राहुल गांधी ने INDIA गठबंधन के मॉक संसद सत्र में कहा, 'ज्ञानेश कुमार CEC के पद पर नहीं टिक पाएंगे। खुलासे के बाद भी अगर बीजेपी उन्हें अड़ी रहती है तो हमें समझ आ जाएगा कि उनका खेल क्या है।' वहीं बीजेपी ने राहुल गांधी को 'मॉक पीएम' कहा।
राहुल गांधी ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर बड़े खुलासे का संकेत दिया है। उन्होंने कहा कि ज्ञानेश कुमार CEC के पद पर ज्यादा समय तक नहीं टिक पाएंगे। उन्होंने बीजेपी को चेतावनी देते हुए कहा कि अगर खुलासों के बाद भी पार्टी ज्ञानेश कुमार को पद पर बनाए रखने पर अड़ी रहती है तो इससे उसका इरादा समझ में आ जाएगा। बीजेपी ने पलटवार करते हुए राहुल गांधी को 'मॉक पीएम' बताया और विपक्ष के आयोजन को लोकतंत्र और संसद का मजाक करार दिया।
दिल्ली में शनिवार को INDIA गठबंधन के नेताओं और सांसदों ने मॉक संसद सत्र में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रतीकात्मक 'जनता की महाभियोग कार्यवाही' आयोजित की। इस दौरान विपक्षी दलों ने उनके खिलाफ छह आरोपों के आधार पर प्रस्ताव पारित किया। विपक्ष का आरोप है कि चुनाव आयोग ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण यानी SIR के दौरान गड़बड़ियाँ की हैं और चुनाव प्रक्रिया की निष्पक्षता प्रभावित हुई है। इस कार्यक्रम में राहुल गांधी ने बीजेपी पर चुनावों में कथित गड़बड़ी और संवैधानिक संस्थाओं पर नियंत्रण करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि देश की लोकतांत्रिक संस्थाओं तक विपक्ष की पहुँच सीमित की जा रही है। वहीं बीजेपी ने विपक्ष के आरोपों को झूठा बताते हुए कहा कि कांग्रेस और उसके सहयोगी दल SIR को लेकर लोगों को गुमराह कर रहे हैं।
'ज्ञानेश कुमार CEC के पद पर नहीं टिक पाएंगे'
राहुल गांधी ने सीईसी ज्ञानेश कुमार को लेकर कहा, 'ज्ञानेश कुमार सीईसी के पद पर नहीं टिक पाएंगे। हमारे खुलासे के बाद भी अगर बीजेपी उन्हें बनाए रखने पर अड़ी रहती है तो हमें समझ आ जाएगा कि उनका खेल क्या है।' राहुल के इस बयान को ज्ञानेश कुमार के खिलाफ आने वाले संभावित खुलासों के संकेत के तौर पर देखा जा रहा है। हालांकि, अपने संबोधन में उन्होंने यह नहीं बताया कि विपक्ष कौन-से खुलासे करने वाला है और उनके पास ज्ञानेश कुमार के खिलाफ किस तरह की जानकारी है।
राहुल ने कहा कि विपक्ष और देश की जनता कथित चुनावी गड़बड़ियों को न तो भूलेगी और न ही माफ करेगी। उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी चुनावों में गड़बड़ी कर सकती है, लेकिन विपक्षी दल और देश के लोग इसे स्वीकार नहीं करेंगे।
विपक्ष को बगीचे में बैठकर चर्चा करनी पड़ रही है: राहुल
राहुल गांधी ने लोकतांत्रिक संस्थाओं के कामकाज और विपक्ष को मिल रही जगह पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि यह हैरानी की बात है कि पूरे विपक्ष को मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ महाभियोग जैसी कार्यवाही पर चर्चा करने के लिए एक बगीचे में बैठना पड़ रहा है, क्योंकि उनके लिए सभी संस्थाओं के दरवाजे बंद हैं।
राहुल ने आरोप लगाया कि लोकतंत्र में विपक्ष की भूमिका को सीमित किया जा रहा है। उनके मुताबिक, जब संवैधानिक संस्थाओं में विपक्ष को अपनी बात रखने का पर्याप्त अवसर नहीं मिलता तो उसे दूसरे मंचों पर अपनी आवाज उठानी पड़ती है। विपक्ष का कहना है कि चुनाव आयोग की निष्पक्षता और स्वतंत्रता पर सवाल उठ रहे हैं।
ज्ञानेश कुमार के खिलाफ छह आरोपों पर प्रस्ताव
