तिरुवनंतपुरम-हजरत निजामुद्दीन राजधानी एक्सप्रेस ट्रेन नंबर 12431 में रविवार सुबह भीषण आग लग गई। आग AC कोच B-1 और उसके बगल वाले SLR कोच में लगी। कोच में 68 यात्री सवार थे, लेकिन किसी की जान को ख़तरा नहीं हुआ। सभी यात्री सुरक्षित बाहर निकाल लिए गए। घटना दिल्ली-मुंबई रूट पर रतलाम जिले में लूनी रिच्छा और विक्रमगढ़ आलोट स्टेशनों के बीच सुबह करीब 5:15 बजे हुई। यह क्षेत्र पश्चिम मध्य रेलवे के कोटा मंडल के अंतर्गत आता है। इससेे दो दिन पहले ही हैदराबाद-जयपुर स्पेशल एक्सप्रेस के दो कोचों में भी आग लग गई थी।

बहरहाल, रविवार को राजधानी एक्सप्रेस में आग लगने की घटना का पता तब चला जब ट्रेन के गार्ड को कोच से धुआं और आग की लपटें दिखाई दीं। उन्होंने तुरंत लोको पायलट को सूचना दी। ट्रेन को तुरंत रोक दिया गया और इमरजेंसी इवैकुएशन शुरू कर दी गई। रेलवे ने ओवरहेड बिजली सप्लाई तुरंत बंद कर दी ताकि आग और न फैले। प्रभावित B-1 कोच को ट्रेन से अलग कर दिया गया। रेलवे प्रोटेक्शन फोर्स, ट्रेन स्टाफ और अधिकारियों ने मिलकर 15 मिनट के अंदर पूरे कोच को खाली करा लिया। पास वाले कोचों के यात्रियों को भी सावधानी के तौर पर बाहर निकाला गया।
ताज़ा ख़बरें
कोटा मंडल के रेलवे अधिकारियों ने बयान जारी कर कहा, 'प्रभावित कोच के सभी 68 यात्री सुरक्षित बाहर निकाल लिए गए। किसी यात्री या रेलवे कर्मचारी को कोई चोट नहीं आई। कोच अलग कर दिया गया है।'

राहत और बचाव कार्य

घटना की सूचना मिलते ही कोटा रेलवे डिवीजन की राहत और बचाव टीमें मौके पर पहुंच गईं। कोटा के डिविजनल रेलवे मैनेजर यानी DRM अनिल कलरा समेत कई बड़े अधिकारी, पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें भी मौके पर पहुंचीं और पूरे ऑपरेशन की निगरानी की। कोटा डिवीजन के सीनियर डिविजनल कमर्शियल मैनेजर सौरभ जैन ने बताया कि कोटा से अतिरिक्त कोच मंगवाए जा रहे हैं। बाकी ट्रेन को जरूरी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद आगे रवाना किया जाएगा।

दिल्ली-मुंबई रूट प्रभावित

इस आग की वजह से दिल्ली-मुंबई मुख्य रेल मार्ग पर करीब दो घंटे तक ट्रेनों की आवाजाही प्रभावित रही। रेलवे ने मौके पर बचाव कार्य और सेफ्टी चेकिंग के लिए लाइन बंद रखी।
मध्य प्रदेश से और ख़बरें

आग का कारण अज्ञात

अभी तक आग लगने का सही कारण पता नहीं चला है। रेलवे ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रभावित कोच और उसमें लगे उपकरणों की जांच की जा रही है।

दो हफ्ते में ट्रेन में आग लगने की दूसरी घटना

यह दूसरी ऐसी घटना है। इससे पहले 15 मई को हैदराबाद-जयपुर स्पेशल एक्सप्रेस के दो AC कोच [B1 और B2] में नांपल्ली रेलवे स्टेशन पर आग लग गई थी। उस समय भी ट्रेन के रवाना होने से ठीक पहले आग लगी थी और कोई हताहत नहीं हुआ था। रेलवे अधिकारियों ने यात्रियों से अपील की है कि वे घबराएं नहीं। पूरी टीम यात्री सुविधा और सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए काम कर रही है।