महाराष्ट्र विधानसभा भवन में शिंदे गुट ने शिवसेना के दफ्तर पर सोमवार 20 फरवरी को कब्जा कर लिया। उद्धव ठाकरे ने आज फिर अपनी पर्टी के विधायकों और नेताओं की बैठक शिवसेना भवन में बुलाई। सुप्रीम कोर्ट में उद्धव की याचिका पर कल मंगलवार को सुनवाई हो सकती है।
संजय राऊत से जब एकनाथ शिंदे गुट पर लगाए गए दो हजार करोड़ रुपये के कथित लेनदेन के आरोप पर सफाई मांगी तो राउत ने कहा कि उन्हें विश्वसनीय लोगों से पता चला है कि एकनाथ शिंदे गुट ने चुनाव आयोग से अपने मनमाफिक फैसला पाने के लिए 2000 करोड रुपए खर्च किए और मैं अपने पिछले बयान पर कायम हूं। संजय राउत से जब पूछा गया कि जब मामला सुप्रीम कोर्ट में चल रहा है तो क्या वह कथित लेनदेन की जानकारी सुप्रीम कोर्ट में देंगे तो उन्होंने कहा कि सुप्रीम कोर्ट में इस तरह की जानकारी देने की कोई जरूरत नहीं है।
सूत्रों का कहना है कि शिवसेना पार्टी के दफ्तर शिवालय पर भी एकनाथ शिंदे गुट कब्जा कर सकता है। लिहाजा दक्षिण मुंबई में स्थित शिवालय के दफ्तर के बाहर भी सुरक्षा कड़ी कर दी गई है ताकि किसी भी कानून व्यवस्था की स्थिति से निपटा जा सके। इसके अलावा मुंबई पुलिस ने बीएमसी दफ्तर के बाहर भी सुरक्षा के कड़े इंतजाम कर दिए हैं। बता दें कि बीएमसी में भी शिवसेना का दफ्तर है और उस दफ्तर पर भी शिंदे गुट कब्जा जमा सकता है।