कैलिफोर्निया में छह दिन से लापता भारतीय छात्र मृत पाया गया। स्थानीय प्रशासन जांच में जुटा है, परिवार और भारतीय समुदाय में शोक की लहर।
साकेत श्रीनिवासैया (फोटो साभार/लिंक्डइन)
कलिफोर्निया में लापता भारतीय छात्र साकेत श्रीनिवासैया का अब शव मिला है। यह दुखद खबर रविवार को सामने आई। साकेत 22 साल के थे और यूनिवर्सिटी ऑफ कैलिफोर्निया बर्कले में मास्टर्स कर रहे थे। वे 9 फरवरी से लापता थे। भारतीय वाणिज्य दूतावास सैन फ्रांसिस्को ने इसकी पुष्टि की है। वह आईआईटी मद्रास से बीटेक करने के बाद मास्टर्स की डिग्री के लिए बर्कले गए थे।
साकेत कर्नाटक के रहने वाले थे। वे 9 फरवरी को बर्कले हिल्स में लेक अंजा के पास आखिरी बार देखे गए थे। उनके बैग में पासपोर्ट और लैपटॉप था, जो किसी घर के दरवाजे पर मिला था। इसके बाद पुलिस, दोस्तों और परिवार ने बड़े पैमाने पर तलाश शुरू की। साउंड नेविगेशन एंड रेंजिंग यानी सोनार उपकरण, ड्रोन और डाइवर्स की मदद ली गई। शनिवार को लेक अंजा में उनका शव मिला। पुलिस ने शव की पहचान की और दूतावास को सूचना दी।
दूतावास ने एक्स पर पोस्ट किया, 'दूतावास को गहरा दुख है कि स्थानीय पुलिस ने लापता भारतीय छात्र साकेत श्रीनिवासैया के शव की बरामदगी की पुष्टि की है। हम परिवार और प्रियजनों को हार्दिक संवेदना देते हैं।' दूतावास ने कहा कि वे परिवार की हर मदद करेंगे, जैसे स्थानीय अधिकारियों से समन्वय और शव को भारत लाने की व्यवस्था। कांसुलर अधिकारी परिवार से सीधे संपर्क में हैं।
साकेत कौन थे?
साकेत बहुत होनहार छात्र थे। उन्होंने आईआईटी मद्रास से केमिकल इंजीनियरिंग में बीटेक किया। अभी वे यूनिवर्सिटी ऑफ कैलिफोर्निया बर्कले में केमिकल एंड बायोमॉलिक्यूलर इंजीनियरिंग में मास्टर्स कर रहे थे। प्रोग्राम अगस्त 2025 से मई 2026 तक था।
उनका लिंक्डइन प्रोफाइल बताता है कि वे डीप-टेक इनोवेशन, सॉफ्ट और एक्टिव मटेरियल्स, सेमीकंडक्टर और एडवांस्ड मटेरियल्स में रुचि रखते थे। आईआईटी मद्रास में उन्होंने पॉलिमर इंजीनियरिंग लैब में रिसर्च किया। अनलिवर और डॉ. रेड्डीज लैबोरेटरीज में इंटर्नशिप की। ई-सेल आईआईटी मद्रास में ग्रोथ एंड स्ट्रैटेजिक इनिशिएटिव्स के हेड रहे। केमिकल इंजीनियरिंग डिपार्टमेंट में लेजिस्लेटर भी थे।रूममेट ने क्या कहा?
साकेत के रूममेट बनीत सिंह ने लिंक्डइन पर पोस्ट किया था कि साकेत 9 फरवरी से लापता हैं। उन्होंने मदद मांगी थी। बाद में उन्होंने शव मिलने की पुष्टि की। कुछ रिपोर्टों में कहा गया कि साकेत ने रूममेट से कहा था कि वे 'जीवन की परवाह नहीं करते'। कुछ जगहों पर सुसाइड की बात कही गई है, लेकिन पुलिस ने अभी मौत का कारण नहीं बताया। जांच जारी है– यह हादसा था या कुछ और, यह पता लगाया जा रहा है। कर्नाटक सरकार और विदेश मंत्रालय ने भी मदद की कोशिश की।
यह घटना भारतीय छात्रों के लिए बहुत दुखद है जो विदेश में पढ़ाई करते हैं। दूतावास ने शव को जल्द भारत लाने का वादा किया है।