शनिवार 30 मई को CUET परीक्षा देने आए लाखों छात्रों को वापस लौटना पड़ा। परीक्षा केंद्रों के सिस्टम पर परीक्षा पेपर अपलोड न होने की वजह से यह परीक्षा नहीं हो सकी। एनटीए पर इस परीक्षा को कराने की जिम्मेदारी है।
शनिवार को सीईयूटी की परीक्षा तकनीकी वजहों से नहीं हो सकी।
देश में तमाम सेंटरों पर सीयूईटी परीक्षा तकनीकी कारणों से शनिवार 30 मई को नहीं हो सकी। हालांकि एनटीए का दावा है कि सिर्फ कुछ सेंटरों पर ही यह परीक्षा नहीं हो सकी। लेकिन सोशल मीडिया पर जिस तरह से छात्र अपने-अपने सेंटरों की फोटो डाल रहे हैं, उससे पता चलता है कि पटना से लेकर नोएडा और चेन्नई और हैदराबाद तक में यह परीक्षा वहां के सेंटरों पर नहीं हो सकी। परीक्षा कराने वाली एजेंसी एनटीए ने अब ऐसे सेंटरों पर प्रभावित हुए छात्रों के लिए संशोधित परीक्षा कार्यक्रम जारी किया है। तमाम सेंटरों पर छात्र प्रदर्शन कर रहे हैं। नेता विपक्ष राहुल गांधी ने सरकार पर हमला बोला है।
सरकारी बयान
NTA ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' पर एक पोस्ट के जरिए जानकारी दी कि उनके एग्जाम पार्टनर मैसेज टीसीएस (M/s TCS) की ओर से एक तकनीकी गड़बड़ी की रिपोर्ट मिली थी। इस गड़बड़ी की वजह से 30 मई 2026 को कुछ केंद्रों पर परीक्षा समय से शुरू नहीं हो सकी।हालांकि, NTA ने साफ किया कि अब इस समस्या को पूरी तरह से ठीक कर लिया गया है। एजेंसी ने छात्रों को भरोसा दिलाया है कि प्रभावित उम्मीदवारों को परीक्षा के लिए पूरा प्रतिपूरक समय (compensatory time) दिया जा रहा है ताकि किसी भी छात्र का नुकसान न हो।
| विवरण | पुराना समय | नया/संशोधित समय |
| रिपोर्टिंग / केंद्र में एंट्री | — | दोपहर 2:30 बजे से |
| परीक्षा की शुरुआत | दोपहर 3:00 बजे | शाम 4:00 बजे से |
NTA ने यह भी बताया कि सुबह के सत्र (Morning Session) वाले छात्रों को भी पेपर हल करने के लिए पूरा समय दिया जा रहा है और वे अपना पेपर पूरा करने के बाद ही परीक्षा केंद्र से बाहर निकल सकेंगे। इस असुविधा के लिए NTA ने छात्रों और उनके अभिभावकों से खेद जताया है।
इससे पहले, NTA ने गुरुवार को ईद-उल-अजहा (Bakrid) की छुट्टी के कारण 28 मई को होने वाली CUET UG 2026 परीक्षाओं को स्थगित कर दिया था। नई परीक्षा तिथियां: रीशेड्यूल की गई परीक्षाएं 30 मई, 6 जून और 7 जून 2026 को आयोजित की जा रही हैं।
एडमिट कार्ड आधिकारिक वेबसाइट cuet.nta.nic.in पर जारी कर दिए गए हैं। 6 और 7 जून की परीक्षाओं के एडमिट कार्ड भी जल्द ही जारी किए जाएंगे।
सोशल मीडिया पर छात्र निकाल रहे गुस्सा
सोशल मीडिया पर छात्रों का गुस्सा सामने आ रहा है। वो एनटीए की इस सफाई को स्वीकार नहीं कर रहे हैं कि टीसीएस की तकनीकी दिक्कत के कारण परीक्षा नहीं हो सकी। उनका कहना है कि फिर एनटीए की अपनी तैयारी क्या थी। क्या पेपर अपलोड चेक करने की जिम्मेदारी एनटीए की नहीं है।
नीट (NEET) पेपर लीक विवाद के कारण एनटीए पर छात्रों का भरोसा टूट चुका है। इसलिए भी उनका गुस्सा बाहर आ रहा है। शनिवार को तमाम सेंटरों पर छात्रों ने प्रदर्शन किए। पिछले हफ्ते SSC GD परीक्षा भी रद्द हो गई थी। परीक्षा तमाम गंभीर आरोपों और विसंगतियों के बाद रद्द करनी पड़ी, जिससे लाखों युवाओं का समय बर्बाद हुआ। इसी तरह CBSE नतीजों में विसंगतियां सामने आने के बाद सरकार पर भी लोगों का गुस्सा निकल रहा है।
एनटीए का कहना है कि उसके इन्फ्रास्ट्रक्चर पर दबाव है। NTA के आंकड़ों के अनुसार, इस साल CUET-UG के लिए कुल 15.68 लाख से अधिक छात्रों ने रजिस्ट्रेशन कराया है। सबसे खास बात यह है कि कुल आवेदकों में से लगभग 43% छात्र अकेले उत्तर प्रदेश, बिहार और दिल्ली से हैं। इस भारी संख्या के कारण इन राज्यों के परीक्षा केंद्रों और कंप्यूटर इंफ्रास्ट्रक्चर पर अत्यधिक दबाव है, जो कभी-कभी तकनीकी धीमी गति (Server Slowdown) का कारण बनता है।
नेता विपक्ष राहुल गांधी की तीखी प्रतिक्रिया
कांग्रेस सांसद और नेता विपक्ष राहुल गांधी ने सीयूईटी परीक्षा में अव्यवस्था को लेकर सरकार पर हमला बोला है। राहुल ने एक्स पर लिखा है- चार परीक्षाएँ। एक करोड़ बच्चे। एक भी ईमानदारी से नहीं हो पाई। दावे "विश्वगुरु" के, मगर देश में एक परीक्षा नहीं करवा सकते -NEET। CBSE। SSC। और आज CUET। मोदी जी ने पूरी शिक्षा व्यवस्था तबाह कर दी है। जिस पीढ़ी का भविष्य आप बर्बाद कर रहे हैं - वही पीढ़ी आपका हिसाब करेगी।