भारत ने फिर से पाकिस्तान को क्रिकेट मैच में मात दे दी। टी20 वर्ल्ड कप के ग्रुप मैच में भारत ने पाकिस्तान को एकतरफ़ा मुक़ाबले में 61 रनों से हरा दिया। यह टी20 इंटरनेशनल में भारत-पाकिस्तान के बीच अब तक की सबसे बड़ी जीत है। इस जीत से भारत ने तीन मैचों में तीन जीत के साथ सुपर 8 में जगह पक्की कर ली है। इस जीत से भारत-पाकिस्तान के बीच टी20 वर्ल्ड कप में स्कोर 8-1 हो गया है। भारत ने लगातार पाकिस्तान को हराया है। इससे पहले भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान सूर्यकुमार यादव रविवार को टी20 वर्ल्ड कप के ग्रुप मैच में पाकिस्तान के कप्तान सलमान आगा से टॉस के समय हाथ नहीं मिलाया।

पाकिस्तान ने टॉस जीतकर भारत को पहले बल्लेबाजी के लिए भेजा। पिच स्पिन फ्रेंडली और थोड़ी चिपचिपी थी, जहां रन बनाना आसान नहीं था। लेकिन भारतीय ओपनर इशान किशन ने कमाल का प्रदर्शन किया। उन्होंने सिर्फ 40 गेंदों में 77 रन बनाए, जिसमें 10 चौके और 3 छक्के शामिल थे। सूर्यकुमार यादव ने 32 रन बनाए। भारत ने 20 ओवर में 175/7 का स्कोर बनाया। पाकिस्तान के स्पिनर सैम अयूब ने 3 विकेट लिए, लेकिन बाकी गेंदबाज भारत को रोक नहीं पाए।

पाकिस्तान की बल्लेबाजी फ्लॉप

176 रनों का पीछा करने उतरी पाकिस्तान टीम की शुरुआत बेहद ख़राब रही। जसप्रीत बुमराह और हार्दिक पांड्या ने शुरुआती विकेट झटके। पाकिस्तान के बल्लेबाज एक के बाद एक आउट होते गए। उस्मान खान ने 44 रन बनाए, लेकिन बाकी कोई बड़ा स्कोर नहीं बना सका। 18 ओवरों में 114 रन बनाकर पूरी टीम आउट हो गयी। पहले ओवर में ही पाक का 0 रन पर 1 विकेट गिर गया था और 4.5 ओवर में 34 रनों पर तीन विकेट गँवा दिए थे। भारतीय गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन किया। हार्दिक पांड्या (2/16), जसप्रीत बुमराह (2/17), वरुण चक्रवर्ती (2/17) और अक्षर पटेल (2/29) ने विकेट लिए। पाकिस्तान की बल्लेबाजी पूरी तरह बिखर गई। वे कभी मुकाबले में नहीं लौट सके।
ताज़ा ख़बरें
भारत और पाकिस्तान के बीच ग्रुप मैच श्रीलंका की राजधानी कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में खेला गया। इस मुक़ाबले में पाकिस्तान ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाज़ी का फ़ैसला किया।

पाक कैप्टन सलमान से हाथ नहीं मिलाया सूर्यकुमार ने

पाकिस्तान टीम के ख़िलाड़ियों से हाथ नहीं मिलाने का यह फ़ैसला नया नहीं है। पिछले साल एशिया कप 2025 में भी भारत ने पाकिस्तान से हाथ नहीं मिलाया था। उस समय 'ऑपरेशन सिंदूर' के बाद दोनों देशों के बीच तनाव बहुत बढ़ गया था। मई 2025 में पहलगाम हमले के बाद भारत ने पाकिस्तान में आतंकी ठिकानों पर मिसाइल हमला किया, जिसे ऑपरेशन सिंदूर नाम दिया गया। उसके बाद से क्रिकेट में भी रिश्ते बिगड़े हैं।

