वेनेजुएला में भूकंप से भीषण तबाही हुई है। मात्र कुछ सेकंडों के अंतराल पर दो शक्तिशाली भूकंप आए। इन भूकंपों से शुरुआती तौर पर 32 लोगों की मौत और सैकड़ों लोगों के घायल होने की ख़बर आई है। राजधानी काराकास समेत कई इलाकों में भारी नुकसान हुआ है। कई इमारतें गिर गईं, सड़कें टूट गईं और लोग मलबे में फंस गए। सरकार ने इमर्जेंसी घोषित कर दी है। इसके साथ ही कैरिबियाई क्षेत्र में सुनामी का अलर्ट जारी किया गया।

पहला भूकंप 7.1 तीव्रता का था। इसका केंद्र मोरोन के पास था, जो काराकास से करीब 168 किलोमीटर पश्चिम में है। कुछ ही देर बाद दूसरा और भी तेज 7.5 तीव्रता का भूकंप आया। दोनों भूकंप बहुत कम गहराई पर आए, जिसकी वजह से ज्यादा नुकसान हुआ।
ताज़ा ख़बरें

भारी तबाही और बचाव कार्य

भूकंप आने के बाद काराकास में धूल का गुबार छा गया। लोग इमारतों से बाहर भागे। कई इमारतों की दीवारें गिर गईं। सड़कों पर मलबा बिखरा पड़ा था। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में लोग अपने रिश्तेदारों को ढूंढने के लिए मलबे को हाथों से खोदते दिखे। कुछ सीसीटीवी वीडियो आए हैं जिसमें लोग भूकंप के दौरान सड़कों पर निकले हैं और आसपास ढहती बिल्डिंगों से बचने की कोशिश करते नज़र आ रहे हैं।
इमारतें गिरने से धूल का ऐसा बादल उठा कि कुछ दिखाई नहीं दे रहा था। अल्तामिरा इलाके में एक इमारत पूरी तरह ढह गई। वहां रेस्क्यू टीम, स्वयंसेवक और परिवार वाले इंतजार कर रहे थे। द गार्डियन की रिपोर्ट के अनुसार 61 साल के जोस मोरिलो ने बताया, 'मेरा भाई, बेटा और भतीजे उस इमारत में थे। मैं बाइक पर तेजी से आया। भगवान पर भरोसा है, उम्मीद है सब ठीक होंगे।' उन्होंने कहा कि रात करीब 9 बजे एक अच्छी खबर आई। रेस्क्यू टीम ने मलबे से एक किशोरी को जिंदा निकाला। मोरिलो चिल्लाए, 'ये मेरी भतीजी है!'

सुनामी अलर्ट और आफ्टरशॉक्स

भूकंप के बाद प्यूर्टो रिको और वर्जिन आइलैंड्स के लिए सुनामी अलर्ट जारी किया गया। वेनेजुएला के तटीय इलाके ला ग्वायरा में भी भारी नुकसान हुआ। यहां साइमन बोलिवर इंटरनेशनल एयरपोर्ट को बंद कर दिया गया क्योंकि इमारत को नुकसान पहुंचा था। भूकंप के बाद 20 से ज्यादा आफ्टरशॉक्स आए, जिनकी तीव्रता 4.9 से 6.4 तक थी। लोग खुले में सोने को मजबूर हो गए।

USGS की चेतावनी

अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वे यानी USGS ने कहा है कि यह पिछले 100 साल में वेनेजुएला में आया सबसे तेज भूकंप है। शुरुआती रिपोर्ट में 32 मौतें और 700 घायल बताए गए हैं, लेकिन USGS ने चेतावनी दी है कि आखिरी मौतों की संख्या 10,000 से 1 लाख तक हो सकती है।

सरकार की प्रतिक्रिया

वेनेजुएला की अंतरिम राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिगेज ने पूरे देश में आपातकाल घोषित कर दिया। उन्होंने मरने वालों के परिवारों को संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा कि बचाव टीमें पूरे इलाके में लगातार काम कर रही हैं।
दुनिया से और खबरें
अभी भी कई लोग मलबे में फंसे हुए हैं। रात भर बचाव कार्य चलता रहा। लोग उम्मीद और डर के बीच इंतजार कर रहे हैं कि उनके परिवार के सदस्य जिंदा मिलें। मौतों की संख्या बढ़ सकती है क्योंकि कई इलाकों में अभी भी मलबा हटाया जा रहा है। वेनेजुएला सरकार और राहत टीमें पूरे जोर-शोर से काम कर रही हैं।