बिहार के नालंदा स्थित शीतला माता मंदिर में मंगलवार 31 मार्च को ज्यादा भीड़भाड़ के कारण भगदड़ मच गई। जिसमें आठ महिलाओं की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए। सरकार ने जांच का आदेश दिया है।
बिहारः नालंदा के मंदिर में भगदड़ से कई महिलाओं की मौत
बिहार के नालंदा जिले में शीतला मंदिर में मंगलवार को धार्मिक आयोजन के दौरान भगदड़ में कम से कम आठ महिलाओं की मौत हो गई, जबकि कई अन्य लोग घायल हो गए। प्रयागराज के कुंभ मेले में काफी मौतों के बावजूद धार्मिक स्थलों पर भीड़ मैनेजमेंट के लिए कोई पुख्ता इंतज़ाम सरकारी नियम कानून के तहत कहीं नहीं किए जा रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, मंदिर में पूजा-अर्चना के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु एकत्रित हुए थे। भीड़ इतनी अधिक हो गई कि भगदड़ जैसी स्थिति पैदा हो गई, जिसमें कई लोग कुचल गए। इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना में आठ महिलाओं की जान चली गई। घटनास्थल पर भीड़ नियंत्रण का कोई इंतज़ाम नहीं था। हालांकि यह आयोजन जिला प्रशासन की जानकारी में था लेकिन हर स्तर पर लापरवाही बरती गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारियों ने स्थानीय ग्रामीणों के साथ मिलकर मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया। घटनास्थल से मिले विजुअल्स में मंदिर परिसर में भारी भीड़ दिखाई दे रही है। यह घटना मंगलवार को हुई। फिलहाल मरने वालों के नाम और उम्र की जानकारी उपलब्ध नहीं है। घायलों का इलाज किस अस्पताल में चल रहा है, इसकी विस्तृत जानकारी भी अभी सामने नहीं आई है।
मंदिर फिलहाल बंद
पुलिस ने बचाव कार्य तेज कर दिया है और स्थिति को नियंत्रित करने के प्रयास जारी हैं। अधिकारियों ने मंदिर को बंद कर दिया है। मुख्यमंत्री मरने वालों के परिवारों को 6-6 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। जिला प्रशासन ने मृतकों के परिवार के प्रति संवेदनाएं जताई हैं।
बिहार सरकार का बयान
बिहार के मंत्री विजय कुमार चौधरी ने घटना पर बयान देते हुए कहा, "...मंदिर के मेले में हुई भगदड़ में आठ लोगों की मौत की सूचना है। यह एक हृदयविदारक घटना है। मुख्यमंत्री ने इस घटना का संज्ञान लिया है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि सभी राहत कार्य तुरंत शुरू किए जाएं। मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार, मृतकों के सभी परिजनों को आपदा राहत कोष से 4 लाख रुपये और मुख्यमंत्री राहत कोष से 2 लाख रुपये प्रत्येक की अनुग्रह राशि दी जाएगी; यानी कुल 6 लाख रुपये प्रति परिवार। घायलों के इलाज का खर्च सरकार वहन करेगी...।"