कांग्रेस ने सोमवार को चुनाव आयोग में मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा की उम्मीदवारी रद्द करने की मांग करते हुए शिकायत दर्ज कराई। पार्टी का आरोप है कि सरमा ने अपने चुनावी हलफनामे में अपनी पत्नी की कथित विदेशी संपत्तियों का खुलासा नहीं किया। यह शिकायत एक दिन बाद आई है जब पार्टी ने रविवार को सवाल उठाए थे कि क्या हिमंता के परिवार के पास दुबई में संपत्ति है, अमेरिका के व्योमिंग में कंपनियां हैं, या उन्होंने फर्जी कंपनियों के माध्यम से संपत्ति का लेन-देन किया है। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को दिए गए ज्ञापन में, सरमा की जलुकबारी से प्रतिद्वंद्वी बिदिशा नियोग ने भी इस तरह की जानकारी छिपाने के आरोप की जांच की मांग की।
नियोग ने अपनी शिकायत में कहा- “सरमा के हलफनामे में प्रपत्र 26 में स्पष्ट वैधानिक निर्देशों के बावजूद किसी भी अपतटीय या विदेशी संपत्ति का खुलासा नहीं किया। दुबई भूमि विभाग के दस्तावेजी साक्ष्य से यह सिद्ध होता है कि उम्मीदवार की पत्नी रिनिकी भुयां शर्मा, दुबई, यूएई के अल बरशा साउथ फोर्थ में स्थित दो मूल्यवान संपत्तियों की मालिक/वास्तविक धारक हैं।” उन्होंने सरमा की पत्नी के स्वामित्व वाली दो संपत्तियों का उल्लेख किया और कहा कि “जानबूझकर जानकारी छिपाना” अनिवार्य आवश्यकताओं का उल्लंघन है और इससे नामांकन रद्द होने का खतरा है।
कांग्रेस उम्मीदवार ने मांग की, “अपतटीय संपत्तियों को छिपाने के मामले में तत्काल जांच कराई जाए, हिमंता बिस्वा सरमा का नामांकन लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम, 1951 की धारा 36 के तहत रद्द किया जाए और धारा 125ए के तहत उचित कार्यवाही शुरू की जाए।”

ईडी में सरमा की पत्नी के खिलाफ मनी लान्ड्रिंग का आरोप

कांग्रेस ने प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) में शिकायत दर्ज कराकर असम के मुख्यमंत्री की पत्नी द्वारा कथित तौर पर दुबई और अमेरिका के व्योमिंग में अघोषित संपत्तियों के संचालन के लिए धन शोधन निवारण अधिनियम, 2002 के तहत मामला दर्ज करने का आग्रह किया है।
कांग्रेस मीडिया एवं प्रचार समिति के अध्यक्ष पवन खेड़ा ने रविवार को आरोप लगाया कि असम के मुख्यमंत्री की पत्नी के पास संयुक्त अरब अमीरात, मिस्र और एंटीगुआ-बारबुडा के तीन पासपोर्ट, दुबई में दो संपत्तियां और अमेरिका में फर्जी कंपनियों में संपत्तियां हैं।

गोगोई का जबरदस्त हमला, कसम खाई, हिमंता से पूछे 5 सवाल

असम में चुनावी रैली के बाद मीडियाकर्मियों से बात करते हुए, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गौरव गोगोई ने हिंमता सरमा से सवाल किया कि क्या वह अपने राजनीतिक प्रतिद्वंद्वियों के बारे में "झूठ" फैलाते हुए विदेशों में अपने व्यापारिक हितों और संपत्तियों को छिपा रहे हैं। गोगोई ने कहा, "मैंने यह बात कल भी कही थी और अब फिर दोहरा रहा हूँ - मैं भगवद् गीता पर शपथ लेकर कह सकता हूँ कि सरमा के आरोपों के अनुसार लंदन में मेरी कोई संपत्ति नहीं है। क्या वह ऐसा कर सकते हैं? मैं उन्हें चुनौती देता हूँ कि वे मेरे सामने आएं और भगवद् गीता पर शपथ लेकर यही बात साबित करें।"
गौरव गोगोई के सवाल
  • क्या हिमंता सरमा की पत्नी के पास दुबई का गोल्डन वीजा है?
  • क्या गोल्डन वीजा भारतीय पासपोर्ट पर जारी किया गया है?
  • क्या हिमंता बिस्वा सरमा के परिवार के किसी सदस्य की दुबई में कोई संपत्ति है?
  • क्या हिमंता बिस्वा सरमा के परिवार का कोई सदस्य विदेश में व्यवसाय करता है?
  • क्या हिमंता बिस्वा सरमा ने अपने चुनावी शपथ पत्र में विदेश में अपनी या अपने परिवार की संपत्ति का खुलासा किया है?
  • गौरव गोगोई ने कहा कि अगर हिमंता बिस्वा सरमा के पास छिपाने के लिए कुछ नहीं है, तो उन्हें जांच का स्वागत करना चाहिए।
गोगोई ने कहा कि अगर कांग्रेस सत्ता में आई तो शर्मा से जुड़ी सभी कथित अवैध संपत्तियों, व्यवसायों और नेटवर्क की जांच कराई जाएगी और कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

हिमंत बिस्वा शर्मा का जवाब

मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा शर्मा ने सोमवार सुबह गुवाहाटी में प्रेस कॉन्फ्रेंस में इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि कांग्रेस ने पाकिस्तान से जुड़े सोशल मीडिया ग्रुप "Pakistanis in Ajman" से प्राप्त फर्जी दस्तावेजों के आधार पर ये आरोप लगाए हैं। उन्होंने दावा किया कि उनकी पत्नी की फोटो किसी खोए पासपोर्ट पर मॉर्फ की गई है।
शर्मा ने कहा कि ये आरोप चुनाव परिणामों को प्रभावित करने के लिए लगाए गए हैं, जो कानून के तहत दंडनीय है। उन्होंने बताया कि उनकी पत्नी रिंकी भुइयां शर्मा ने कांग्रेस प्रवक्ता पवन खेड़ा के खिलाफ पुलिस में शिकायत (FIR) दर्ज कराई है। रिंकी भुइयां शर्मा ने भी अलग से बयान जारी कर आरोपों से इनकार किया और कहा कि न तो वे, न उनके बच्चे और न ही उनके पति के पास भारत के बाहर कोई व्यवसाय या संपत्ति है।