पाकिस्तान के क्वेटा में चमन फाटक इलाके में हुआ यह विस्फोट इतना तेज था कि आसपास के घरों और इमारतों की खिड़कियाँ और शीशे टूट गए। पास खड़ी कई गाड़ियाँ और मकान भी क्षतिग्रस्त हो गए। ब्लास्ट में ट्रेन जाफर एक्सप्रेस का एक डिब्बा आग की चपेट में आ गया।
पाकिस्तान के क्वेटा में ब्लास्ट
पाकिस्तान के दक्षिण-पश्चिमी शहर क्वेटा में रविवार को रेलवे ट्रैक के पास एक शक्तिशाली ब्लास्ट में कम से कम 24 लोगों की मौत हो गई और कई अन्य गंभीर रूप से घायल हैं। घायलों में से कई की हालत नाजुक बताई जा रही है। न्यूज़ एजेंसी एएफपी के अनुसार, यह धमाका सेना के जवानों और उनके परिवारों को क्वेटा से पेशावर ले जा रही एक ट्रेन को निशाना बनाकर किया गया था। ब्लास्ट के कुछ देर बाद बलोच लिबरेशन आर्मी यानी BLA ने हमले की ज़िम्मेदारी ली। इसने इसे ‘फिदायीन’ हमला बताया और कहा कि ट्रेन में पाकिस्तानी सेना के जवान सवार थे।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार एक अधिकारी ने बताया कि क्वेटा में चमन फाटक के पास जब एक ट्रेन सिग्नल से गुज़र रही थी, तभी बारूद से लदी एक कार ने ट्रेन के एक डिब्बे को टक्कर मार दी। उन्होंने आगे बताया कि इस टक्कर के कारण एक ज़ोरदार धमाका हुआ। इस घटना में मारे गए लोगों में सेना के जवान भी शामिल थे।
इस ज़ोरदार धमाके के बाद ट्रेन के दो डिब्बे पलटे हुए और उनमें आग लगी हुई दिखाई दिए। इन डिब्बों से धुआँ निकल रहा था। एपी ने प्रत्यक्षदर्शियों के हवाले से बताया कि धमाके वाली जगह के पास खड़ी कुछ गाड़ियों को भी नुकसान पहुँचा है।
पाकिस्तान के ARY News और स्थानीय पुलिस के अनुसार, विस्फोट क्वेटा के चमन फाटक इलाके में हुआ। ब्लास्ट इतना तेज था कि आसपास के घरों और इमारतों की खिड़कियाँ और शीशे टूट गए। रेलवे लाइन के पास खड़ी कई गाड़ियाँ और मकान भी क्षतिग्रस्त हो गए। ट्रेन जाफर एक्सप्रेस थी, जो पेशावर जाने वाली थी। ब्लास्ट में ट्रेन के डिब्बे चपेट में आ गये। स्थानीय लोगों, बचाव दलों और फायर ब्रिगेड की टीम तुरंत मौक़े पर पहुँची।
बीएलए का बयान
बलोच लिबरेशन आर्मी यानी बीएलए ने अपने बयान में कहा कि उसके मजीद ब्रिगेड ने यह 'अच्छी तरह से प्लान किया गया' हमला किया। बीएलए ने दावा किया कि ट्रेन क्वेटा छावनी से पाकिस्तानी सेना के जवानों को ले जा रही थी। समूह ने कहा, 'हम इस ऑपरेशन की पूरी जिम्मेदारी लेते हैं। दुश्मन को हुए नुकसान और मौतों की विस्तृत जानकारी जल्द ही जारी की जाएगी।'
सरकार की प्रतिक्रिया
पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने हमले की निंदा की और मरने वालों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की। उन्होंने एक्स पर लिखा, 'आतंकवाद के ऐसे कायरतापूर्ण काम पाकिस्तान के लोगों के संकल्प को कमजोर नहीं कर सकते। हम सभी रूपों में आतंकवाद को जड़ से खत्म करने के लिए दृढ़ हैं।' बलोचिस्तान प्रांत के होम अफेयर्स के विशेष सहायक बाबर यूसुफजई ने कहा कि जानकारी इकट्ठा की जा रही है। उन्होंने सभी सुरक्षा एजेंसियों को अलर्ट रहने को कहा और लोगों से अपील की कि वे बचाव कार्य के दौरान ब्लास्ट वाली जगह के आसपास न जमा हों।
बलोचिस्तान का मुद्दा क्या
क्वेटा बलोचिस्तान प्रांत की राजधानी है, जहाँ लंबे समय से अलगाववादी विद्रोह चल रहा है। बलोच लिबरेशन आर्मी यानी बीएलए पाकिस्तान सरकार से अलग स्वतंत्र बलोचिस्तान की मांग करती है। पहले भी हुए हैं हमले
ठीक एक साल पहले बलोचिस्तान में बीएलए ने एक पैसेंजर ट्रेन को होस्टेज बना लिया था, जिसमें 400 लोग सवार थे। उस समय पाकिस्तानी सुरक्षा बलों ने 33 'आतंकियों' को मार गिराया और सैकड़ों यात्रियों को बचाया था।
इस हमले के बाद बलोचिस्तान में सुरक्षा बलों की तैनाती बढ़ा दी गई है और इलाके में तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।