लखनऊ यूनिवर्सिटी (LU) के जूलॉजी विभाग के सहायक प्रोफेसर डॉ. परमजीत सिंह को एक छात्रा को कथित पेपर लीक करने की कोशिश के आरोप में गिरफ्तार कर लिया गया है। वायरल हुए ऑडियो क्लिप में प्रोफेसर छात्रा को "डार्लिंग" कहकर संबोधित करते हैं और पेपर लीक करने का ऑफर देते सुनाई देते हैं। वे उसे अकेले में आने का दबाव भी डालते हैं।
विश्वविद्यालय प्रशासन और पुलिस के अनुसार, छात्रा ने ऑडियो रिकॉर्डिंग विश्वविद्यालय प्रशासन को सौंपी, जिसके बाद परीक्षा नियंत्रक ने औपचारिक शिकायत दर्ज कराई। ऑडियो के वायरल होने के बाद प्रोफेसर को पुलिस हिरासत में लिया गया।

ऑडियो क्लिप में क्या है?

ऑडियो में प्रोफेसर छात्रा से कथित तौर पर कहते हैं, “लीक्ड पेपर्स फॉर यू, डार्लिंग”। एक अन्य हिस्से में जब छात्रा कहती है कि “सर, मैंने पढ़ाई कर ली है और सिलेबस पूरा कर लिया है”, तो प्रोफेसर जवाब देते हैं, “तो तुम मुझसे मिलने भी नहीं आओगी एक बार?” और आगे कहते हैं, “एग्जाम से पहले आ जाओ, सात दिनों के अंदर”।
ताज़ा ख़बरें
ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद काफी चर्चा में है। लोग नीट पेपर लीक की वजह से इस पर ज्यादा चर्चा कर रहे हैं।  

प्रोफेसर परमजीत का बयान

डॉ. परमजीत सिंह ने सभी आरोपों से इनकार किया है। उन्होंने दावा किया कि यह उन्‍हें निशाना बनाने की साजिश है और विश्वविद्यालय की आंतरिक राजनीति का हिस्सा है। पुलिस ने कहा है कि वायरल ऑडियो की विश्सनीयता और अन्य सबूतों की जांच की जा रही है।

लखनऊ यूनिवर्सिटी ने मामले की जांच के लिए एक समिति गठित कर दी है। समिति छात्रा के यौन उत्पीड़न और कथित पेपर लीक के आरोपों की जांच करेगी।

ABVP की राजनीति

मामले के सामने आने के बाद अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) के कार्यकर्ताओं ने कैंपस में प्रदर्शन किया। ABVP ने प्रोफेसर की तुरंत बर्खास्तगी और गिरफ्तारी की मांग की।ABVP यूनिट प्रेसिडेंट जय श्रीवास्तव ने कहा कि “गुरु-शिष्य परंपरा” को कलंकित करने वालों को नहीं बख्शा जाना चाहिए। संगठन ने परीक्षाओं की पवित्रता बनाए रखने संबंधी कानूनों के तहत सख्त कार्रवाई की मांग की और चेतावनी दी कि अगर त्वरित कार्रवाई नहीं हुई तो बड़े प्रदर्शन किए जाएंगे। 
सर्वाधिक पढ़ी गयी खबरें
इस घटना ने लखनऊ यूनिवर्सिटी को झकझोर दिया है। क्योंकि जिस प्रोफेसर का नाम इस मामले में आ रहा है, उनकी छवि यूनिवर्सिटी में ठीकठाक है। तमाम लोग सोशल मीडिया और वाट्सऐप ग्रुपों में इस पर बात कर रहे हैं। बहरहाल, छात्रा की शिकायत के आधार पर पुलिस जांच में तेजी आ गई है। एबीवीपी इसे मुद्दा बनाए हुए है।