कार्यक्रम के दौरान INDIA गठबंधन के सांसदों ने ज्ञानेश कुमार के खिलाफ एक प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किया। विपक्ष ने इसे CEC के खिलाफ प्रतीकात्मक 'जनता का महाभियोग' बताया। प्रस्ताव में कहा गया कि गठबंधन के सांसद ज्ञानेश कुमार के खिलाफ लगाए गए छह आरोपों के आधार पर उन्हें पद से हटाने की मांग का समर्थन करते हैं। इसमें चुनाव प्रक्रिया में कथित हेरफेर, मतदाता सूची से मतदाताओं के नाम हटाने में गड़बड़ियाँ, SIR की प्रक्रिया में गड़बड़ी के आरोप, चुनाव आयोग की स्वतंत्रता से समझौता करने का आरोप, कथित चुनावी गड़बड़ियों को बढ़ावा देने जैसे आरोप शामिल हैं।
विपक्ष ने आरोप लगाया कि ज्ञानेश कुमार के नेतृत्व में SIR की प्रक्रिया ऐसी रही है जिससे बड़ी संख्या में मतदाताओं के नाम सूची से बाहर होने का खतरा पैदा हुआ। प्रस्ताव में उन्हें इस प्रक्रिया के लिए सीधे तौर पर जिम्मेदार ठहराया गया है। राहुल गांधी ने कहा कि मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए और उनके मुताबिक़ इस मामले में न्याय मिलना जरूरी है। उन्होंने ज्ञानेश कुमार पर देशद्रोह के आरोप में मुकदमा चलाए जाने की बात भी कही।
राहुल गांधी को 'मॉक पीएम' बना दीजिए: बीजेपी
INDIA गठबंधन की कार्यवाही पर बीजेपी ने तीखी प्रतिक्रिया दी। पार्टी प्रवक्ता संबित पात्रा ने विपक्ष के आयोजन को लोकतंत्र और संसद का मजाक बताया। उन्होंने कहा कि विपक्ष को राहुल गांधी को हमेशा के लिए अपना 'मॉक प्रधानमंत्री' बना देना चाहिए। पात्रा ने तंज कसते हुए कहा कि विपक्ष ने जो मॉक संसद बनाई है, उसे खत्म नहीं करना चाहिए। राहुल गांधी को सत्ता पक्ष की बेंच पर बैठाया जाए, उन्हें टी-शर्ट की जगह कुर्ता-पायजामा पहनाया जाए और विपक्षी सांसद हर दिन 'प्रधानमंत्री, प्रधानमंत्री' के नारे लगाएं।उन्होंने कहा कि राहुल गांधी को जीवनभर के लिए 'मॉक प्रधानमंत्री' बनाए रखने पर बीजेपी को कोई आपत्ति नहीं होगी। पात्रा ने कहा रि राहुल गांधी में राजनीतिक क्षमता और ऊर्जा की कमी है। उन्होंने राहुल की तुलना ऐसे सैटेलाइट से की जो कभी लॉन्च नहीं हो पाएगा।
बीजेपी ने कांग्रेस के आरोपों को बताया झूठ
बीजेपी प्रवक्ता संबित पात्रा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कांग्रेस और INDIA गठबंधन पर SIR को लेकर झूठ फैलाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस चुनाव आयोग के कामकाज और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण को लेकर गलत जानकारी दे रही है। पात्रा ने मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए इस्तेमाल होने वाले फॉर्म 6 में बदलावों को लेकर विपक्ष के आरोपों को भी खारिज किया। उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे पर भी इस मुद्दे पर झूठ बोलने का आरोप लगाया।बीजेपी का कहना है कि चुनाव आयोग की प्रक्रिया को राजनीतिक मुद्दा बनाकर विपक्ष जनता को गुमराह कर रहा है। पार्टी ने INDIA गठबंधन के प्रतीकात्मक महाभियोग को भी राजनीतिक नाटक बताया।
रैली से पहले प्रतीकात्मक कार्यवाही
ज्ञानेश कुमार के खिलाफ यह प्रतीकात्मक कार्यवाही INDIA गठबंधन की दिल्ली के रामलीला मैदान में होने वाली बड़ी रैली से एक दिन पहले आयोजित की गई। रविवार को होने वाली इस रैली का मुख्य मुद्दा SIR में कथित गड़बड़ियाँ और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार की भूमिका है। विपक्षी दलों ने इस रैली के जरिए ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग उठाने और चुनाव आयोग के कामकाज पर सवाल खड़े करने की तैयारी की है।
मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को लेकर विपक्ष और बीजेपी के बीच टकराव अब केवल SIR की प्रक्रिया तक सीमित नहीं रह गया है। राहुल गांधी ने उनके खिलाफ संभावित खुलासों का संकेत देकर विवाद को नया राजनीतिक आयाम दिया है।