AAP MLA Kuldeep Kumar Detained कल्याणपुरी में सफाई कर्मचारी की हत्या के खिलाफ धरने पर बैठे AAP विधायक कुलदीप कुमार को पुलिस ने हिरासत में लिया। AAP का पुलिस पर जबरन दाह संस्कार का आरोप।
आम आदमी पार्टी के विधायक कुलदीप कुमार
पूर्वी दिल्ली के कल्याणपुरी इलाके में ऑन-ड्यूटी एमसीडी (MCD) सफाई कर्मचारी अनिल कुमार की दिनदहाड़े चाकू मारकर की गई हत्या के मामले में राजनीतिक और प्रशासनिक स्तर पर बड़ा तनाव पैदा हो गया है। आम आदमी पार्टी (AAP) ने आरोप लगाया है कि कोंडली से उनके विधायक कुलदीप कुमार को आज मंगलवार तड़के 4:00 बजे करीब 20 सादे कपड़ों में आए पुलिसकर्मियों ने धरना स्थल से उठा लिया और अज्ञात स्थान पर ले गए।
27 वर्षीय एमसीडी सफाई कर्मचारी अनिल कुमार की कल्याणपुरी में कचरा उठाने के दौरान अज्ञात हमलावर ने चाकू गोदकर हत्या कर दी थी। घटना के बाद से ही आप विधायक कुलदीप कुमार, मृतक के परिजनों और हजारों सफाई कर्मचारियों के साथ लाल बहादुर शास्त्री (LBS) अस्पताल के बाहर लगातार दूसरे दिन भी धरने पर बैठे थे।
AAP के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज का दावा है कि आज तड़के सुबह 4:00 बजे 20 से अधिक सादे कपड़ों में आए पुलिसकर्मियों ने विधायक कुलदीप कुमार को हिरासत में लिया या "अज्ञात स्थान" पर ले गए। पुलिस एलबीएस अस्पताल के मोर्चरी से अनिल का शव उसके घर ले गई है। आरोप लगाया जा रहा है कि पुलिस प्रशासन परिजनों पर तुरंत और बिना मांगों को पूरा किए शव का अंतिम संस्कार करने का दबाव बना रहा है। समर्थकों ने इसे हाथरस कांड जैसी स्थिति की पुनरावृत्ति बताया है।
विधायक कुलदीप कुमार ने हिरासत में लिए जाने से पहले कहा था कि दिल्ली में कानून-व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है और गरीब व दलित समाज के लोगों की सुरक्षा खतरे में है। उन्होंने सभी सफाईकर्मियों से इस मामले को उठाने को कहा था।
मृत सफाईकर्मी अनिल की बहन सुनीता ने कहा कि "मेरा भाई सुबह 7 बजे अपनी ड्यूटी पर गया था। काम करते वक्त पीछे से किसी ने उस पर चाकू से वार कर दिया। वह अपने घर का अकेला कमाने वाला सदस्य था। हमें न्याय चाहिए।" उन्होंने कहा कि हमारे परिवार को ₹1 करोड़ का मुआवजा दिया जाए। परिवार के एक सदस्य को पक्की सरकारी नौकरी मिले। आरोपी की जल्द से जल्द गिरफ्तारी हो और मामला फास्ट-ट्रैक कोर्ट में चलाकर फांसी की सजा दी जाए।