अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने संकेत दिया है कि अमेरिका ईरान के तेल पर नियंत्रण कर सकता है। ट्रंप ने खासतौर पर ईरान के मुख्य तेल निर्यात केंद्र खार्ग द्वीप पर कब्ज़ा करने का इशारा किया है।
राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने घोषणा की है कि अमेरिकी सेना ने ईरान में "कई वांछित लक्ष्यों" को नष्ट कर दिया है। मिडिल ईस्ट संघर्ष को लेकर उन्होंने अपने ट्रुथ सोशल पोस्ट में लिखा है, "ईरान के लिए बड़ा दिन। हमारी महान सेना, जो दुनिया की सबसे बेहतरीन और घातक सेना है, ने कई वांछित लक्ष्यों को नष्ट कर दिया है। भगवान आप सभी का भला करे!"
ट्रंप का यह बयान फाइनेंशियल टाइम्स को दिए गए इंटरव्यू के बाद आया है। उन्होंने एयर फ़ोर्स वन में पत्रकारों से कहा, "ईरान में सत्ता परिवर्तन हो चुका है। हम ऐसे लोगों से निपट रहे हैं जिनसे पहले कभी कोई नहीं निपटा। ये बिल्कुल अलग तरह के लोग हैं। इसलिए मैं इसे सत्ता परिवर्तन मानूंगा।" एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा, "मुझे ईरान को लेकर समझौता होने की उम्मीद है। यह जल्द ही हो सकता है।"
ईरान का तेल और खार्ग पर कब्जा मेरे पसंदीदा विकल्पः ट्रंप
इससे पहले फाइनेंशियल टाइम्स को दिए गए इंटरव्यू में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि उनका "पसंदीदा विकल्प" ईरान का तेल लेना है। उन्होंने तेहरान के मुख्य तेल निर्यात केंद्र खार्ग द्वीप पर कब्जा करने की संभावना का संकेत दिया है। यह बयान ऐसे समय आया है जब अमेरिका-इसराइल और ईरान के बीच चल रहे युद्ध ने पूरे क्षेत्र को गहरे संकट में डाल दिया है और वैश्विक तेल की कीमतों में तेज उछाल आया है।इंटरव्यू में ट्रंप ने रविवार को कहा, "मेरा पसंदीदा काम ईरान का तेल लेना होगा।" उन्होंने वेनेजुएला का उदाहरण दिया, जहां निकोलस मादुरो को पकड़ने के बाद अमेरिका तेल क्षेत्र पर "अनिश्चितकाल" के लिए नियंत्रण रखने की योजना बना रहा है। ट्रंप ने आगे कहा, "ईमानदारी से कहूं तो मेरी फेवरेट चीज है ईरान का तेल लेना, लेकिन अमेरिका में कुछ बेवकूफ लोग कहते हैं- 'तुम ये क्यों कर रहे हो?' लेकिन वे बेवकूफ लोग हैं।" ट्रंप का इशारा नो किंग्स रैलियों की ओर था।
ट्रंप के इस बयान के बाद एशियाई कारोबार में ब्रेंट क्रूड की कीमत सोमवार को 116 डॉलर प्रति बैरल से ऊपर पहुंच गई, जो युद्ध शुरू होने के बाद का सबसे ऊंचा स्तर है।
खार्ग द्वीप ईरान का सबसे महत्वपूर्ण तेल निर्यात केंद्र है, जिसके जरिए ईरान के अधिकांश तेल निर्यात किए जाते हैं। ट्रंप ने संकेत दिया कि ईरान के तेल पर कब्जे का कोई भी कदम खार्ग द्वीप पर कब्जा करने से जुड़ा होगा। उन्होंने कहा, "शायद हम खार्ग द्वीप ले लें, शायद न लें। हमारे पास बहुत सारे विकल्प हैं।"
उन्होंने द्वीप पर ईरान की रक्षा क्षमता को खारिज करते हुए कहा, "मुझे नहीं लगता कि उनके पास कोई रक्षा है। हम इसे बहुत आसानी से ले सकते हैं।" हालांकि, उन्होंने यह भी माना कि ऐसा कदम उठाने पर अमेरिका को वहां कुछ समय तक रहना पड़ेगा।
ईरान के कालीबाफ का कड़ा बयान
