NEET 2026 पेपर लीक के मामले की जाँच की आँच अब 2025 की NEET परीक्षा तक पहुँच गई है। देशभर में चर्चा का विषय बने जयपुर के बिवाल परिवार का मामला अब पेपर लीक घोटाले में फँस गया है। साल 2025 में इस परिवार के 5 बच्चों ने NEET परीक्षा पास करके सरकारी मेडिकल कॉलेजों में सीटें हासिल की थीं। तब यह ख़बर बड़ी सफलता के रूप में छाई थी। लेकिन अब सीबीआई की जांच में खुलासा हुआ है कि इन बच्चों की सफलता पेपर लीक के जरिए हासिल की गई थी। सीबीआई ने गुरुवार को परिवार के मुखिया दिनेश बिश्नोई, उनके भाई मंगीलाल और भतीजे विकास को गिरफ्तार कर लिया। तीनों को 7 दिन की सीबीआई हिरासत में भेज दिया गया है। परिवार का एक और सदस्य ऋषि फरार बताए जा रहा है, पुलिस उसकी तलाश कर रही है।

2025 में दिनेश बिश्नोई ने फेसबुक पर पोस्ट लिखा था- 'मेरे परिवार के लिए गर्व की बात है कि हमारे 5 बच्चे सरकारी मेडिकल कॉलेज (MBBS) में चयनित हुए हैं। सभी बच्चों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं।' कोचिंग संस्थान भी इस परिवार की सफलता का प्रचार कर रहे थे। सोशल मीडिया पर बधाइयों का सिलसिला चला था। लेकिन अब जांच एजेंसियाँ पूछ रही हैं- क्या यह सफलता मेहनत से हुई या पेपर लीक वाले नेटवर्क की मदद से?
ताज़ा ख़बरें

बच्चों के नंबरों में चौंकाने वाला फर्क

सीबीआई जांच में सामने आया कि इन बच्चों के 10वीं और 12वीं के नंबर औसत थे, लेकिन NEET 2025 में अचानक बहुत अच्छे परसेंटाइल आ गए। एनडीटीवी की रिपोर्ट के अनुसार मंगीलाल का बेटा विकास के 10वीं में 63%, 12वीं में 55% मार्क्स थे। NEET 2024 में सिर्फ 270 मार्क्स आया। कोचिंग टेस्ट में औसत 384 रहा। फिर भी NEET 2025 में 85.11 परसेंटाइल पाकर सवाई माधोपुर मेडिकल कॉलेज में सीट मिली।

मंगीलाल की बेटी प्रगति के 10वीं में 69%, 12वीं में 91% मार्क्स थे। NEET 2024 में 332 मार्क्स। कोचिंग में औसत 302। NEET 2025 में 89.08 परसेंटाइल के साथ दौसा मेडिकल कॉलेज में एडमिशन। दिनेश की बेटी गुंजन के 10वीं में 86%, 12वीं में 70%। NEET 2024 में 355। कोचिंग में 320-342। वराणसी के सरकारी मेडिकल कॉलेज में एडमिशन मिला।

घनश्याम की बेटी सानिया के 10वीं में 63%, 12वीं में 89% मार्क्स थे। NEET 2024 में 360। कोचिंग में 341-361। NEET 2025 में 94.07 परसेंटाइल। मुंबई मेडिकल कॉलेज में एडमिशन मिला। घनश्याम की दूसरी बेटी पलक के 10वीं में 93%, 12वीं में 89% मार्क्स थे। NEET 2024 में 512। कोचिंग में 515-550। NEET 2025 में 98.61 परसेंटाइल के साथ जयपुर के सरकारी मेडिकल कॉलेज में सीट मिली।
राजस्थान से और ख़बरें

NEET 2026 पेपर लीक कैसे हुआ?

सीबीआई के अनुसार, NEET 2026 का पेपर लीक अप्रैल में हुआ। नासिक के शुभम खैरनार ने पुणे के यश यादव से संपर्क किया। 29 अप्रैल तक पेपर का सौदा फाइनल हो गया। मंगीलाल ने शुभम खैरनार से संपर्क करके अपने बेटे विकास के लिए पेपर मंगवाया। यश यादव ने ही पेपर बिश्नोई परिवार तक पहुंचाया। 

CBI ने आरोपियों के घर और आसपास के फार्महाउस पर छापेमारी की। लग्जरी गाड़ियां, महत्वपूर्ण दस्तावेज जब्त किए गए। जांच एजेंसी अब पूरे नेटवर्क तक पहुंचने की कोशिश कर रही है।

NTA ने 2025 के दावों को खारिज किया था

NEET 2025 में भी पेपर लीक के कुछ दावे सोशल मीडिया पर वायरल हुए थे, लेकिन NTA और साइबर एजेंसियों ने उन्हें 'फर्जी और भ्रामक' बताया था। अब 2026 के पेपर लीक की जांच में 2025 का मामला भी जुड़ गया है।
सर्वाधिक पढ़ी गयी ख़बरें
यह मामला देश के मेडिकल एजुकेशन सिस्टम में गहरी साजिश की ओर इशारा कर रहा है। CBI अब यह पता लगाने में जुटी है कि कितने और छात्रों ने पेपर लीक रैकेट का फायदा उठाया। शिक्षा माफिया पर लगातार कार्रवाई हो रही है, लेकिन NEET जैसी बड़ी परीक्षा में बार-बार लीक होने से छात्रों और अभिभावकों में गुस्सा बढ़ता जा रहा है। CBI की जांच जारी है और आगे और गिरफ्तारियां हो सकती हैं।