दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट ने शुक्रवार को दिल्ली शराब नीति मामले में आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक और पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल तथा पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया सहित सभी आरोपियों को आरोपों से मुक्त कर दिया है। कोर्ट ने सीबीआई की चार्जशीट को खारिज करते हुए कहा कि "आबकारी नीति में कोई व्यापक साजिश या आपराधिक इरादा नहीं था" और आरोपों के समर्थन में कोई पर्याप्त सबूत नहीं मिले।

यह फैसला दिल्ली आबकारी नीति घोटाले के लंबे चल रहे मामले में बड़ा मोड़ माना जा रहा है। 2021-22 में आप सरकार द्वारा लागू की गई नई शराब नीति का उद्देश्य पुरानी व्यवस्था से अधिक राजस्व उत्पन्न करना था, लेकिन बाद में इसे वापस ले लिया गया था। इस नीति को लेकर भ्रष्टाचार के आरोप लगे थे, जिसके चलते सीबीआई ने जांच शुरू की और कई प्रमुख आप नेताओं को गिरफ्तार किया गया था।

केजरीवाल भावुक, आंसू निकले

फैसले के बाद अरविंद केजरीवाल भावुक हो गए और उन्होंने आंसू बहाते हुए कहा कि "सच की जीत हुई है।" उन्होंने कहा, "मैं भ्रष्ट नहीं हूं। कोर्ट ने कहा है कि केजरीवाल और मनीष सिसोदिया ईमानदार हैं।" यह मामला पिछले लगभग दो वर्षों से राजनीतिक सुर्खियों में बना हुआ था, जिसमें केजरीवाल और सिसोदिया सहित कई अन्य आरोपियों को जेल भी जाना पड़ा था।

ताज़ा ख़बरें
कोर्ट ने अपने आदेश में कहा कि सीबीआई द्वारा दायर चार्जशीट विस्तृत तो है, लेकिन उसमें कई खामियां हैं और गवाहों या बयानों से आरोपों की पुष्टि नहीं होती। अदालत ने सीबीआई की जांच पर भी सवाल उठाए और कहा कि निष्पक्ष सुनवाई के लिए निष्पक्ष जांच जरूरी है।

कोर्ट ने कुल 23 आरोपियों को इस मामले में डिस्चार्ज कर दिया है। यह फैसला आप पार्टी के लिए बड़ी राहत माना जा रहा है। मामले की आगे की स्थिति पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं। पिछले विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी की हार का एक बड़ा कारण उसके शीर्ष नेताओं को उत्पाद शुल्क नीति से जुड़ी समस्याओं का सामना करना पड़ा था।


सिसोदिया की प्रतिक्रिया

पूर्व डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया ने अपनी प्रतिक्रिया एक्स पर दी। उन्होंने लिखा है- सत्यमेव जयते। आज एक बार फिर बाबा साहेब अम्बेडकर जी की दूरदर्शी सोच और उनके बनाए संविधान पर फ़ख़्र महसूस हो रहा है। मोदी जी की पूरी पार्टी और सारी एजेंसियों की हमें बेईमान साबित करने की तमाम कोशिशों के बावजूद आज साबित हो गया कि अरविंद केजरीवाल - मनीष सिसोदिया कट्टर ईमानदार है।

नरेंद्र मोदी देश से माफी मांगेंः संजय सिंह

आप सांसद संजय सिंह ने कहा कि कोर्ट ने हमारे नेताओं को बरी कर दिया। ये साबित हो गया की देश की सत्ता पर एक खतरनाक षड्यंत्रकारी राज कर रहा है। जिसने साजिश रच कर देश के सबसे लोकप्रिय ईमानदार मुख्यमंत्री अरविन्द केजरीवाल, सबसे योग्य ईमानदार शिक्षा मंत्री मनीष सिसोदिया, सबसे बेहतरीन ईमानदार पार्टी आम आदमी पार्टी को को बदनाम किया। हमारे नेताओं को जेल में यातनाएँ दी। देश से माफ़ी माँगो नरेंद्र मोदी।

सुनीता केजरीवाल ने ये कहा

केजरीवाल की पत्नी सुनीता केजरीवाल ने अपनी प्रतिक्रिया एक्स पर लिखी। उन्होंने कहा- इस संसार में कोई कितना भी शक्तिशाली हो जाये,शिव शक्ति से ऊपर नहीं हो सकता। सच की हमेशा जीत होती है ।