एग्जिट पोल के अनुसार तमिलनाडु में DMK और असम में BJP की सरकार बनने के संकेत। केरल में भी यूडीएफ़ जीतती दिख रही है। पढ़िए एग्ज़िट पोल के अनुमान क्या।
पश्चिम बंगाल में दूसरे चरण की वोटिंग ख़त्म होते ही एग्ज़िट पोल के अनुमान आ गए हैं। तमिलनाडु में अधिकतर एग्ज़िट पोल में डीएमके के नेतृत्व वाला गठबंधन सरकार बरकरार रखता दिख रहा है। हालाँकि, एक्सिस माय इंडिया के सर्वे में विजय की पार्टी टीवीके सबसे बड़ी पार्टी बनती दिख रही है। असम में बीजेपी के नेतृत्व वाला एनडीए बहुमत से दोबारा सरकार में आता दिख रहा है। एग्ज़िट पोल के अनुसार केरल में कांग्रेस के नेतृत्व वाला यूडीएफ़ सरकार बनाता दिख रहा है। पुदुचेरी में बीजेपी के नेतृत्व वाला गठबंधन सरकार बना सकता है।
मैट्राइज़ के एग्ज़िट पोल के अनुसार डीएमके के नेतृत्व वाले गठबंधन को 122-132 सीटें मिल सकती हैं, जबकि एआईएडीएमके वाले गठबंधन को 87-110 सीटें मिलने के आसार हैं। टीवीके को 10-12 सीटें मिलने की संभावना है। अन्य को 0-6 सीटें मिल सकती हैं। कांग्रेस डीएमके के साथ गठबंधन में है, जबकि बीजेपी एआईएडीएमके साथ गठबंधन में है।
हालाँकि, एक्सिस माय इंडिया के सर्वे ने टीवीके को सबसे बड़ी पार्टी बनने के आसार बताए हैं। इस एग्ज़िट पोल के अनुसार डीएमके गठबंधन को 92-110, टीवीके को 98-120 और एआईएडीएमके गठबंधन को 22-32 सीटें मिल सकती हैं।
पीपल्स पल्स एग्ज़िट पोल के अनुसार डीएमके+ को 125-145 सीटें मिल सकती हैं। एआईएडीएमके+ को 65-80, टीवीके को 18-24 और अन्य को 2-6 सीटें मिल सकती हैं।
यदि वोट प्रतिशत की बात करें तो पीपल्स पल्स के एग्ज़िट पोल के अनुसार डीएमके गठबंधन को 38.4 फ़ीसदी, एआईएडीएमके गठबंधन को 31.5 फीसदी टीवीके को 23.6 फीसदी और अन्य को 6.5 फीसदी वोट मिल सकते हैं।
चाणक्य स्ट्रैटजीज के एग्ज़िट पोल के अनुसार डीएमके वाले गठबंधन को 145 से 160 सीटें मिल सकती हैं जबकि एआईएडीएमके वाले गठबंधन को 50-65 सीटें मिलने के आसार हैं। अन्य को 18-26 सीटें मिल सकती हैं।
असम में एनडीए को 100 सीटें तक मिल सकती हैं
एक्सिस माय इंडिया के एग्ज़िट पोल के अनुसार असम में बीजेपी को 88-100 सीटें मिल सकती हैं। कांग्रेस को 26-36 सीटें मिलने के आसार हैं। अन्य के खाते में कोई भी सीट नहीं है। मैट्राइज़ के एग्ज़िट पोल के अनुसार भी बीजेपी को 85-95 सीटें मिल सकती हैं। कांग्रेस 25-32 सीटों पर ही रह सकती है। अन्य को 6-12 सीटें मिल सकती हैं।
P-MARQ के एग़्जिट पोल के अनुसार असम में बीजेपी वाले एनडीए गठबंधन को 82-94 सीटें, कांग्रेस को 30-40 सीटें और अन्य को 1-5 सीटें मिल सकती हैं।
असम विधानसभा की कुल 126 सीटें हैं। बहुमत के लिए 64 सीटें चाहिए। 2021 के चुनाव में बीजेपी ने अपने सहयोगियों के साथ मिलकर 75 सीटें जीती थीं और कांग्रेस को 50 सीटें मिली थीं। एग्जिट पोल के अनुसार मतदाताओं में सत्ताधारी दल के कामकाज को लेकर सकारात्मक रुझान दिखा है, खासकर विकास योजनाओं और कानून-व्यवस्था को लेकर। हालांकि, कांग्रेस ने विपक्ष के रूप में मुद्दे उठाते हुए युवा बेरोजगारी, किसान समस्याओं और अल्पसंख्यक अधिकारों पर जोर दिया था।
केरलम में कांग्रेस की जीत
केरलम में एग्ज़िट पोल ने कांग्रेस के नेतृत्व वाले यूडीएफ़ सत्ता में वापस लौटती दिख रही है। एक्सिस माय इंडिया के सर्वे के अनुसार यूडीएफ़ को 78-90 सीटें मिल सकती हैं। एलडीएफ़ को 49-62 और बीजेपी को 0-3 सीटें मिलने के आसार हैं।मैट्राइज के एग्ज़िट पोल के अनुसार यूडीएफ़ को 75-85, एलडीएफ़ को 60-65 और बीजेपी को 3-5 सीटें मिलने के आसार बताए गए हैं।
P-MARQ के एग्ज़िट पोल के अनुसार यूडीएफ़ को 71-79, एलडीएफ़ को 62-61, बीजेपी को 1-4 और अन्य को 0-3 सीटें मिल सकती हैं।
पुदुचेरी में बीजेपी की जीत के आसार
पुदुचेरी में एग्ज़िट पोल ने बीजेपी की जीत की संभावना जताई है। एक्सिस माय इंडिया के सर्वे के अनुसार बीजेपी वाले गठबंधन को 16-20 सीटें मिल सकती हैं, जबकि कांग्रेस को 6-8 और अन्य को 3-7 सीटें मिल सकती हैं।
पीपल्स पल्स के एग्ज़िट पोल के अनुसार बीजेपी को 16-19, कांग्रेस को 10-12 और अन्य को 1-2 सीटें मिल सकती हैं। पोल ऑफ पोल्स की बात करें तो बीजेपी वाले गठबंधन को 17, कांग्रेस को 9 और अन्य को 3 सीटें मिल सकती हैं।