कोटद्वार (उत्तराखंड) में जिम मालिक दीपक कुमार को लगातार मजबूत समर्थन मिल रहा है। सुप्रीम कोर्ट के 15 सीनियर वकीलों ने उनके जिम की सदस्यता लेने की घोषणा की है। दीपक को सोशल मीडिया पर 'मोहम्मद दीपक' के नाम से जाना जाने लगा है। वो कुछ कट्टर लोगों की नफरत के शिकार हो गए थे लेकिन अब उनके लिए देशव्यापी समर्थन उमड़ रहा है।
26 जनवरी को कोटद्वार के भद्रिनाथ रोड स्थित हल्क जिम के मालिक दीपक कुमार ने 70 वर्षीय मुस्लिम दुकानदार की मदद की थी। बुजुर्ग मुस्लिम दुकानदार को बजरंग दल के सदस्य  दुकान के नाम में 'बाबा' शब्द को हटाने के लिए परेशान कर रहे थे। दीपक ने हस्तक्षेप किया और जब उनसे उनका नाम पूछा गया, तो उन्होंने कहा, "मेरा नाम मोहम्मद दीपक है।" यह वीडियो वायरल हो गया, जिसके बाद कट्टर हिंदुत्व समूहों ने उनके खिलाफ नफरत अभियान छेड़ दिया।

इसका नतीजा यह निकला कि उनके जिम की सदस्यता 150 से घटकर मात्र 15 रह गई। दीपक को मासिक किराया 40,000 रुपये और होम लोन की किस्त 16,000 रुपये चुकानी पड़ती है, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति बुरी तरह प्रभावित हुई। 31 जनवरी को बजरंग दल के सदस्यों ने उन्हें घेरने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने हस्तक्षेप कर स्थिति संभाली। ऑनलाइन भी उनके खिलाफ घृणा फैलाई जा रही है। हालांकि जिस तरह उनके खिलाफ कट्टरपंथी नफरत फैला रहे हैं, ठीक उसी तरह उनका समर्थन भी बढ़ रहा है। लोग देश के तमाम हिस्सों से कोटद्वार जाकर दीपक को सम्मानित कर रहे हैं। 

अब इस मुश्किल घड़ी में दीपक को बड़े पैमाने पर सहयोग मिल रहा है। सुप्रीम कोर्ट के 15 वरिष्ठ वकीलों ने एकजुट होकर उनके जिम में एक-एक वर्ष की सदस्यता ली है और हर किसी ने 10,000 रुपये की फीस दी है। यह कदम सीपीआई(एम) सांसद जॉन ब्रिट्टास से प्रेरित है, जिन्होंने पहले जिम का दौरा कर सदस्यता ली थी।

इसके अलावा, 20 से अधिक वकीलों ने दीपक को मुफ्त कानूनी सहायता देने का वादा किया है। एक अधिवक्ता ने कहा, "26 जनवरी को सांप्रदायिक सद्भाव के लिए खड़े होने के कारण दीपक को किसी भी कानूनी परिणाम का सामना करना पड़े, तो उन्हें सर्वश्रेष्ठ मुफ्त कानूनी प्रतिनिधित्व मिलेगा।"

अभिनेत्री स्वरा भास्कर और लेखक हर्ष मंदर ने भी सदस्यता खरीदने का सुझाव दिया था। सोशल मीडिया पर सैकड़ों लोग जिम के खाते के विवरण मांग रहे हैं ताकि आर्थिक मदद पहुंचा सकें। कुछ ने ऑनलाइन सेशन शुरू करने की सलाह दी है। जयपुर के सामाजिक कार्यकर्ता अवी डांडिया ने पहले ही 100 आवेदकों के लिए एक माह की मुफ्त सदस्यता स्पॉन्सर करने की पेशकश की है।

भारत के नेता विपक्ष राहुल गांधी ने भी दीपक कुमार की तारीफ करते हुए उन्हें बब्बर शेर कहा। राहुल गांधी ने उत्तराखंड कांग्रेस के नेताओं को निर्देश दिया है कि वे खुलकर दीपक कुमार का समर्थन करें। सोशल मीडिया पर कुछ लोगों ने फोटो शेयर किए, जिसमें वे दीपक कुमार को सम्मानित किया। हाल ही में जब वरिष्ठ पत्रकार अजीत अंजुम उनका इंटरव्यू करने कोटद्वार गए तो उनके सामने ही दीपक कुमार को उनके मोबाइल नंबर पर धमकियां दी गईं। अजीत अंजुम ने उस धमकी को रिकार्ड कर लिया। उसे एक्स पर डाला। जिस पर आम लोगों ने सोशल मीडिया पर दीपक समर्थन किया और कहा कि उत्तराखंड पुलिस को फौरन केस दर्ज करना चाहिए।