दिल्ली आबकारी नीति मामले में फ़ैसले के बाद अरविंद केजरीवाल ने मोदी-शाह पर साज़िश का आरोप लगाते हुए बीजेपी को बड़ी चुनौती दे डाली। क्या चुनाव कराए गए तो बीजेपी 10 से ज़्यादा सीट नहीं जीत पाएगी? यदि ऐसा हुआ तो केजरीवाल राजनीति छोड़ देंगे?
मनीष सिसोदिया, अरविंद केजरीवाल और संजय सिंह
दिल्ली शराब नीति मामले में अदालत के फ़ैसले के बाद अरविंद केजरीवाल ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह ने आप को ख़त्म करने के लिए बड़ी राजनीतिक साजिश रची थी। उन्होंने कहा कि यह स्वतंत्र भारत की सबसे बड़ी साज़िश थी। इसके साथ ही उन्होंने बीजेपी को चुनौती दी कि अगर हिम्मत है तो दिल्ली में तुरंत चुनाव करवाएँ। उन्होंने कहा, 'अगर भाजपा को 10 से ज्यादा सीटें मिलीं तो मैं राजनीति छोड़ दूंगा।'
दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री केजरीवाल की यह टिप्पणी तब आई है जब राउज एवेन्यू कोर्ट ने शुक्रवार को ही दिन में शराब नीति मामले में अरविंद केजरीवाल, मनीष सिसोदिया और कुल 23 आरोपियों से मुक्त कर दिया। कोर्ट ने कहा कि सीबीआई के आरोपों में कोई ठोस सबूत नहीं है। साजिश का कोई आधार नहीं निकला और कोई आपराधिक इरादा साबित नहीं हुआ। कोर्ट ने सीबीआई की जाँच पर सवाल उठाए और जाँच अधिकारी पर विभागीय कार्रवाई के आदेश दिए।
फ़ैसले के बाद केजरीवाल ने पार्टी दफ्तर में प्रेस कॉन्फ्रेंस की। उन्होंने कहा, 'आज सच्चाई की जीत हुई है। मैंने हमेशा कहा था कि सच सामने आएगा। कोर्ट ने कहा कि केस बिल्कुल फर्जी, बेकार और गलत था। इसमें कोई सबूत नहीं था, न ही गवाहों के बयान पर्याप्त थे। कोर्ट ने लगभग 600 पन्नों के आदेश में सब कुछ देखा और कहा कि आगे मुकदमा चलाना भी नामुमकिन है।'
केजरीवाल ने कहा,
यह केस शुरू से ही बनावटी था। अगर इसमें कोई दम होता तो 15-20 साल तक ट्रायल चलता, कई गवाह बुलाए जाते, सबूत पेश होते। लेकिन कोर्ट ने कहा कि इसमें एक भी सबूत नहीं है। यह कोर्ट के शब्द हैं, मैं नहीं कह रहा।
मोदी-शाह पर साज़िश का आरोप
प्रेस कॉन्फ्रेंस में केजरीवाल ने सीधे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमित शाह पर निशाना साधा। उन्होंने कहा, 'यह पूरी साजिश दो लोगों ने रची- नरेंद्र मोदी और अमित शाह। उन्होंने आप को ख़त्म करने की कोशिश की। आप के टॉप 5 नेता जेल गए, यहाँ तक कि पदासीन मुख्यमंत्री को घर से घसीटकर जेल डाला गया। ऐसा भारत के इतिहास में कभी नहीं हुआ। मोदी जी और शाह जी को पूरे देश से माफी मांगनी चाहिए।'
उन्होंने कहा, 'सत्ता के लालच में दिल्ली के 3 करोड़ लोगों को भारी नुक़सान हुआ। दिल्ली बर्बाद हो गई है। लोग आप लोगों से तंग आ चुके हैं। मोदी जी और शाह जी को देश के हित में काम करना चाहिए, न कि पार्टियों को नष्ट करने और बदनाम करने की कोशिश करनी चाहिए। देश और संविधान के साथ ऐसा खेल नहीं खेलना चाहिए।'
दिल्ली में चुनाव कराने की चुनौती
केजरीवाल ने सबसे बड़ा दांव लगाया। उन्होंने कहा, 'आज मैं चुनौती देता हूं मोदी जी को। अगर हिम्मत है तो दिल्ली में फिर से चुनाव करवाएँ। आज अगर चुनाव होते हैं तो बीजेपी 10 सीटें भी नहीं जीत पाएगी। अगर बीजेपी को 10 से ज़्यादा सीटें मिल गईं तो मैं राजनीति छोड़ दूंगा। दिल्ली के लोगों से जाकर पूछिए, वे आपसे कितने नाराज हैं।'
बता दें कि 2025 के दिल्ली विधानसभा चुनाव में बीजेपी ने 48 सीटें जीती थीं और आप को सिर्फ़ 22 सीटें मिली थीं। इससे पहले 2015 में आप को 67 और 2020 में 62 सीटें मिली थीं। केजरीवाल ने कहा कि पिछले चुनाव में शराब घोटाले के आरोपों ने आप की छवि ख़राब की, लेकिन अब सच्चाई सामने आ गई है।
मैं कट्टर ईमानदार हूँ: केजरीवाल
केजरीवाल ने कहा कि सीबीआई और ईडी ने चार्जशीट दाखिल की थी, लेकिन कोर्ट को सिर्फ यह देखना था कि प्रथम दृष्टया केस चलाने लायक सबूत हैं या नहीं। कोर्ट ने कहा कि कोई भी सामग्री नहीं है। उन्होंने अपनी कानूनी टीम का शुक्रिया अदा किया, जिसमें सीनियर वकील अभिषेक मनु सिंघवी शामिल हैं।
केजरीवाल ने कहा, 'मैं कट्टर ईमानदार हूं। मेरी ज़िंदगी में सिर्फ़ ईमानदारी से कमाई है। आज कोर्ट ने कहा कि केजरीवाल, मनीष सिसोदिया और आप ईमानदार हैं।'
क्या थी दिल्ली शराब नीति?
दिल्ली की 2021-22 शराब नीति में सीबीआई और ईडी ने आरोप लगाया था कि आप सरकार ने कुछ निजी शराब कारोबारियों को फायदा पहुँचाने के लिए नीति बनाई। 'साउथ ग्रुप' नाम के लॉबी ने पार्टी नेताओं को 100 करोड़ रुपये की रिश्वत दी। खुदरा मुनाफा 5% से बढ़ाकर 12% किया गया। दिल्ली के मुख्य सचिव की जुलाई 2022 रिपोर्ट के बाद उपराज्यपाल वीके सक्सेना ने सीबीआई जांच के आदेश दिए।
मनीष सिसोदिया को फरवरी 2023 में गिरफ्तार किया गया, केजरीवाल को मार्च 2024 में। दोनों को बाद में सुप्रीम कोर्ट से जमानत मिली। यह मामला 2025 चुनाव में भाजपा के लिए बड़ा मुद्दा बना और आप की हार का कारण बना।