सोशल मीडिया पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी की एक रील वायरल है। मोदी ने मेलोनी को मशहूर मेलोडी टॉफी गिफ्ट में दी। मेलोनी ने सोशल मीडिया पर लिखा- थैंक यू। दोनों के कई फोटो भी सोशल मीडिया पर छाए हुए हैं।
पीएम मोदी ने इटली की प्रधानमंत्री मेलोनी को टॉफी का पैकेट भेंट किया
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इटली की अपनी पांच देशों की यात्रा के अंतिम चरण में रोम पहुंचे। यहां इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी के साथ उनकी मुलाकात के दौरान मजेदार पल देखने को मिला। वो पल वीडियो के रूप में सोशल मीडिया पर वायरल है। पीएम मोदी ने मेलोनी को भारत की मेलोडी टॉफीज (Melody toffees) का पैकेट गिफ्ट किया। ये टॉफी पारले कंपनी की है। दोनों के हाथों में टॉफी के गिफ्ट पैकेट पर पारले लिखा हुआ साफ-साफ नज़र आ रहा है। नेता विपक्ष राहुल गांधी ने इसकी चुटकी ली है।
वीडियो में दोनों नेता हंसते और मुस्कुराते नजर आए। पीएम मोदी ने नीले बंदगला सूट में मेलोनी को टॉफी का बैग थमाया, जबकि मेलोनी सफेद सूट में थीं। मेलोनी ने इस वीडियो को X पर शेयर करते हुए लिखा, "Thank you for the gift" (उपहार के लिए धन्यवाद)। वीडियो में मेलोनी कहती सुनाई दे रही हैं, "He gifted... a very, very good toffee" (उन्होंने हमें एक बहुत ही अच्छी टॉफी गिफ्ट की)। इसके बाद दोनों नेता जोर-जोर से हंस पड़े।
यह क्लिप पोस्ट होने के एक घंटे के अंदर लगभग एक मिलियन व्यूज, 60,000 से अधिक रिएक्शंस और 5,000 कमेंट्स के साथ वायरल हो गई। सोशल मीडिया यूजर्स ने इसे "ultimate #Melodi moment" करार दिया। मीम्स, स्क्रीनशॉट्स और जोक्स की बाढ़ आ गई।
हैशटैग #Melodi (Modi + Meloni) तीन साल से वायरल चल रहा है। यह 2023 के COP28 समिट में शुरू हुआ जब मेलोनी ने मोदी के साथ सेल्फी शेयर की और कैप्शन दिया- "Good friends at COP28 #Melodi"। तब से दोनों नेताओं की हर मुलाकात इंटरनेट पर मीम्स और जोक्स का सबब बन जाती है। G7 समिट, द्विपक्षीय बैठकें या अनौपचारिक पल- हर जगह #Melodi ट्रेंड करता है।
मेलोडी टॉफी भारत की आइकॉनिक ब्रांड है, जिसे पारले प्रोडक्ट्स बनाती है। इसका फेमस विज्ञापन "मेलोडी इतनी चॉकलेटी क्यों है?" आज भी लोगों की जुबान पर है। इस गिफ्ट को कई भारतीय यूजर्स ने नॉस्टेल्जिया से जोड़कर देखा।
मोदी की रोम यात्रा
यह पल पीएम मोदी की रोम यात्रा के दौरान हुआ। रोम पहुंचने के बाद उन्होंने मेलोनी के साथ डिनर किया और कोलोसियम का दौरा भी किया। भारतीय डायस्पोरा ने भी उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। पीएम मोदी ने डायस्पोरा का भारत-इटली संबंधों को मजबूत करने में योगदान के लिए धन्यवाद दिया।
दोनों देशों के बीच व्यापार, रक्षा, समुद्री सुरक्षा, कनेक्टिविटी और रणनीतिक क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने की उम्मीद है। यह मीठा राजनयिक पल (sweet diplomacy) न सिर्फ सोशल मीडिया पर छाया हुआ है बल्कि भारत-इटली की दोस्ती को नई ऊंचाइयां भी दे रहा है। यूजर्स इसे "Peak Melodi Diplomacy" बता रहे हैं।
राहुल गांधी ने मेलोनी को टॉफी गिफ्ट पर चुटकी ली
कांग्रेस सांसद और नेता विपक्ष राहुल गांधी ने मेलोनी को टॉफी गिफ्ट पर चुटकी ली है। राहुल ने एक्स पर लिखा है- हमारे सिर पर आर्थिक संकट मंडरा रहा है, और हमारे प्रधानमंत्री इटली में मिठाइयाँ बाँटने में व्यस्त हैं! किसान, युवा, महिलाएँ, मजदूर और छोटे व्यापारी सब रो रहे हैं - प्रधानमंत्री हँस रहे हैं और रीलें बना रहे हैं, जबकि भाजपा के लोग तालियाँ बजा रहे हैं। यह नेतृत्व नहीं, बल्कि एक तमाशा है।