अपने सर्वोच्च नेता आयतुल्लाह अली ख़ामेनेई की मौत के बाद ईरान की इस्लामिक रिवॉल्यूशनरी गार्ड्स ने रविवार को अमेरिकी विमानवाहक पोत यूएसएस अब्राहम लिंकन पर हमला करने का दावा किया है। इसने दावा किया है कि पोत पर 4 बैलिस्टिक मिसाइलें दागीं। इसके साथ ही इसने इसराइल और खाड़ी के पड़ोसी देशों पर बैलिस्टिक मिसाइल और ड्रोन हमले किए। स्थिति बहुत गंभीर हो गई है और मध्य पूर्व में युद्ध फैलने का ख़तरा बढ़ गया है।

ईरान की इस्लामिक रिवॉल्यूशनरी गार्ड्स यानी आईआरजीसी ने स्थानीय मीडिया के ज़रिए बयान जारी किया कि 'अमेरिकी विमानवाहक पोत यूएसएस अब्राहम लिंकन को फारस की खाड़ी में 4 बैलिस्टिक मिसाइलों से निशाना बनाया गया है।' उन्होंने चेतावनी दी कि 'जमीन और समुद्र आतंकवादी हमलावरों की कब्रगाह बनते जाएंगे।' ईरान का यह दावा अभी स्वतंत्र रूप से पुष्ट नहीं हुआ है। अमेरिकी सेंट्रल कमांड यानी CENTCOM ने अभी इस हमले की पुष्टि नहीं की है, लेकिन कहा है कि ईरान के हमलों में 3 अमेरिकी सैनिक मारे गए और 5 गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
यूएसएस अब्राहम लिंकन अमेरिका का एक बड़ा विमानवाहक पोत है, जो अरब सागर में तैनात है। पोत पर हमले को ईरान ने 'ट्रू प्रॉमिस 4' ऑपरेशन का हिस्सा बताया है।

अमेरिका बोला: ईरानी जहाज डुबोया

अमेरिकी सेंट्रल कमांड ने एक्स पर पोस्ट किया कि 'ऑपरेशन एपिक फ्यूरी' की शुरुआत में ईरान के जमरान-क्लास कोरवेट जहाज पर हमला किया गया। जहाज अब ओमान की खाड़ी में चाबहार पियर के पास डूब रहा है। इसने ईरानी सेना, आईआरजीसी और पुलिस से कहा, 'हथियार डाल दो, जहाज छोड़ दो।' यह अमेरिका का जवाबी हमला है, जो ईरान के दावों के बाद आया।

ईरान के अन्य हमले

ईरान के हैदराबाद कांसुलेट ने एक्स पर पोस्ट किया कि 4 ड्रोन से जेबेल अली में अमेरिकी युद्धपोतों के लिए गोला-बारूद ले जा रहे एक मर्चेंट जहाज पर हमला किया। जहाज पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

ईरान ने बहरीन में अमेरिकी सैन्य ठिकानों पर मिसाइलें दागीं

कुवैत के अब्दुल्ला मुबारक इलाके में अमेरिकी नौसैनिक अड्डे पर 4 बैलिस्टिक मिसाइलें और 12 ड्रोन से हमला हुआ। इंफ्रास्ट्रक्चर तबाह हुआ और कई अमेरिकी सैनिक मारे-घायल हुए।

होर्मुज जलडमरूमध्य में ब्रिटिश मैरिटाइम सिक्योरिटी एजेंसी UKMTO ने बताया कि दो जहाजों पर हमला हुआ। एक ओमान के तट पर और दूसरा यूएई के तट पर।

इसराइल पर हमले

ईरान ने इसराइल पर दर्जनों बैलिस्टिक मिसाइलें और ड्रोन दागे। इसराइल के बीट शेमेश इलाके में एक मिसाइल ने आवासीय इलाके को निशाना बनाया, जिसमें कम से कम 8-9 लोग मारे गए और दर्जनों घायल हुए। इसराइल ने कई मिसाइलों को रोक लिया, लेकिन कुछ निशाने पर पहुंच गईं। इसराइल ने तेहरान पर जवाबी हमले किए और कहा कि हमले जारी रहेंगे।

पड़ोसी देशों पर हमले

ईरान ने कुवैत, बहरीन, कतर और यूएई जैसे अमेरिकी सेना की तैनाती वाले खाड़ी देशों पर भी मिसाइल और ड्रोन हमले किए। ये देश अमेरिकी अड्डों के लिए इस्तेमाल होते हैं। ईरान ने कहा कि यह ख़ामेनेई की मौत का बदला है और सबसे विनाशकारी हमला जारी रहेगा।
बता दें कि ईरान में 40 दिन का शोक चल रहा है और अंतरिम नेतृत्व परिषद देश चला रही है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि ईरान को और कड़ी कार्रवाई का सामना करना पड़ेगा। इसराइल ने नॉन-स्टॉप हमलों का ऐलान किया।

यह युद्ध अब क्षेत्रीय स्तर पर फैल गया है। जहाजों, तेल व्यापार और हवाई यात्रा पर बड़ा असर पड़ रहा है। स्थिति बहुत तेजी से बदल रही है और बड़े युद्ध का खतरा मंडरा रहा है। दुनिया भर में चिंता बढ़ गई है।