सूर्यकुमार और सलमान आगा

एशिया कप में तीन मैचों में सूर्यकुमार ने सलमान आगा से हाथ नहीं मिलाया। फाइनल में भारत ने जीत के बाद एशियन क्रिकेट काउंसिल के चेयरमैन पाकिस्तान के इंटीरियर मंत्री मोहसिन नकवी से ट्रॉफी नहीं ली। ट्रॉफी अभी भी नहीं मिली है।

पाक ने दी थी मैच बहिष्कार की धमकी

इस बार भी तनाव कम नहीं हुआ है। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने पहले भारत के मैच का बहिष्कार करने की धमकी दी थी, क्योंकि बांग्लादेश की जगह स्कॉटलैंड को टूर्नामेंट में शामिल किया गया। उन्होंने बीसीसीआई पर छोटी टीमों पर दबाव डालने का आरोप लगाया। लेकिन बाद में पाकिस्तान ने आईसीसी के सामने कई शर्तें रखीं। आईसीसी के प्रतिनिधिमंडल ने बात की और फिर वे पीछे हट गए।

कप्तानों ने क्या कहा?

प्री-मैच प्रेस कॉन्फ्रेंस में सूर्यकुमार यादव से शनिवार को हाथ मिलाने के बारे में पूछा गया। उन्होंने मजाक में कहा, '24 घंटे इंतजार करो। अच्छा खाओ, अच्छी नींद लो, कल देखेंगे।' उन्होंने कहा था, 'हम क्रिकेट खेलने आए हैं, अच्छा क्रिकेट खेलेंगे। हाथ मिलाने का फैसला बाद में लेंगे।'
खेल से और ख़बरें
पाकिस्तान के कप्तान सलमान आगा ने भी यही कहा, 'कल देखेंगे।' उन्होंने कहा कि मैच क्रिकेट के स्पिरिट में खेला जाना चाहिए और फैसला भारत पर है।

पूर्व क्रिकेटर की प्रतिक्रिया

पूर्व भारतीय बल्लेबाज और कमेंटेटर संजय मांजरेकर ने इस 'नो हैंडशेक' पॉलिसी को बेवकूफी बताया। उन्होंने एक्स पर लिखा, "यह 'नो हैंडशेक' बहुत बेवकूफी वाली बात है जो भारत ने शुरू की है। हमारे जैसे बड़े देश के लिए यह शोभा नहीं देता। या तो खेल के स्पिरिट में खेलो, या फिर पाकिस्तान से मैच मत खेलो।"

मैच कितना अहम?

यह मैच ग्रुप ए में है। दोनों टीमों के लिए बहुत अहम है। स्टेडियम में 35000 टिकट बिक चुके हैं। कोलंबो में होटल के रेट दोगुने हो गए हैं। मैच शाम 7 बजे से शुरू होगा। मौसम में बारिश की संभावना है, लेकिन उम्मीद है कि मैच पूरा होगा।
सर्वाधिक पढ़ी गयी ख़बरें

भारत-पाक तनाव लंबे समय से

यह विवाद भारत-पाक के बीच लंबे समय से चले आ रहे तनावपूर्ण संबंधों के संदर्भ में देखा जा रहा है। भारत ने 2008 के मुंबई हमले के बाद से पाकिस्तान के साथ द्विपक्षीय क्रिकेट सीरीज बंद कर दी है और केवल बहुपक्षीय टूर्नामेंट्स में ही दोनों टीमें आमने-सामने होती हैं।

बहरहाल, टी20 वर्ल्ड कप के इस मैच को लेकर क्रिकेट प्रेमी उत्साहित हैं, लेकिन राजनीतिक तनाव के कारण हैंडशेक का मुद्दा फिर से चर्चा में है। मैच मैदान पर खेला जाएगा, लेकिन ऑफ-फील्ड विवाद जारी रह सकता है।