एमपी पुलिस ने कांग्रेस को लिखे पत्र में कहा है, ‘21 मई 1991 को श्रीपेरंबदूर में राजीव गांधी की हत्या के पीछे आयोजकों का गैरजिम्मेदाराना रवैया, सुरक्षा में व्यवधान एवं असहयोग, कार्यक्रम स्थल के चयन में लापरवाही, बैरिकेडिंग और एक्सेस कंट्रोल की विफलता जैसी चूक सामने आयी थी'।
इंदौर में राहुल गांधी के कार्यक्रम की तैयारियां
लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी के इंदौर में होने वाले ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में, अब कुछ ही घंटे शेष हैं। आज यानी 19 सितंबर को ये आयोजन होना है। इस कार्यक्रम को लेकर प्रतिपक्ष कांग्रेस और बीजेपी की मध्य प्रदेश सरकार आमने-सामने हैं। टकराव तेज है।
तमाम उठापटक, दांव-पेंच, आरोप-प्रत्यारोप और नोटिसबाजी के दौर के बीच, कांग्रेस को थमाए गए 31 नई शर्तों वाले पत्र में, 35 साल पहले श्रीपेरंबदूर (तमिलनाडू) में राजीव गांधी हत्याकांड के जिक्र ने इस तमाम टकराव को नया मोड़ दे दिया है।
बता दें कि मध्य प्रदेश पुलिस ने 31 पाइंट वाला का एक पत्र कांग्रेस को जारी किया है। सुरक्षा संबंधी दिशा-निर्देश वाले इस पत्र में राजीव गांधी हत्याकांड की जाँच से जुड़े, वर्मा आयोग की रिपोर्ट के अंशों का विशेष उल्लेख है।
पुलिस ने कहा है, ‘21 मई 1991 को श्रीपेरंबदूर में राजीव गांधी की हत्या के पीछे आयोजकों का गैरजिम्मेदाराना रवैया, सुरक्षा में व्यवधान एवं असहयोग, कार्यक्रम स्थल के चयन में लापरवाही, बैरिकेडिंग और एक्सेस कंट्रोल की विफलता जैसी चूक सामने आयी थी”। वर्मा आयोग रिपोर्ट के उपरोक्त तथ्यों का हवाला देते हुए जिन 31 प्वाइंट का उल्लेख इस लेटर में किया गया है, उनमें खास ये हैं:-
- अपेक्षित भीड़ का पुरुष-महिला संख्या सहित, शपथ पत्र देना होगा।
- आयोजकों को 1500 वाॅलेंटियर तैनात करने होंगे, इनमें 500 महिला वाॅलेंटियर होना चाहिए।
- भीड़ को 2 हजार क्षमता वाले सेक्टरों में बांटना होगा।
- न्यूनतम 40 सीसीटीवी कैमरे लगाये जायें और लाइव फीड, पुलिस कंट्रोल रूम को देनी होगी।
- 6 एंट्री और 8 एग्जिट जरूरी हैं।
- मंचस्थ लोगों का नाम-पता और फोटो आईड 24 घंटे पहले देनी होगी।
- 12 मिनट की निकासी, सेक्टरवार प्लान और माॅक ड्रिल अपहिरार्य होगी।
- ड्रोन पर प्रतिबंध होगा। लाउड स्पीकर व्यवस्था का उपयोग रात 10 बजे तक ही किया जा सकेगा।
जीतू पटवारी ने लगाये आरोप
मध्य प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने शुक्रवार को एक प्रेस कांफ्रेंस की और कहा, ‘मध्य प्रदेश की मोहन यादव सरकार और समूची मशीनरी, पूरी तरह से गैर राजनीतिक एवं शिक्षा के सुदृढ़ीकरण पर आधारित, छात्रों की गूंज कार्यक्रम को विफल करने में जुटी हुई है। हर दिन, नित-नए फरमान जारी किए जा रहे हैं। राहुल गांधी को ले जाने वाले मार्ग को लेकर राजनीति की जा रही है।’
उन्होंने कहा, ‘कांग्रेस, शांत है। आयोजन को सफल बनाने में जुटी हुई है। जैसा सरकार चाह रही है, हम वो सब कर रहे हैं। आईडीए ने ग्राउंड के लिए पहले 10 लाख 8 हजार रुपये लिए और बाद में 4 लाख 3 हजार की डिमांड का नया नोट दे दिया। हमने नई डिमांड वाली राशि भी चुका दी है।’ कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने अब एमपी सरकार द्वारा कोचिंग संचालकों को जारी किए गए 'एक स्वघोषणा पत्र' को एक्स पर पोस्ट कर बीजेपी सरकार की कड़ी आलोचना की है।पटवारी ने कहा, ‘सरकार कितने भी सितम कर ले, आयोजन को विफल नहीं कर सकेगी।’
एक के बाद एक रोड़े और विवाद
