असम में चुनाव प्रचार में कांग्रेस और राहुल गांधी पर पीएम मोदी के हमले के एक दिन बाद गुरुवार को राहुल ने हिमंता बिस्वा सरमा सरकार और पीएम मोदी व अमित शाह पर बड़ा हमला बोला। राहुल गांधी ने राज्य के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा को 'भारत का सबसे भ्रष्ट मुख्यमंत्री' बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और हिमंता बिस्वा सरमा मिलकर असम में 'लैंड ATM' चला रहे हैं।
राहुल गांधी ने कहा कि तीन बड़े कॉर्पोरेट घरानों को 98,400 बीघा जमीन दे दी गई है और ये जमीन लोगों से छीनकर दी गई है।

राहुल गांधी ने क्या कहा?

राहुल गांधी ने रैली में कहा, 'बीजेपी के लिए आपकी जमीनें एटीएम हैं। नरेंद्र मोदी, अमित शाह और हिमंता बिस्वा सरमा मिलकर लोगों की जमीन छीनकर अडानी-अंबानी जैसे बड़े उद्योगपतियों को दे रहे हैं। इसके बदले बीजेपी को करोड़ों रुपये मिलते हैं, जो वे अपनी राजनीति में खर्च करती है। यह सरासर भ्रष्टाचार है।'
उन्होंने आगे कहा, 'पूरे देश को पता है कि हिमंता बिस्वा सरमा देश के सबसे भ्रष्ट मुख्यमंत्री हैं। उनका परिवार भी भ्रष्टाचार में नंबर 1 है। कांग्रेस सरकार बनते ही हिमंता पर कार्रवाई होगी। आज वे घमंड कर रहे हैं, लेकिन कल चुप हो जाएंगे।' राहुल ने आरोप लगाया कि हिमंता सरमा सिंडिकेट के साथ मिलकर असम चला रहे हैं। उन्होंने कहा, 'जब बीजेपी की सरकार जाएगी, उनका घमंड टूट जाएगा। ऐसे डरपोक लोगों से डरने की कोई ज़रूरत नहीं है।'

मोदी पर ट्रंप से जुड़ा आरोप

राहुल गांधी ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को लेकर भी प्रधानमंत्री मोदी पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा, 'नरेंद्र मोदी को ट्रंप कंट्रोल करता है। ट्रंप सरेआम नरेंद्र मोदी को गाली देता है। वो कहता है- नरेंद्र मोदी मुझे सर बुलाता है। मैं उसका करियर कभी भी खत्म कर सकता हूं। सच्चाई ये है कि अडानी और एपस्टीन- ट्रंप ने इन दो हथियारों से नरेंद्र मोदी को पकड़ रखा है और मोदी कुछ नहीं कर सकते।' उन्होंने आगे कहा, 
ट्रंप के पास मोदी के करप्शन और अडानी की कंपनियों की पूरी जानकारी है। अडानी पर अमेरिका में क्रिमिनल केस चल रहा है। अगर अडानी अमेरिका चला गया तो उसे जेल में डाल देंगे और नरेंद्र मोदी का गुब्बारा वहीं फट जाएगा।
राहुल गांधी
कांग्रेस नेता

ज़ुबीन गर्ग मामले पर कांग्रेस की गारंटी

प्रसिद्ध असमिया गायक जुबीन गर्ग का ज़िक्र करते हुए राहुल ने कहा, 'जुबीन गर्ग असम और असम की जनता के लिए खड़े थे। वे किसी एक व्यक्ति, समुदाय या भाषा के लिए नहीं थे। उन्होंने असम की बहुसांस्कृतिक परंपरा को ज़िंदा रखा। कांग्रेस सत्ता में आते ही 100 दिनों के अंदर ज़ुबीन गर्ग को न्याय दिलाएगी। यह 100 प्रतिशत तय है।'

चुनाव में कांग्रेस के वादे

राहुल गांधी ने असम के लिए कांग्रेस की गारंटी बताई-
  • महिलाओं को व्यवसाय शुरू करने के लिए 50,000 रुपये
  • महिलाओं के बैंक खाते में बिना शर्त नकद ट्रांसफर
  • हर परिवार को 25 लाख रुपये का मुफ्त इलाज
  • 10 लाख भूमिपुत्रों को स्थायी पट्टा
  • बुजुर्गों को हर महीने 1250 रुपये की मदद
  • पूरे असम में अनुच्छेद 244(A) लागू किया जाएगा
राहुल ने कहा, 'कांग्रेस विकेंद्रीकरण में विश्वास करती है। हम चाहते हैं कि असम को न गुवाहाटी से चलाया जाए और न दिल्ली से। करबी आंगलोंग और छठी अनुसूची वाले सभी इलाकों को स्थानीय लोग ही चलाएंगे।'

बीजेपी पर हमला

राहुल गांधी ने कहा कि बीजेपी असम को दिल्ली से चलाना चाहती है, जबकि कांग्रेस जनता को अधिकार देना चाहती है। उन्होंने हिमंता सरमा पर निशाना साधते हुए कहा, 'नरेंद्र मोदी को डोनाल्ड ट्रंप कंट्रोल करता है। हिमंता बिस्वा को मोदी-शाह कंट्रोल करते हैं। अगर नरेंद्र मोदी, हिमंता से कहें कि उछलो तो ये उछलने लगेंगे। नरेंद्र मोदी और हिमंता मिलकर असम की जनता को लूट रहे हैं।'

पीएम ने कांग्रेस पर साधा था निशाना

इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 1 अप्रैल को असम के गोगामुख में जनसभा को संबोधित किया था। उन्होंने कांग्रेस सरकार की आलोचना की और कहा कि कांग्रेस ने असम की आत्मा, पहचान, शान और सुरक्षा से खिलवाड़ किया। पीएम ने आरोप लगाया कि कांग्रेस के समय बम, बंदूक और कर्फ्यू की स्थिति थी। असम के जंगलों, अभयारण्यों और एक सींग वाले गैंडों तक को कांग्रेस ने नहीं बचाया। उन्होंने अवैध घुसपैठियों को संरक्षण देने का आरोप भी लगाया। पीएम मोदी ने राहुल गांधी पर हमला करते हुए कहा, 'कांग्रेस के स्व-घोषित राजकुमार की हार की शतक आने वाली है'। मोदी ने कांग्रेस के 65 साल के शासन बनाम बीजेपी के 11 साल की तुलना भी की।