ईरान की सेना ने पश्चिम एशिया में अमेरिका और इसराइल से जुड़े आर्थिक एवं बैंकिंग केंद्रों पर हमले की कड़ी चेतावनी दी है। यह धमकी तब आई है जब ईरानी मीडिया के अनुसार, अमेरिका और इसराइल की संयुक्त हवाई कार्रवाई में तेहरान स्थित एक बैंक पर हमला हुआ, जिसमें बैंक के कई कर्मचारियों की मौत हो गई।
ईरान की प्रमुख सैन्य कमान खातम अल-अंबिया हेडक्वार्टर्स ने एक बयान जारी कर कहा, "दुश्मन ने हमें अमेरिका और ज़ायोनी शासन (इसराइल) से जुड़े आर्थिक केंद्रों और बैंकों पर हमला करने की खुली छूट दे दी है।" बयान में कहा गया कि दुश्मन की इस "अवैध और असामान्य कार्रवाई" के जवाब में पश्चिम एशिया में स्थित अमेरिका और इसराइल से जुड़े आर्थिक एवं बैंकिंग केंद्रों को निशाना बनाएगा।
ईरानी सेना के प्रवक्ता ने चेतावनी देते हुए क्षेत्र के लोगों से अपील की कि वे बैंकों से 1 किलोमीटर (1000 मीटर) की दूरी बनाकर रखें। राज्य मीडिया आईआरएनए के अनुसार, प्रवक्ता ने कहा, "तेहरान अमेरिका और इसराइल से जुड़े क्षेत्रीय आर्थिक एवं बैंकिंग केंद्रों पर हमला करेगा।"
ताज़ा ख़बरें
यह धमकी ऐसे समय में आई है जब ईरान ने तेल से जुड़े हमलों के बाद अब बैंकिंग क्षेत्र को निशाना बनाने की बात कही है। पिछले दिनों ईरान ने पर्शियन गल्फ में तेल ढोने वाले जहाजों और तेल ढांचों पर हमले तेज कर दिए थे, जिससे होर्मुज जलडमरूमध्य के जरिए वैश्विक तेल आपूर्ति का एक बड़ा हिस्सा (लगभग 20%) प्रभावित हुआ है।

होर्मुज में तीन जहाज़ों पर मिसाइल हमला

ब्रिटेन की समुद्री एजेंसी ने बताया कि बुधवार को होर्मुज जलडमरूमध्य के पास अज्ञात मिसाइलों से तीन जहाजों को निशाना बनाया गया। इससे पहले, अमेरिकी सेना ने दावा किया था कि उसने होर्मुज के पास ईरानी बारूदी सुरंग बिछाने वाले जहाजों को नष्ट कर दिया है। सूत्रों ने सीएनएन को बताया कि तेहरान ने इस महत्वपूर्ण जलमार्ग में बारूदी सुरंगें बिछाना शुरू कर दिया है।

होर्मुज में तीन जहाज़ों पर हमले हुए हैं

मिडिल ईस्ट में ईरान के हमले 12वें दिन भी जारी

  • ईरानी ड्रोन ने दुबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट के पास बुधवार को हमला किया, जिसमें 4 लोग घायल हुए, हालांकि उड़ानें जारी रहीं।
  • होर्मुज जलडमरूमध्य में ओमान तट के पास एक कंटेनर जहाज पर प्रोजेक्टाइल से हमला हुआ, जिसमें आग लग गई और अधिकांश चालक दल को जहाज छोड़ना पड़ा
  • कुवैत ने 8 ईरानी ड्रोन को मार गिराया।
  • सऊदी अरब ने शायबाह ऑयल फील्ड और प्रिंस सुल्तान एयर बेस की ओर आने वाले ड्रोन और बैलिस्टिक मिसाइलों को रोक लिया। इन एयरबेस पर यूएस आर्मी अपना ऑपरेशन चलाती है।

इंटरनेशनल सिटी होने की वजह से दुबई (संयुक्त अरब अमीरात) सबसे ज्यादा जोखिम में है। यहां बड़ी संख्या में अंतरराष्ट्रीय बैंक और वित्तीय संस्थान हैं। सऊदी अरब और बहरीन जैसे अन्य क्षेत्रीय वित्तीय केंद्र भी खतरे में हैं।

ईरान में करीब 20,000 इमारतों को नुकसानः रेड क्रिसेंट

ईरानी रेड क्रिसेंट सोसाइटी के अनुसार, इजरायल-अमेरिका के बीच चल रहे युद्ध के दौरान ईरान भर में लगभग 20,000 नागरिक इमारतों को नुकसान पहुंचा है।संगठन ने कहा कि उसके प्रारंभिक आकलन से पता चलता है कि लगभग 19,734 ढांचे प्रभावित हुए हैं। क्षतिग्रस्त स्थलों में अस्पताल, स्कूल और सहायता केंद्र शामिल हैं। संगठन ने बताया कि प्रभावित इमारतों में 77 चिकित्सा केंद्र और 65 शैक्षणिक संस्थान शामिल हैं। संगठन द्वारा संचालित 16 सुविधाओं को भी नुकसान पहुंचा है।

कतर में दूसरा हमला भी नाकाम

कतर ने कहा कि दूसरा सुरक्षा खतरा टल गया है और स्थिति सामान्य हो गई है। रक्षा मंत्रालय द्वारा दूसरे मिसाइल हमले को नाकाम करने की पुष्टि के बाद, कतर के अधिकारियों ने एक संदेश जारी कर कहा, "सुरक्षा खतरा टल गया है और स्थिति सामान्य हो गई है।" बुधवार को कतर में यह दूसरा मिसाइल हमला था।

ओमान में एक ड्रोन समुद्र में गिरा, दूसरा नाकाम

ओमान की सरकारी समाचार एजेंसी ने बताया है कि दुक्म शहर के उत्तर में एक ड्रोन को मार गिराया गया है और दूसरा समुद्र में गिर गया है। एजेंसी ने बताया कि इस घटना में किसी के हताहत होने या नुकसान की कोई खबर नहीं है। एजेंसी ने कहा कि ओमान "लगातार हो रहे टारगेटेड हमलों" की निंदा करता है और "देश की सुरक्षा और नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक कदम उठा रहा है"।