मुस्तफिजुर रहमान के IPL 2026 से हटाये जाने के बाद बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड और सरकार ने टी20 विश्व कप के मुक़ाबलों को भारत से बाहर कराने की मांग उठाई है।
बांग्लादेशी खिलाड़ी मुस्तफिजुर रहमान के आईपीएल से बाहर किये जाने के बाद अब भारत और बांग्लादेश क्रिकेट बोर्डों के बीच विवाद पाकिस्तान बोर्ड जैसा हो गया है, जहाँ दोनों देश एक-दूसरे के देश में मैच नहीं खेलते हैं। बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड यानी बीसीबी ने इस मामले में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद यानी आईसीसी को पत्र लिखा है बीसीबी चाहता है कि टी20 विश्व कप 2026 के उनके मैच भारत से श्रीलंका में शिफ्ट कर दिए जाएं।
बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड इसके लिए अपने खिलाड़ियों की सुरक्षा का हवाला दिया है। यह फैसला तब लिया गया जब बांग्लादेश के तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान को कोलकाता नाइट राइडर्स यानी केकेआर ने इंडियन प्रीमियर लीग यानी आईपीएल 2026 के लिए अपनी टीम से बाहर कर दिया। भारतीय क्रिकेट बोर्ड यानी बीसीसीआई के निर्देश पर केकेआर ने रहमान को बाहर किया है।
बीसीसीआई ने कहा है कि बांग्लादेश में हाल की घटनाओं के कारण केकेआर को मुस्तफिजुर को टीम से रिलीज करने को कहा गया। मुस्तफिजुर को पिछले महीने आईपीएल मिनी ऑक्शन में केकेआर ने 9.20 करोड़ रुपये में खरीदा था। लेकिन बांग्लादेश में हिंदू अल्पसंख्यकों पर हमलों की ख़बरों के बाद भारत में काफी विरोध हुआ। कई राजनीतिक नेता और धार्मिक संगठनों ने इसका विरोध किया। यहाँ तक कि केकेआर के को-ऑनर शाहरुख खान को भी निशाना बनाया गया। आखिरकार बीसीसीआई ने फ्रेंचाइजी को निर्देश दिया और मुस्तफिजुर को रिलीज कर दिया गया। केकेआर को रिप्लेसमेंट प्लेयर लेने की इजाजत भी दी गई है।
बांग्लादेश बोर्ड नाराज़ क्यों?
इस घटना के बाद बांग्लादेश में गुस्सा भड़क उठा। बांग्लादेश के खेल सलाहकार आसिफ नजरूल ने फेसबुक पर पोस्ट लिखकर कहा कि अगर एक बांग्लादेशी क्रिकेटर कॉन्ट्रैक्ट होने के बावजूद भारत में नहीं खेल सकता, तो पूरी बांग्लादेशी टीम विश्व कप खेलने भारत जाए तो सुरक्षित कैसे महसूस करेगी? बांग्लादेश के खेल सलाहकार ने बीसीबी से कहा है कि वे आईसीसी को पूरी बात बताएं और मैच श्रीलंका में कराने की मांग करें। उन्होंने यह भी कहा कि बांग्लादेश में आईपीएल का प्रसारण रोकने के लिए सूचना मंत्रालय से अनुरोध किया गया है।
बीसीबी ने की इमरजेंसी मीटिंग
बीसीबी के मीडिया कमिटी चेयरमैन अमजद हुसैन ने ईएसपीएन क्रिकइंफो से कहा, 'हमारे तीन मैच कोलकाता में हैं, इसलिए हम आज जो हुआ उसके बारे में आईसीसी को पत्र लिखेंगे।' बीसीबी ने इमरजेंसी मीटिंग की और फैसला लिया कि खिलाड़ियों की सुरक्षा सबसे जरूरी है। वे कोलकाता में खिलाड़ियों की सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं।
टी20 विश्व कप 2026 भारत और श्रीलंका में हो रहा है। बांग्लादेश ग्रुप सी में है, जिसमें इंग्लैंड, वेस्टइंडीज, इटली और नेपाल हैं। बांग्लादेश का मैच 7 फरवरी को ईडन गार्डन्स कोलकाता में वेस्टइंडीज के ख़िलाफ़, 9 फरवरी को ईडन गार्डन्स कोलकाता में इटली के ख़िलाफ़, 14 फरवरी को ईडन गार्डन्स कोलकाता में इंग्लैंड के ख़िलाफ़ और 17 फरवरी को वानखेड़े स्टेडियम मुंबई में नेपाल के ख़िलाफ़ है। यानी उनके चारों ग्रुप मैच भारत में हैं, जिनमें तीन कोलकाता में।पाक की राह पर बांग्लादेश!
पाकिस्तान के मैच पहले से ही श्रीलंका में शिफ्ट कर दिए गए हैं, क्योंकि भारत-पाकिस्तान के बीच तनाव है। अब बांग्लादेश भी इसी तरह की मांग कर रहा है।
दूसरी तरफ, बीसीबी ने हाल ही में अपना घरेलू सीजन का शेड्यूल जारी किया था, जिसमें भारत के खिलाफ तीन वनडे और तीन टी20 मैच शामिल हैं। लेकिन बीसीसीआई ने कहा है कि बांग्लादेश का दौरा करने से पहले सरकार की मंजूरी लेनी होगी। मौजूदा स्थिति में दौरा मुश्किल लग रहा है।
बांग्लादेश में शेख हसीना की सरकार गिरने के बाद से राजनीतिक स्थिति तनावपूर्ण है। वहां हिंदू अल्पसंख्यकों पर हमलों की खबरें आई हैं, जिससे भारत-बांग्लादेश संबंध खराब हुए हैं। भारत ने इन हमलों पर चिंता जताई है। इसी वजह से आईपीएल में मुस्तफिजुर का मामला इतना बड़ा हो गया।अब सबकी नजर आईसीसी पर है कि वह इस मांग पर क्या फैसला लेता है। विश्व कप फरवरी में शुरू होने वाला है, इसलिए जल्दी फैसला जरूरी है। क्रिकेट के मैदान पर राजनीति का असर फिर दिख रहा है, जो खेल की भावना के लिए अच्छा नहीं माना जा रहा। कई लोग कह रहे हैं कि खेल को राजनीति से अलग रखना चाहिए, लेकिन मौजूदा हालात में यह मुश्किल हो रहा है। यह मामला दोनों देशों के क्रिकेट संबंधों पर बड़ा असर डाल सकता है।