महाराष्ट्र की डिप्टी चीफ मिनिस्टर और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) की नेता सुनेत्रा पवार ने अपने पति और पूर्व उपमुख्यमंत्री अजित पवार की जनवरी में हुई हवाई दुर्घटना पर गंभीर संदेह जताया है। उन्होंने कहा कि इस दुर्घटना के बारे में सबको जवाब मिलना चाहिए और अगर किसी की गलती है तो उसे सख्त से सख्त सजा दी जानी चाहिए।

सुनेत्रा पवार ने यह बयान मंगलवार, 21 अप्रैल 2026 को बारामती में अपनी चुनावी रैली में दिया। यह रैली बारामती उपचुनाव के लिए आयोजित की गई थी, जिसका मतदान 23 अप्रैल को होना है। वहां इसी रैली के बाद चुनाव प्रचार खत्म हो चुका है।

अपने भाषण के दौरान सुनेत्रा पवार ने कहा, “मुझे अजित पवार की हवाई दुर्घटना पर संदेह है। हर किसी को इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना के बारे में जवाब मिलने चाहिए। अगर कोई दोषी है तो उसे सबसे सख्त सजा दी जानी चाहिए।”
ताज़ा ख़बरें
जनवरी 2026 में हुई इस हवाई दुर्घटना में अजित पवार की मौत हो गई थी। सुनेत्रा पवार इस घटना पर अब खुलकर सवाल उठा रही हैं। हालांकि महायुति उम्मीदवार द्वारा की गई मांग पर तुरंत प्रतिक्रिया देते हुए, मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने उसी मंच से आश्वासन दिया कि सच्चाई सामने आने तक सरकार चुप नहीं बैठेगी।


यह बयान बारामती उपचुनाव के ठीक पहले आया है, जहां सुनेत्रा पवार चुनावी प्रचार में सक्रिय हैं। एनसीपी नेता के इस बयान से राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है। सुनेत्रा पवार का इस तरह अब इस मामले को उठाना इसे चुनावी मुद्दा भी माना जा रहा है। क्योंकि अजित पवार के भतीजे रोहित पवार लगातार इस मामले को उठा रहे हैं तो उस समय सुनेत्रा ने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी। लेकिन अब वो चुनाव के दौरान खुलकर बोल रही हैं।
अजित पवार के भतीजे और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) के विधायक रोहित पवार विमान दुर्घटना मामले में महाराष्ट्र सरकार से एफआईआर दर्ज कराने का आग्रह कर रहे हैं और उन्होंने इस घटना पर कई सवाल उठाए हैं। हालांकि, महाराष्ट्र सरकार द्वारा एफआईआर दर्ज न किए जाने के कारण रोहित पवार कर्नाटक गए और 28 जनवरी की विमान दुर्घटना में शून्य एफआईआर दर्ज कराई, जिसे फडणवीस ने अवैध कदम बताया। 
जनसभा को संबोधित करते हुए सुनेत्रा पवार ने अजीत पवार के जीवन और राजनीतिक सफर को समर्पित एक संग्रहालय स्थापित करने की योजना की घोषणा की, जिसका उद्देश्य आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करना है। फडणवीस ने भी उपमुख्यमंत्री का जोरदार समर्थन करते हुए कहा कि उनमें अजीत पवार की विरासत को आगे बढ़ाने की क्षमता और दृढ़ संकल्प है और उन्होंने मतदाताओं से दिवंगत नेता को श्रद्धांजलि के रूप में 23 अप्रैल को उन्हें रिकॉर्ड जीत दिलाने का आग्रह किया।
इसी बीच, अजित पवार की चचेरी बहन और राष्ट्रीय कम्युनिस्ट पार्टी (एसपी) की सांसद सुप्रिया सुले भी बारामती में चुनाव प्रचार में शामिल हुईं। अपने भाषण में उन्होंने कहा कि बारामती हमेशा से पवार परिवार के साथ खड़ी रही है और मतदाताओं से अपील की कि वे इस परंपरा का पालन करें क्योंकि सुनेत्रा पवार उपचुनाव लड़ रही हैं। सुले ने आगे कहा, "हमारा रिश्ता राजनीति से परे है। इसलिए, अजीत दादा के सपनों को साकार करने के लिए लोगों को सुनेत्रा पवार का समर्थन करना चाहिए।" महाराष्ट्र के तत्कालीन उपमुख्यमंत्री अजीत पवार का 28 जनवरी को बारामती में एक विमान दुर्घटना में निधन हो गया था।