बंगाल के अंतिम चरण का चुनाव प्रचार ख़त्म हो गया है और प्रधानमंत्री तथा गृहमंत्री वापस दिल्ली लौट चुके हैं। लेख का विषय बंगाल के इस चुनाव में दिखी कुछ ज्यादा ही डरावनी बातों की चर्चा है, लेकिन खुद इस पर चुनावी रंग न चढ़ने देने की मंशा से ही इसे लिखने में देरी की गई। चुनाव हर बार ज्यादा दिलचस्पी जगाते हैं, उनके नतीजों का असर सामान्य दिखने की तुलना में ज्यादा गहरा होता है। लेकिन बंगाल का इस बार का चुनाव पड़ोस के असम या साथ चुनाव में उतरे तमिलनाडु और केरल से कहीं ज्यादा दूरगामी असर वाला है, इसकी विकृतियां ज्यादा बड़ी हैं। और दुखद यह है कि इसके नायक या खलनायक तो शीर्ष वाले वही लोग थे जिन पर मुल्क, प्रदेश और राजनीति को चलाने का जिम्मा है।
यह सब कहने का मतलब यही है कि बंगाल चुनाव के नतीजों के बाद वहां जो कोई सत्ता में आए या केंद्र में बैठे बड़े लोग हों, सबको बहुत ठंढे मन से चुनाव के पूरे क्रम और अपने कामों पर भी गंभीरता से सोचना होगा और चीजें सुधारने की तरफ कदम बढ़ाने होंगे। उम्मीद ज्यादा नहीं है लेकिन यह भी लगता है कि अगर एक दशक तक गंभीरता से काम हो तब शायद सुधार हो पाएगा। इसमें लोगों की मुस्तैदी भी जरूरी है लेकिन आज चुनाव ऐसा बन चुका है कि चीजें कहां से संचालित होती हैं, कहना मुश्किल है और लोगों के पास एक बटन दबाने में विवेक दिखाने के अलावा ज़्यादा कुछ बचा नहीं है। शायद उससे ही चमत्कार हो जाए।

चुनाव पर भारी खर्च

चुनावी खर्च मुद्दा नहीं रह गया है और बंगाल चुनाव में भी ज्यादा बड़ा मुद्दा हो, लगा नहीं। अदने से विधायक हुमायूं कबीर को कथित तौर पर हजार करोड़ रुपए देने की पेशकश और उनका कबूलनाम भी मुद्दा नहीं बन पाए। बाकी कितना पैसा पकड़ा गया, कितनी शराब जब्त हुई टाइप सूचनाओं से तो अब खर्च का हिसाब नहीं लगता। सिर्फ एक दल के डेढ़ सौ हेलीकाप्टर या चार्टर्ड प्लेन चुनाव भर मंडराते रहे तो कितना खर्च आया होगा, यह सोचा जा सकता है। हां, इस बार बंगाल में बाहर से बड़े पैमाने पर दूसरे राज्यों में गए वोटर ढोकर लाए गए, उसकी चर्चा ज़रूर हुई। खर्च में वाम दल और कांग्रेस की कौन कहे ममता बनर्जी की पार्टी का हिसाब भी भाजपा की तुलना में नगण्य था। लेकिन भाजपा इसी तरह का खर्च करने और मैनेजमेंट के लिए ‘नामी’ है। और वह अभी तक कहीं भी चुनावी मुद्दा नहीं बना है-कभी इसी बंगाल या पड़ोस के बिहार में यह बनता भी था।
ताज़ा ख़बरें
पर हिंसा के मामले में तृणमूल कमजोर पड़ी हो, यह कहना मुश्किल है। भाजपा ने अपने भर प्रयास किया लेकिन उसमें केन्द्रीय बलों और केंद्र सरकार के बल का भी हिस्सा था। और चाहे केन्द्रीय बलों की ताकत से हो या जैसे भी, लेकिन चुनाव अगर हिंसा से मुक्त हों, या इस बार पहले की तुलना में कम हिंसा हुई हो तो उसका स्वागत किया जाना चाहिए। पर बीजेपी एक तरफ़ भयमुक्त चुनाव का दावा करती रही लेकिन सबसे छंटे बदमाशों को टिकट देने में परहेज नहीं किया। यह क्या है और इसके पीछे की मंशा क्या है, यह समझना आसान नहीं है। पर बंगाल चुनाव में हिंसा की परंपरा बनाने में वाम दलों की भी भूमिका रही है। और अगर कभी बिहार के चुनाव हिंसा के लिए बदनाम थे तो आज वह बदल चुका है। लेकिन बंगाल में चुनाव देश भर में सबसे ज्यादा हिंसक क्यों है, इस पर ममता बनर्जी और अधीर रंजन चौधरी को भी सोचना होगा।

