से जुड़े हुए हैं। हालांकि इसे बंगाल चुनाव में बीजेपी के केंद्रीय नेतृत्व की रणनीति से जोड़कर देखा गया।

कड़े मुकाबले वाली सीटें

दूसरे चरण में आज जिन प्रमुख निर्वाचन क्षेत्रों में मतदान हो रहा है, उनमें भवानीपुर शामिल है, जहां तृणमूल की ममता बनर्जी का मुकाबला भाजपा के सुवेंदु अधिकारी से है। नंदीग्राम में भी दोनों का मुकाबला है। इसके अलावा बहरामपुर, जहां से कांग्रेस के दिग्गज नेता अधीर रंजन चौधरी 25 साल के अंतराल के बाद विधानसभा चुनाव लड़ रहे हैं।
  • पश्चिम बंगाल में अंतिम चरण का मतदान शुरू हो चुका है। कोलकाता, नंदीग्राम, उत्तर 24 परगना, दक्षिण 24 परगना, पूर्वी बर्दवान, नादिया और अन्य स्थानों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था नज़र आ रही है।
पश्चिम बंगाल से और खबरें

पीएम मोदी की मतदाताओं से अपील

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को अंतिम चरण के शेष 142 सीटों के लिए मतदान शुरू होने के तुरंत बाद बंगाल में रिकॉर्ड संख्या में मतदाताओं के आने की अपील की। पीएम मोदी ने एक ट्वीट में कहा, “मैं आज मतदान कर रहे सभी लोगों से रिकॉर्ड संख्या में वोट डालने का आग्रह करता हूं ताकि हमारा लोकतंत्र अधिक जीवंत और सहभागी बन सके। विशेष रूप से, पश्चिम बंगाल की महिलाओं और युवाओं का बड़ी संख्या में मतदान करना और अपने मताधिकार का प्रयोग करना अत्यंत आवश्यक है।”

क्या दूसरे चरण में भी रिकॉर्ड वोटिंग होगी

23 अप्रैल को हुए पहले चरण के चुनाव में 92% से अधिक मतदान हुआ था। तब 152 सीटों के लिए वोट डाले गए थे। अब देखना यह है कि दूसरे और अंतिम चरण में भी ऐसा ही मतदान होगा या नहीं। नोआपारा से भाजपा उम्मीदवार अर्जुन सिंह ने बुधवार को कहा, “यह (मतदान) पहले चरण जैसा होना चाहिए। यह चुनाव आयोग का कर्तव्य है, अगर ऐसा नहीं हो पाया तो यह उनकी विफलता है...।”