अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की लोकप्रियता में गिरावट आई है। रॉयटर्स/इप्सोस के नए सर्वे के अनुसार, उनके पक्ष में अनुमोदन रेटिंग 35% रह गई है, जबकि रिपब्लिकन समर्थन भी गिरा है। इस बीच ट्रंप और उनके परिवार को लंबित टैक्स ऑडिट से स्थायी इम्यूनिटी मिल गई है। सीनेट में ईरान युद्ध शक्तियों को सीमित करने वाला प्रस्ताव आगे बढ़ा है, जबकि केंटकी में ट्रंप समर्थक उम्मीदवार ने कांग्रेसमैन थॉमस मैसी को हराया।

21% रिपब्लिकन ट्रंप के प्रदर्शन से नाखुश

रॉयटर्स/इप्सोस पोल के मुताबिक, ट्रंप की अप्रूवल रेटिंग इस महीने एक प्रतिशत गिरकर 35% रह गई है, जो उनके वर्तमान कार्यकाल के सबसे निचले स्तर के करीब है। जनवरी 2025 में सत्ता संभालते समय यह 47% थी। रिपब्लिकन पार्टी के अंदर भी असंतोष बढ़ा है। 21% रिपब्लिकन अब ट्रंप के प्रदर्शन से नाखुश हैं, जबकि शुरू में यह मात्र 5% था। रिपब्लिकन समर्थन 79% रह गया है।
ईरान संघर्ष और बढ़ती गैस कीमतों ने ट्रंप की छवि को नुकसान पहुंचाया है। केवल 47% रिपब्लिकन महंगाई और जीवनयापन की लागत पर ट्रंप के काम से संतुष्ट हैं। ईरान संकट पर भी 62% रिपब्लिकन ही मंजूरी दे रहे हैं। पोल में शामिल 1,271 लोगों में से कुल 25% ने ईरान में सैन्य कार्रवाई को उचित बताया।
ताज़ा ख़बरें

ईरान युद्ध पर सीनेट में ट्रंप को झटका

अमेरिकी सीनेट ने मंगलवार को एक प्रस्ताव आगे बढ़ा दिया, जिसमें ट्रंप को ईरान युद्ध जारी रखने के लिए कांग्रेस की मंजूरी लेनी होगी। इस प्रस्ताव के विरोध में 50 वोट पड़े और 47 ने समर्थन किया। लेकिन सबसे बड़ी बात ये है कि चार रिपब्लिकन सांसदों (रैंड पॉल, सूसन कॉलिन्स, लिसा मर्कोव्स्की और बिल कैसिडी) ने डेमोक्रेट्स के साथ वोट किया। यानी उन्होंने अपनी पार्टी के स्टैंड और ट्रंप के विरोध में वोट किया। यह घटनक्रम महत्वपूर्ण है।
यह प्रस्ताव संवैधानिक प्रावधानों का हवाला देते हुए कांग्रेस की भूमिका मजबूत करना चाहता है। हालांकि, इसे सदन में पास होना और ट्रंप के वीटो को ओवरराइड करने के लिए दो-तिहाई बहुमत की जरूरत पड़ेगी।

ट्रंप और उनके परिवार को टैक्स ऑडिट से इम्युनिटी

दूसरी ओर, अल जजीरा की रिपोर्ट के अनुसार, न्याय विभाग ने ट्रंप, उनके परिवार और व्यवसायों को सभी लंबित और संभावित टैक्स ऑडिट से "हमेशा के लिए" इम्यूनिटी दे दी है। यह IRS के खिलाफ 10 बिलियन डॉलर के मुकदमे के समझौते के बाद हुआ। डेमोक्रेटिक सांसदों ने इसे भ्रष्टाचार बताया। कैलिफोर्निया के सीनेटर एडम शिफ ने इसे "सेल्फ-डीलिंग" करार दिया। इस इम्युनिटी के मिलने से अब ट्रंप और उनके परिवार के खिलाफ करप्सन के मुकदमे चलाना आसान नहीं होगा।

केंटकी प्राइमरी में ट्रंप की जीत 

CNBC के मुताबिक, राष्ट्रपति ट्रंप के समर्थन वाले पूर्व नेवी सील एड गॉलरिन ने केंटकी के 4th कांग्रेस जिले में मौजूदा रिपब्लिकन सांसद थॉमस मैसी को प्राइमरी में हरा दिया। मैसी ट्रंप की कई नीतियों के आलोचक रहे हैं, खासकर विदेश नीति और इजराइल सहायता पर। ट्रंप ने मैसी को "पार्टी का सबसे खराब कांग्रेसमैन" बताया था। 
यह ट्रंप की "रिवेंज टूर" की एक और सफलता मानी जा रही है, जिसमें उन्होंने पार्टी के अंदर असंतुष्टों को निशाना बनाया है।

पिक्चर अभी बाकी है

मध्यावधि चुनावों से पहले ट्रंप प्रशासन को आर्थिक मुद्दों, ईरान संघर्ष और आंतरिक पार्टी विद्रोह की चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है। डेमोक्रेट्स इन मुद्दों को ट्रंप विरोधी अभियान के केंद्र में ला रहे हैं, जबकि रिपब्लिकन बहुमत बनाए रखने की कोशिश में जुटे हैं।