मतदाता सूची में लाखों नाम कटे

इस बार बंगाल चुनाव मतदाता सूची का विशेष संशोधन अभियान सबसे ज्यादा चर्चा में रहा और आखिरी दिन तक अदालती आदेश से वोट का हक पाने की उम्मीद लगाए लाखों वोटर मायूस हुए। अपने दोस्त योगेंद्र यादव का कहना है कि अक्टूबर 2025 को, अर्थात इस अभियान के शुरू होने से पहले राज्य की वयस्क आबादी 7.67 करोड़ थी और राज्य में मतदाताओं की संख्या 7.66 करोड़। साफ़ है कि यहाँ ज्यादा कुछ करने की ज़रूरत नहीं थी। लेकिन चुनाव आयोग ने पहले 58 लाख नाम काटे और फिर 60 लाख नामों पर ‘लॉजिकल डिस्क्रिपेंसी’ का लाल झण्डा गाड़ दिया गया। इनमें से ज़्यादातर वोट के अधिकार से वंचित हुए। 
पश्चिम बंगाल से और ख़बरें
किस-किस तरह की ग़लतियाँ सामने आईं, यह गिनवाना बहुत होगा लेकिन जब लोग कलेक्टर को घेरने तक पहुँच गए तब भी मामले को एकतरफा रखा गया। अदालती दखल भी चुनाव आयोग की तरफ़ झुका था। और जब इसी क्रम में ईडी के इस्तेमाल और सीधे मुख्यमंत्री द्वारा हंगामा करने का मामला सामने आया तो फिर इस सारे शुद्धिकरण अभियान की गंदगी, जिसे न दिखी हो वही अंधा कहलाएगा। हर राज्य में नामों में कतर ब्योंत हुई है लेकिन बंगाल की तरह कहीं नहीं हुई है।

ममता शासन के 15 साल का रिकॉर्ड और उससे पैदा नाराज़गी के मुख्य चुनावी मुद्दा बनने की जगह मतदाता सूची का शुद्धिकरण ही मुख्य मुद्दा बन गया। पता नहीं, इससे ममता को लाभ हो गया या भाजपा की मंशा इस बार पूरी हो जाएगी, यह चार मई को साफ़ होगा।

अब नरेंद्र मोदी, अमित शाह, शुभेन्दु अभिकारी, ममता बनर्जी, सायोनी घोष जैसे नेताओं की फौज द्वारा इस चुनाव में की गई गलतियों की सूची बनाने बैठें तो वह इतनी बड़ी बन जाएगी कि पूरा पुराण ही रचा जा सकता है। लेकिन बंगाल जीतने की तमन्ना मोदी-शाह के अंदर इस कदर हावी रही है कि उन्होंने इससे पहले के चुनावों में भी ऐसी डरावनी गलतियां की हैं। और ममता बनर्जी बंगाल की सेवा के लिए इतनी बेचैन हैं कि उन्होंने जबाब देने में कमी नहीं की। 
सर्वाधिक पढ़ी गयी ख़बरें
इससे पहले चुनाव में मतुआ के नाम पर बंगाल के शांत समाज में जाति की फूट पैदा करने की कोशिश हुई तो उससे पहले हिन्दु मुसलमान ध्रुवीकरण का प्रयास हुआ। इन दोनों से नुकसान हुआ और अभी तक उसका असर है। लेकिन इस बार संसाधनों की बर्बादी और हिंसा के साथ एसआईआर के नाम पर जो नाटक चला है और हिंसा रोकने के नाम पर केन्द्रीय बलों का जिस तरह का शक्ति प्रदर्शन रहा है, वह लोकतंत्र पर ही भारी पड़ता लग रहा है। नाम काटना सिर्फ किरानीगीरी वाली भूल नहीं है। और जो यह कर करा रहे हैं उनको यह सब मालूम है। फिर भी यह हो रहा था, यही सबसे दुखद है। काश चुनाव बाद चीजें सुधरें।