तमिलनाडु विधानसभा चुनाव 2026 में अभिनेता से नेता बने सी. जोसेफ विजय की तमिलगा वेट्ट्री कझगम (TVK) पार्टी ने शानदार उपस्थिति जताते हुए राज्य की राजनीति को हिला दिया है। युवा मतदाताओं, खासकर जेन जे़ड (Gen Z) के भारी समर्थन से टीवीके सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है। यह चुनाव तमिल युवकों के "परिवर्तन" (Change) की मांग का प्रतीक बन गया है।
TVK ने 234 सदस्यीय विधानसभा में 108 सीटें जीतीं, जो बहुमत (118) से सिर्फ 10 सीटें कम हैं। पार्टी को करीब 35 प्रतिशत वोट शेयर मिला और 1.6 करोड़ से ज्यादा वोट पड़े। विजय खुद पेराम्बूर और तिरुचि ईस्ट दोनों सीटों से विजयी रहे। इस सफलता ने डीएमके और AIADMK की दशकों पुरानी दो दलीय राजनीति को चुनौती दी है।

Gen Z मतदाताओं की आवाज़

द हिन्दू ने लेखिका सहाना मीरा एस. को कोट किया है। उन्होंने लिखा है कि पहली बार वोट डालने वाले युवाओं से बातचीत में विजय के फैनडम की ताकत साफ दिखी, चाहे उनकी राजनीतिक समझ कितनी भी हो। टीवीके ने विभिन्न सामाजिक-राजनीतिक पृष्ठभूमि के जेन जे़ड युवकों को आकर्षित किया। कई युवा इसे "Gen Z मोमेंट" मान रहे हैं, जहां उन्होंने सामूहिक रूप से "परिवर्तन" की मांग की थी।
चेन्नई की 19 वर्षीय फैशन डिजाइन छात्रा नितिशा एस.आर. ने इसे अपनी "कोर मेमोरी" का वोट बताया। उन्होंने कहा, "हम बस बदलाव चाहते थे। अगर टीवीके मैदान में नहीं होती तो मैं एनटीके को वोट देती।" विजय की फिल्मों को देखकर बड़ी हुई नितिशा ने इसे अपनी पीढ़ी की बदलाव की बेचैनी बताया।
थेनी के 19 वर्षीय इंजीनियरिंग छात्र विश्वजित वी. ने कहा कि विजय ने सोशल मीडिया पर अपने भाषणों से जेन जे़ड से सीधा जुड़ाव बनाया। "अन्य पार्टियां अपने पारंपरिक वोटरों पर फोकस करती रहीं, लेकिन TVK ने युवा वोट बैंक को टारगेट किया। मैं फैन हूं, लेकिन वोट देने से पहले मैंने पार्टी के घोषणा-पत्र पढ़े। यह पल अविश्वसनीय लग रहा है।"

विजय

युवाओं में फैनडम का असर

द हिन्दू की रिपोर्ट में कहा गया है कि विजय के फैन फॉलोइंग ने राजनीतिक ज्ञान या विचारधारा से परे युवाओं को प्रभावित किया। टीवीके की सफलता युवाओं के बीच "परिवर्तन" शब्द को एकजुट करने वाली ताकत साबित हुई। जेन जे़ड मतदाताओं ने पारंपरिक दलों से दूर होकर नए विकल्प को चुना।
तमिलनाडु के इस चुनाव परिणाम को ऐतिहासिक माना जा रहा है, क्योंकि एक नए दल ने इतनी बड़ी संख्या में सीटें जीतकर स्थापित दलों को पीछे छोड़ दिया। TVK की यह जीत युवा शक्ति और सोशल मीडिया के प्रभाव को स्पष्ट तौर पर बताती है।