दिल्ली में आज से 'येलो' अलर्ट की घोषणा कर दी गई है। अब राष्ट्रीय राजधानी में सिनेमा हॉल और जिम बंद रहेंगे जबकि मॉल को ऑड-ईवन आधार पर सुबह 10 बजे से रात आठ बजे तक खोला जा सकता है।
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने येलो अलर्ट की घोषणा की। उन्होंने कहा, 'चूँकि पिछले कुछ दिनों से कोरोना की पॉजिटिविटी दर 0.5% से ऊपर रही है, इसलिए हम ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान के लेवल-I यानी येलो अलर्ट को लागू कर रहे हैं। प्रतिबंधों को लागू करने का विस्तृत आदेश जल्द ही जारी किया जाएगा।'
ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान के अनुसार, यदि पॉजिटिविटी दर लगातार दो दिनों तक 0.5% रहती है तो 'येलो' अलर्ट जारी किया जाता है। येलो अलर्ट का मतलब है कि कई तरह के प्रतिबंध लगाए जा सकते हैं।
ओमिक्रॉन वैरिएंट के ख़तरे और कोरोना संक्रमण के मामले बढ़ने के बीच राजधानी में सोमवार से ही रात का कर्फ्यू लागू हो गया है। अब कर्फ्यू रात 10 बजे से सुबह पाँच बजे तक रहेगा। दिल्ली में अब तक 165 ओमिक्रॉन के मामले आ चुके हैं। राष्ट्रीय राजधानी में हर रोज़ 300 से भी ज़्यादा केस आने लगे हैं।
21 राज्यों में ओमिक्रॉन फैला
देश में अब तक ओमिक्रॉन वैरिएंट के 653 मामलों की पुष्टि हो चुकी है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने मंगलवार को कहा है कि अब तक 21 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में इस नये वैरिएंट के मामले पहुँच चुके हैं। अब तक आए इन मामलों में से 186 लोग ठीक हो गए हैं या पलायन कर चुके हैं। एक दिन पहले तक देश में ओमिक्रॉन संक्रमितों की संख्या 578 थी और कुल मिलाकर 151 मरीज ठीक हुए थे।
महाराष्ट्र में सबसे अधिक नये वैरिएंट के 167 मामले दर्ज किए गए। इसके बाद दिल्ली में 165, केरल में 57, तेलंगाना में 55, गुजरात में 49, राजस्थान में 46, तमिलनाडु में 34 और कर्नाटक में 31 मामले दर्ज किए गए हैं। इनके अलावा मध्य प्रदेश, ओडिशा, आंध्र प्रदेश, पश्चिम बंगाल, हरियाणा, उत्तराखंड, चंडीगढ़, जम्मू कश्मीर, उत्तर प्रदेश, गोवा, हिमाचल प्रदेश, लद्दाख और मणिपुर में भी ओमिक्रॉन वैरिएंट के मामले दर्ज किए गए हैं।