पश्चिम बंगाल समेत चार राज्यों और एक केंद्रशासित प्रदेश के विधानसभा चुनाव के नतीजे सोमवार को आ रहे हैं। पूरे देश की नज़रें सुबह होने वाली वोट गिनती पर टिकी हैं। खासकर पश्चिम बंगाल के नतीजे बेहद अहम हैं क्योंकि इससे तय होगा कि ममता बनर्जी सत्ता में बनी रहेंगी या भाजपा उन्हें हराकर सरकार बना लेगी। सबकी निगाहें सबसे ज़्यादा इसी पर टिकी हैं।

इस बार चार राज्यों असम, पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु, केरल और एक केंद्र शासित प्रदेश पुदुचेरी में चुनाव हुए। कुल 823 सीटों पर चुनाव हुए। इसमें 9 अप्रैल को केरल, असम और पुदुचेरी में एक चरण में वोटिंग हुई। 23 अप्रैल को तमिलनाडु में एक चरण में और बंगाल का पहला चरण का मतदान हुआ। और 29 अप्रैल को बंगाल के दूसरे चरण का मतदान हुआ। इन जगहों पर हुए चुनाव के नतीजे अब आ रहे हैं।

बंगाल में क्यों इतना ड्रामा?

बंगाल में बीजेपी और तृणमूल कांग्रेस के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिली। दोनों पार्टियाँ एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप लगा रही हैं। डायमंड हार्बर और मगराहाट पश्चिम में कई 15 बूथों पर दोबारा मतदान हुआ है। फलता विधानसभा में सभी बूथों पर 21 मई को रिपोलिंग होगी। ममता बनर्जी ने केंद्र सरकार पर आरोप लगाया कि सुरक्षा बलों को भेजकर मतदाताओं को डराया जा रहा है। ईवीएम स्ट्रॉन्ग रूम को लेकर भी विवाद हुआ। ममता खुद कोलकाता में स्ट्रॉन्ग रूम को लेकर घंटों बैठी रहीं और EVM में छेड़छाड़ का आरोप लगाया। TMC नेताओं ने धरना भी दिया।

एग्जिट पोल क्या कह रहे हैं?

बंगाल में ज्यादातर एग्जिट पोल में बीजेपी को बड़ी जीत और TMC को हार दिखाई गई है। कुछ पोल्स में TMC को सत्ता बचाने का अनुमान है। ममता बनर्जी ने सभी पोल्स खारिज कर दिए हैं और दावा किया है कि TMC 200 से ज्यादा सीटें जीतेगी।
Axis My India नाम की बड़ी संस्था ने बंगाल के लिए एग्जिट पोल जारी नहीं किया। कारण बताया गया कि 70% मतदाताओं ने अपनी पसंद बताने से इनकार कर दिया। एक्सिस माय इंडिया के इस फ़ैसले पर भी सवाल उठे। इसके इस फ़ैसले ने दूसरी एजेंसियों की विश्वसनीयता पर सवाल खड़े कर दिए।

अन्य राज्यों में अनुमान

  • केरल: कांग्रेस की अगुवाई वाला UDF सरकार बना सकता है। पिनराई विजयन की LDF पिछड़ती नजर आ रही है।
  • असम: हिमंता बिस्वा सरमा की भाजपा सरकार फिर बनने के आसार मजबूत।
  • तमिलनाडु: एमके स्टालिन की DMK गठबंधन को फायदा, लेकिन अभिनेता विजय की नई पार्टी TVK सरप्राइज दे सकती है।
  • पुदुचेरी: NDA सरकार बरकरार रख सकता है।

कब तक साफ़ होगी तस्वीर?

चुनाव नतीजे के रूझान तो सुबह से ही आने लगेंगे, लेकिन दोपहर बाद तक काफ़ी कुछ स्थिति साफ़ हो जाएगी। शाम होते-होते सभी सीटों के नतीजे आ जाने की संभावना है। इसमें इस पर लोगों की खास नज़र रहेगी-
  • ममता बनर्जी चौथी बार मुख्यमंत्री बनेंगी या भाजपा बंगाल पर कब्जा कर लेगी?
  • केरल में वामपंथी सरकार बचेगी या कांग्रेस गठबंधन आएगा?
  • क्या असम में हिमंता सरमा फिर CM बनेंगे?
  • तमिलनाडु में स्टालिन या कोई नया चेहरा सत्ता में आएगा?
केरल के सीएम पिनराई विजयन ने एक दिन पहले ही अपना सोशल मीडिया बायो बदल लिया है। अब इसमें लिखा है- 'Polit Bureau Member, Communist Party of India (Marxist)'।

तमिलनाडु में इस बार 443 महिलाएँ चुनाव लड़ रही हैं। यह अब तक का सबसे बड़ा रिकॉर्ड है। महिलाओं की राजनीति में भागीदारी बढ़ रही है। लेकिन यह देखना रोचक होगा कि इनमें से कितनी जीत पाती हैं। कल का दिन पूरे देश के लिए बेहद अहम है। बंगाल के नतीजे न सिर्फ राज्य बल्कि देश की राजनीति को भी प्रभावित करेंगे।