'ईरान की पूरी सभ्यता रातो-रात ख़त्म करने' की डोनाल्ड ट्रंप की चेतावनी के बाद क्या अमेरिका ईरान के ख़िलाफ़ न्यूक्लियर हथियारों का इस्तेमाल करेगा? सोशल मीडिया पर ये चर्चाएँ तब उठीं जब उपराष्ट्रपति जेडी वांस ने ईरान को चेतावनी दी कि अमेरिका के पास अभी कुछ 'टूल्स' हैं जिनका इस्तेमाल अभी तक नहीं किया गया है। अगर ईरान सीजफायर नहीं मानता और होर्मुज स्ट्रेट नहीं खोलता है तो राष्ट्रपति ट्रंप इन टूल्स का इस्तेमाल कर सकते हैं। इन चर्चाओं पर व्हाइट हाउस ने तुरंत सफ़ाई दी है कि वांस के बयान का मतलब न्यूक्लियर हथियार से नहीं है।

व्हाइट हाउस का बचाव

सोशल मीडिया पर फैली अफवाहों को खारिज करते हुए व्हाइट हाउस ने एक्स पर लिखा, 'वाइस प्रेसिडेंट वांस ने जो कहा, उसमें कहीं भी न्यूक्लियर हथियारों का इशारा नहीं है। आप लोग बिल्कुल बेवकूफ हो।' व्हाइट हाउस ने साफ कहा कि वांस के 'टूल्स इन द टूलकिट' वाले बयान को गलत तरीके से पेश किया जा रहा है। उन्होंने जोर देकर कहा कि न्यूक्लियर विकल्प पर कोई विचार नहीं चल रहा है।

वांस का पूरा बयान क्या था?

हंगरी की यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री विक्टर ऑर्बन के साथ प्रेस कॉन्फ्रेंस में वांस ने कहा, 'अमेरिका ने अपने ज्यादातर सैन्य लक्ष्य हासिल कर लिए हैं। अब बातचीत का समय है। लेकिन ईरान को यह जान लेना चाहिए कि हमारे पास कुछ टूल्स हैं जिनका हमने अभी इस्तेमाल नहीं किया। राष्ट्रपति ट्रंप फैसला कर सकते हैं कि इनका इस्तेमाल करना है या नहीं। अगर ईरान अपना रवैया नहीं बदलता तो ये टूल्स इस्तेमाल किए जा सकते हैं।'

वांस ने यह भी कहा कि वे आशान्वित हैं कि बातचीत से आगे कोई टूल्स इस्तेमाल करने की जरूरत नहीं पड़ेगी। उनका मकसद है कि दुनिया में तेल और गैस मुक्त रूप से आ जा सके और लोग के काम पर आने-जाने में आसानी हो।

उपराष्ट्रपति वांस ने कहा कि अमेरिका अब ज्यादा हमले नहीं करना चाहता, बल्कि बातचीत के जरिए समस्या सुलझाना चाहता है। लेकिन ईरान अगर अपना रुख नहीं बदलता तो और सख्त कदम उठाए जा सकते हैं।

ट्रंप की डेडलाइन क्या है?

राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को अंतिम चेतावनी दी है। मंगलवार शाम आठ बजे यानी भारत में बुधवार सुबह 5:30 बजे तक ईरान को सीजफायर मानना होगा और होर्मुज स्ट्रेट खोलना होगा। ट्रंप ने कहा था कि अगर ऐसा नहीं हुआ तो एक पूरी सभ्यता रातों-रात मर जाएगा। ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर लिखा, 'आज रात एक पूरी सभ्यता ख़त्म हो जाएगी, कभी वापस नहीं लाई जा सकेगी। मैं नहीं चाहता कि ऐसा हो, लेकिन शायद हो जाएगा।' उन्होंने कहा कि आज की रात 'दुनिया के लंबे और जटिल इतिहास की सबसे महत्वपूर्ण रात' हो सकती है। ट्रंप पहले भी कई बार डेडलाइन बढ़ा चुके हैं, लेकिन अब उन्होंने कहा है कि यह आखिरी मौका है।

ईरान की तैयारी

ट्रंप की धमकी के बाद ईरान ने अपने युवाओं से अपील की है कि वे पावर प्लांट्स की रक्षा के लिए मानव श्रृंखला बनाएं। ईरानी अधिकारी कह रहे हैं कि अमेरिका अगर पावर प्लांट या एनर्जी सुविधाओं पर हमला करता है तो वे भी जवाबी हमले करेंगे। युद्ध अब 39 दिन से चल रहा है। होर्मुज बंद होने से दुनिया भर में तेल की सप्लाई प्रभावित हो रही है।

अभी क्या स्थिति है?

ट्रंप की डेडलाइन खत्म होने में कुछ घंटे बाकी हैं। दोनों तरफ से बयानबाजी तेज है। ईरान ने कहा है कि बिना रियायत के होर्मुज नहीं खोलेगा। दुनिया भर के लोग इस बात पर नजर रखे हुए हैं कि आज रात क्या होता है। क्या कोई समझौता हो पाएगा या फिर युद्ध और बढ़ जाएगा।
अभी तक अमेरिका ने ईरान पर सामान्य हवाई हमले किए हैं, लेकिन वांस के बयान के बाद लोग अनुमान लगा रहे थे कि क्या कोई बड़ा हथियार इस्तेमाल होगा। व्हाइट हाउस ने इन अटकलों को तुरंत खारिज कर दिया है। स्थिति बेहद नाजुक बनी हुई है। अगले कुछ घंटे बेहद अहम होंगे।