राहुल गांधी के ‘छात्रों की गूंज’ के इस आयोजन के लिए कांग्रेस ने इसी महीने की 12 तारीख़ सुनिश्चित की थी। इंदौर का नेहरू स्टेडियम, कांग्रेस को नहीं दिया गया। दलील दी गई थी, स्टेडियम को खेल गतिविधियों के अलावा अन्य आयोजनों को देने संबंधी रोक कोर्ट ने लगाई हुई है।
कांग्रेस कोर्ट का आदेश मांगती रही। मुहैया नहीं कराया गया। कार्यक्रम टाला गया। नए स्थल का चयन हुआ। आईडीए के आधिपत्य वाले मैदान के लिए लीज रेंट मांगा गया। वो भरा गया। दो दिन पहले पांच शर्तों का पत्र आईडीए ने दिया। सुरक्षा से लेकर तमाम अनुमतियां अलग से लेने संबंधी निर्देशों के अलावा, 17 सितंबर के पहले आर 19 सितंबर (इस अवधि के लिए सशुल्क मैदान अलाॅट किया गया है) के बाद यदि मैदान का उपयोग किया गया तो अतिरिक्त लीज लेंगे।
पत्र के अगले दिन 4 लाख 3 हजार लीज और मांगी गई। कांग्रेस ने ये जमा की। गुरुवार शाम पुलिस ने नया पत्र पकड़ा दिया।
अन्य सूबों में भी यही हुआ
राहुल गांधी के छात्रों की गूंज के पूर्व के कार्यक्रमों में भी यही दृश्य रहा। कोटा, देहरादून, प्रयागराज और पुणे में भी पेंच फंसाए गए। जितने पेंच फंसाए, उससे कार्यक्रम बाधित होने की बजाय अत्यधिक सफल रहा।
पंजीयन संख्या 11 लाख पार हुई
राहुल गांधी के छात्रों की गूंज कार्यक्रम में पूर्व के चार कार्यक्रमों की तुलना में अब तक सबसे ज़्यादा पेंचबाजी, इंदौर में हुई है। ज़्यादा विवाद के हालात बने हैं। टकराव की नौबत पैदा हुई है। सरकार जितने व्यवधान पैदा कर रही है, कांग्रेस के दावों के अनुसार कार्यक्रम में युवाओं का जुड़ाव उतना ही ज्यादा बढ़ रहा है। दावों के अनुसार शुक्रवार तक स्टूडेंट के पंजीयन का आंकड़ा 11 लाख क्रॉस कर गया है।
राहुल की पोस्ट के बाद ‘एक्शन’
कार्यक्रम के ठीक पहले, राहुल गांधी ने मध्य प्रदेश की सरकार को लेकर गुरुवार को ‘एक्स’ पर एक पोस्ट किया। इस पोस्ट में उन्होंने ‘मोहन यादव सरकार को देश की सबसे ज्यादा भ्रष्ट सरकार’ करार दिया। ‘शिक्षा की बदहाली’ से जुड़े आंकड़े दिए।
इसे संयोग कहें या प्रयोग, राहुल के एक्स के कुछ ही घंटों बाद, मध्य प्रदेश पुलिस ने कांग्रेस को 31 नई शर्तों वाला लेटर थमा दिया।
पहले नवीन और अब भागवत का शो
राहुल गांधी के कार्यक्रम के ठीक पहले 17 सितंबर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के बर्थडे से जुडे़ कार्यक्रमों में हिस्सा लेने बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन मध्य प्रदेश पहुंचे। नवीन के इंदौर, मंदसौर और उज्जैन में कार्यक्रम हुए। उज्जैन में रिकॉर्ड दीप जलाने के वे साक्षी बने। नवीन की वापसी 18 तारीख को हुई।
उधर 18 को ही संघ प्रमुख डाॅ. मोहन भागवत मध्य प्रदेश पहुंचे। दो दिन के उज्जैन प्रवास के पहले दिन 18 तारीख को वे स्वयंसेवकों के कार्यक्रम में शामिल हुए। मोहन भागवत का 19 सितंबर को उज्जैन में ‘युवा धर्म संसद’ में शामिल होने का कार्यक्रम है। दोनों ही आयोजनों पर प्रेक्षकों की नजर है।
जीतू पटवारी ने ‘सत्य हिन्दी’ से कहा, ‘संघ प्रमुख से कई प्रश्न किए हैं। जवाब मांगे हैं।’ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने आगे कहा, ‘मीडिया से आग्रह है, वो छानबीन करे, संघ के उज्जैन आयोजन के लिए, मध्य प्रदेश की सरकार ने कोई शुल्क वसूला है? मौजूदा कार्यक्रम के अलावा इसी साल संघ के मध्य प्रदेश में तमाम अलग-अलग कार्यक्रमों के लिए शुल्क वसूली के आंकड़े, मीडिया को जुटाने और छापने चाहिए। इलेक्ट्रानिक मीडिया को भी ये सब प्रदेश एवं देश को जरूर दिखाना चाहिए।’