ईरानी संसद के अध्यक्ष एमबी कालीबफ ने एक बयान में कहा, "दुश्मन खुलेआम बातचीत और संवाद के संदेश भेज रहा है, जबकि गुपचुप तरीके से ज़मीनी हमले की योजना बना रहा है।" उन्होंने आगे कहा, "हमारे सैनिक अमेरिकी सैनिकों के ज़मीन पर आने का इंतज़ार कर रहे हैं ताकि उन्हें जलाकर राख कर उनके क्षेत्रीय सहयोगियों को हमेशा के लिए दंडित कर सकें।"
पेंटागन ने क्षेत्र में सैनिकों की तैनाती तेज कर दी है। लगभग 10,000 जवान, जो जमीनी अभियानों के लिए प्रशिक्षित हैं, तैनात किए जा रहे हैं। इनमें से करीब 3,500 जवान शुक्रवार को पहुंच चुके हैं, जिनमें लगभग 2,200 मरीन्स शामिल हैं। अन्य 2,200 मरीन्स रास्ते में हैं, साथ ही 82वीं एयरबोर्न डिवीजन के हजारों सैनिक भी।
ट्रंप ने अप्रैल 6 तक ईरान को संघर्ष समाप्त करने के लिए शर्तें मानने की डेडलाइन दी है, वरना अमेरिका उसके ऊर्जा ढांचे पर और हमले करेगा। उन्होंने कहा कि अमेरिका ने अब तक 13,000 लक्ष्यों पर बमबारी की है और करीब 3,000 लक्ष्य अभी बाकी हैं। "एक डील जल्दी से बन सकती है।"
ट्रंप ने दावा किया कि ईरान ने पाकिस्तान-ध्वज वाले तेल टैंकरों को हार्मुज जलडमरूमध्य से गुजरने की अनुमति दी है, जिसे उन्होंने वाशिंगटन को "उपहार" बताया। उन्होंने कहा कि यह संख्या 10 से बढ़कर 20 हो गई है और टैंकर "सीधे जलडमरूमध्य के बीच से" गुजर रहे हैं। ट्रंप ने ईरानी संसद स्पीकर मोहम्मद बाक़िर कालीबाफ का नाम लिया और कहा कि उन्होंने ही इन जहाजों को मंजूरी दी। हालांकि, यह दावा स्वतंत्र रूप से सत्यापित नहीं हो सका।
ईरान में खामेनेई और अन्य की हत्या के बाद शासन बदल चुका हैः ट्रंप
ट्रंप ने यह भी दावा किया कि लंबे समय तक ईरान के सुप्रीम लीडर अली खामेनेई और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों की हत्या के बाद ईरान में "शासन परिवर्तन" हो चुका है। उन्होंने कहा, "हम जिन लोगों से बात कर रहे हैं, वे पूरी तरह अलग समूह के लोग हैं... वे बहुत प्रोफेशनल हैं।" ट्रंप ने अली खामेनेई के बेटे और नए सर्वोच्च नेता मुजतबा खामेनेई के बारे में कहा कि वे या तो मारे जा चुके हैं या बुरी तरह घायल हैं, क्योंकि उनसे कोई संपर्क नहीं हो पा रहा। हालांकि, तेहरान ने दावा किया है कि देश का नेतृत्व बरकरार है और सुप्रीम लीडर सुरक्षित हैं।हाल के दिनों में संघर्ष और बढ़ा है। शुक्रवार को सऊदी अरब के एक एयर बेस पर हमले में 12 अमेरिकी सैनिक घायल हुए और 270 मिलियन डॉलर कीमत वाला एक अमेरिकी ई-3 सेंट्री निगरानी विमान क्षतिग्रस्त हो गया। साथ ही, यमन के हूती विद्रोहियों ने इजराइल की ओर बैलिस्टिक मिसाइल दागी, जिससे व्यापक वृद्धि की आशंका बढ़ गई है।
ट्रंप ने कहा कि पाकिस्तानी मध्यस्थों के जरिए अमेरिका और ईरान के बीच अप्रत्यक्ष बातचीत चल रही है और प्रगति हो रही है। हार्मुज जलडमरूमध्य को फिर से खोलने वाले किसी भी संभावित युद्धविराम पर उन्होंने कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी।
बहरहाल, खार्ग द्वीप पर कब्जे का कोई भी प्रयास अमेरिकी सैनिकों के लिए ज्यादा हताहत और संघर्ष को लंबा खींच सकता है। विशेषज्ञों का मानना है कि इससे वैश्विक ऊर्जा संकट और गहरा हो सकता है। ईरान ने पहले ही चेतावनी दी है कि वह किसी भी ऐसे कदम का कड़ा जवाब देगा।