राघव चड्ढा आम आदमी पार्टी के लिए कितना घातक हैं? उन्होंने कहा है कि 'घायल हूँ इसलिए घातक हूँ'। आप से तनातनी के बीच धुरंधर फिल्म का यह डायलॉग उन्होंने जिस अंदाज़ में बोला है, क्या यह आप के लिए बड़ी चेतावनी है? क्या उनके पास बड़े राज हैं जिससे वह पार्टी के लिए घातक होने की चेतावनी दे रहे हैं?
वह कितने घातक हैं, यह समझने से पहले यह जान लीजिए कि आख़िर राघव चड्ढा ने यह चेतावनी क्यों दी और पार्टी से उनकी तनातनी क्यों है। दरअसल, यह तनातनी खुलकर तब सामने आ गई जब आप ने चड्ढा को राज्यसभा में उप नेता के पद से हटा दिया और राज्यसभा सचिवालय को चिट्ठी लिखकर कहा कि राघव को पार्टी की तरफ़ से बोलने का समय न दिया जाए। इस पर चड्ढा ने पार्टी पर हमला बोला तो आम आदमी पार्टी ने उनपर कई आरोप मढ़ दिए। अब इन्हीं आरोपों का जवाब राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा ने दिया है। उन्होंने एक वीडियो संदेश में आप पर ‘झूठ’ फैलाने का आरोप लगाया और कहा कि ये सब एक समन्वित हमला है, जिसका मक़सद संसद में उनकी आवाज़ को दबाना है।
राघव चड्ढा ने वीडियो में कहा, 'मैं बोलना नहीं चाहता था, लेकिन चुप रहता तो बार-बार दोहराया गया झूठ भी सच लगने लगता। तीन आरोप, शून्य सच्चाई।' उन्होंने कहा कि आप ने उन पर तीन झूठे आरोप लगाए हैं, जो बेबुनियाद, चुनिंदा और उन्हें चुप कराने के लिए हैं।

राघव चड्ढा का पलटवार

  • आप ने कहा था कि जब विपक्ष संसद से वॉकआउट करता है तो राघव चड्ढा नहीं जाते। राघव ने कहा, 'यह पूरा झूठ है, सफेद झूठ। मैं चुनौती देता हूं- संसद में हर जगह सीसीटीवी कैमरा लगा है। कोई एक भी मौका दिखाओ जब विपक्ष वॉकआउट कर रहा हो और मैं उनके साथ नहीं गया।'
  • आप ने कहा था कि राघव ने सीईसी के खिलाफ महाभियोग का प्रस्ताव साइन करने से इनकार कर दिया। राघव ने जवाब दिया, 'दूसरा सफेद झूठ। न तो किसी ने मुझे फॉर्मल तरीके से पूछा, न अनौपचारिक। पार्टी के 10 सांसदों में से 6-7 ने भी साइन नहीं किए। फिर मेरी गलती क्या है? मुझे क्यों निशाना बनाया जा रहा है?'
  • आप ने कहा था कि राघव डरे हुए हैं, इसलिए वे सरकार या बीजेपी के ख़िलाफ़ मुद्दे नहीं उठाते। राघव ने कहा, 'मैं संसद में चिल्लाने, माइक तोड़ने या गाली देने नहीं गया हूं। मैं वहां आम लोगों के मुद्दे उठाने गया हूं। जीएसटी से लेकर इनकम टैक्स, पंजाब का पानी, दिल्ली की हवा, सरकारी स्कूल, पब्लिक हेल्थ, रेलवे यात्रियों की समस्या, महिलाओं का मासिक धर्म लीव, बेरोजगारी, महंगाई, इन सारे मुद्दों को मैंने उठाया है। मेरे 4 साल के संसद के रिकॉर्ड देख लीजिए।'

वीडियो के अंत में राघव चड्ढा ने फ़िल्म धुरंधर का ज़िक्र करते हुए कहा, 'जो लोग मुझे झूठा बता रहे हैं, उनके सारे झूठ जल्द खुलेंगे। घायल हूँ इसलिए घातक हूं।'

आप ने राघव पर क्या कहा था?

चड्ढा की यह चेतावनी तब आई है जब आप ने शुक्रवार को उनपर जबर्दस्त हमला बोला। सौरभ भारद्वाज ने कहा कि सरकार 'सॉफ्ट पीआर' की परवाह नहीं करती। छोटी पार्टी का समय सीमित है, इसलिए देश के बड़े मुद्दों पर बोलना चाहिए, समोसे पर नहीं। उन्होंने आरोप लगाया कि राघव विपक्ष के साथ वॉकआउट नहीं करते, सीईसी के महाभियोग प्रस्ताव पर साइन नहीं किए और पंजाब के मुद्दे नहीं उठाते। आतिशी ने एक्स पर वीडियो पोस्ट कर पूछा, 'क्या आप बीजेपी और नरेंद्र मोदी से डरते हैं कि उन पर सवाल नहीं उठाते? शायद आप जेल जाने से डरते हैं, लेकिन हम अरविंद केजरीवाल के सिपाही हैं और हम नहीं डरते।' इनके साथ ही संजय सिंह से लेकर भगवंत मान तक ने चड्ढा पर हमला बोला।

घातक कैसे, क्या राज दबाए बैठे हैं चड्ढा?

राघव चड्ढा आम आदमी पार्टी में लंबे वक़्त से हैं। वे आप के शुरुआती दिनों से यानी 2012 से पार्टी के साथ हैं। वह केजरीवाल के बेहद क़रीबी रहे हैं। वह कई अहम पदों पर और कोर समूह में रहे हैं। यानी इतने लंबे वक़्त में उनके पास पार्टी की अंदरूनी जानकारी काफ़ी ज़्यादा हो सकती है।
चड्ढा राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष रहे। 2012-2015 के आसपास पार्टी के पैसे का हिसाब-किताब रखते थे। वह दिल्ली जल बोर्ड के उपाध्यक्ष भी रहे। 2022 से पंजाब से राज्यसभा सांसद हैं। पार्टी की रणनीति बनाने में शामिल रहे हैं। कहा जाता है कि कोषाध्यक्ष रहते हुए पार्टी के फंड, चंदा और खर्च का पूरी जानकारी उनके पास रही होगी। वे केजरीवाल के अंदरूनी लोगों में थे, इसलिए बड़े फ़ैसलों की अंदरूनी बातें भी जानते होंगे।

क्या वे आप के राज खोलेंगे?

अभी तक उन्होंने कोई बहुत बड़ा राज नहीं खोला है, लेकिन उनका 'घायल हूँ इसलिए घातक हूँ' वाला बयान साफ धमकी है। वे कह रहे हैं कि अब चुप रहने वाले नहीं हैं। वह खुद ही जता रहे हैं कि वह आप में अब 'घायल शेर' बन गए हैं। उनके पास अंदर की जानकारी है, इसलिए आप के लिए यह स्थिति थोड़ी मुश्किल हो सकती है।