केरल में सीएम चेहरे के रूप में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता केसी वेणुगोपाल आगे निकलते दिखाई दे रहे हैं। कांग्रेस सांसद और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने मंगलवार 12 मई को केरल कांग्रेस के नेताओं के साथ अहम बैठक की। सूत्रों के अनुसार, बैठक में शामिल 10 नेताओं में से 7 ने वेणुगोपाल का समर्थन किया। प्रदेश के पूर्व अध्यक्ष मुरलीधरन ने मीडिया को बताया कि सीएम पद के लिए नए नेता के नाम की घोषणा कल बुधवार 13 मई को होगी। 
बैठक में राहुल गांधी ने केरल के कई प्रमुख नेताओं से मुलाकात की। जिनमें यूडीएफ संयोजक अडूर प्रकाश और केपीसीसी अनुशासन समिति प्रमुख थिरुवनचूर राधाकृष्णन शामिल थे। इसके अलावा, राहुल गांधी ने केरल प्रदेश कांग्रेस कमेटी (केपीसीसी) के पांच पूर्व अध्यक्षों और तीन कार्यकारी अध्यक्षों से भी चर्चा की।
केरल विधानसभा में विपक्ष के नेता वीडी सतीशन को 10 में से केवल 2 नेताओं का समर्थन मिला, जबकि एक नेता तटस्थ रहे। सूत्रों ने बताया कि के मुरलीधरन और वीएम सुधीरन ने सतीशन का साथ दिया। तीसरे दावेदार वरिष्ठ नेता रमेश चेन्निथला अब दौड़ से बाहर हो गए प्रतीत होते हैं। वेणुगोपाल के समर्थकों के नाम अभी सार्वजनिक नहीं किए गए हैं।

कब होगा नए सीएम फेस का ऐलान

केरल के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष के मुरलीधरन ने कहा कि “मैंने विपक्ष के नेता राहुल गांधी से अच्छी बातचीत की। केरल के मुख्यमंत्री की घोषणा कल की जाएगी।” मुरलीधरन से जब संभावित नाम पूछा गया तो वो सिर्फ हंसते रहे। केरल के मुख्यमंत्री के चयन पर कांग्रेस नेता थिरुवनचूर राधाकृष्णन ने कहा, "मैंने राहुल गांधी से मुलाकात की और उन्हें वो सभी जानकारी दी जो मुझे पता थी।"
सूत्रों ने बताया कि बैठक के दौरान राहुल गांधी ने केरल कांग्रेस के अंदरूनी गुटबाजी, रोड शो और ताकत के प्रदर्शन पर चिंता जताई। उन्होंने पार्टी में एकजुटता और अनुशासन बनाए रखने पर जोर दिया।
अगले 24 घंटों में ऐलानः केरल के नए मुख्यमंत्री की घोषणा अगले 24 घंटों के अंदर हो सकती है। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और राहुल गांधी अंतिम फैसला लेंगे। केसी वेणुगोपाल, जो वर्तमान में कांग्रेस महासचिव हैं, को पार्टी में मजबूत संगठनात्मक नेता माना जाता है। उनकी संभावित नियुक्ति से केरल कांग्रेस में नई ऊर्जा और स्थिरता आने की उम्मीद है।
कांग्रेस के नेतृत्व वाले यूडीएफ ने केरल विधानसभा की 140 सीटों में से 102 सीटें जीती हैं। वाम मोर्चा यानी एलडीएफ को 35 सीटें मिलीं, जबकि भाजपा को मात्र 3 सीटें हासिल हुईं।

कौन हैं केसी वेणुगोपाल

वेणुगोपाल का पूरा नाम कोझुम्मल चट्टादी वेणुगोपाल है। वो अलपुझा से कांग्रेस सांसद हैं। उनका जन्म 4 फरवरी 1963 को केरल के कन्नूर जिले के पय्यानूर (कंडोथर) में हुआ था। वे कांग्रेस के वरिष्ठ नेता, महासचिव (संगठन) हैं। उन्होंने एमएससी (गणित) कलिकट विश्वविद्यालय से की है। उनकी एलएलबी अधूरी रह गई थी।

राजनीतिक सफर

  • छात्र राजनीति से शुरुआत:केरल स्टूडेंट्स यूनियन (KSU) के माध्यम से सक्रिय राजनीति में प्रवेश।
  • KSU के प्रदेश अध्यक्ष (1988 से 5 वर्ष तक)।
  • भारतीय युवा कांग्रेस (IYC) के केरल प्रदेश अध्यक्ष (1993-2000)।
  • 1996, 2001 और 2006 अलपुझा सीट से लगातार तीन बार विधायक चुने गए।
  • 2004 में ओमन चांडी सरकार में पर्यटन और देवस्वोम मंत्री रहे।
  • राष्ट्रीय राजनीति:2009 और 2014 अलपुझा लोकसभा सीट से सांसद चुने गए।
  • UPA-2 सरकार में केंद्रीय राज्य मंत्री (सिविल एविएशन और पावर) रहे।
  • 2017 में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) के महासचिव नियुक्त किए गए (संगठन प्रभारी)।
  • 2020-2024 राजस्थान से राज्यसभा सांसद।
  • 2024 के लोकसभा चुनाव में अलपुझा से फिर जीते।
  • वर्तमान में AICC महासचिव (संगठन) और लोकसभा में पब्लिक अकाउंट्स कमेटी (PAC) के अध्यक्ष।
  • पत्नी आशा (अंग्रेजी की सहायक प्रोफेसर, रिटायर्ड)।