सोशल मीडिया पर कुछ दिनों से तहलका मचाने वाली व्यंग्यात्मक डिजिटल मुहिम 'कॉकरोच जनता पार्टी' (CJP) अब एक नए मोड़ पर पहुंच गई है। भारत में जहां इस पार्टी के संस्थापक अभिजीत दिपके ने अपने सभी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म हैक होने और बंद होने का दावा किया है, वहीं इस ट्रेंड का असर अब पड़ोसी देश पाकिस्तान में भी देखने को मिल रहा है। जहां 'कॉकरोच अवामी पार्टी' समेत  मिलते-जुलते नाम वाली कई व्यंग्यात्मक पार्टियां खड़ी हो गई हैं।

भारत में CJP पर 'क्रैकडाउन'

'कॉकरोच जनता पार्टी' के संस्थापक अभिजीत दिपके (जो बोस्टन यूनिवर्सिटी के छात्र हैं और आम आदमी पार्टी के पूर्व सहयोगी रह चुके हैं) ने शनिवार को दावा किया कि उनके ऑनलाइन वजूद को खत्म करने के लिए एक बड़ी कार्रवाई की गई है।
अभिजीत ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर जानकारी दी कि उनका निजी इंस्टाग्राम अकाउंट और पार्टी का आधिकारिक इंस्टाग्राम पेज पूरी तरह से हैक कर लिया गया है। इसके अलावा, भारत में उनके X अकाउंट को भी रोक (withheld) दिया गया है और बैकअप अकाउंट्स को भी हटा दिया गया है।
ताज़ा ख़बरें
अभिजीत ने चेतावनी देते हुए लिखा, "कृपया ध्यान दें कि वर्तमान में हमारी किसी भी प्लेटफॉर्म तक पहुंच (एक्सेस) नहीं है। इसके बाद किए गए किसी भी पोस्ट को कॉकरोच जनता पार्टी का आधिकारिक बयान न माना जाए।" इससे पहले, अभिजीत ने व्हाट्सएप पर जान से मारने की धमकियां मिलने के स्क्रीनशॉट भी साझा किए थे, जिसमें उन्हें CJP का पेज बंद करने या बीजेपी में शामिल होने की धमकी दी गई थी।
CJP की शुरुआत लगभग एक हफ्ते पहले 16 मई को हुई थी। यह अभियान भारत के चीफ जस्टिस (CJI) सूर्यकांत की एक कथित टिप्पणी के बाद शुरू हुआ था। रिपोर्ट्स के मुताबिक, चीफ जस्टिस ने फर्जी डिग्री लेकर वकालत में आने वाले लोगों की आलोचना करते हुए 'परजीवी' (parasites) और 'कॉकरोच' जैसे शब्दों का इस्तेमाल किया था। उन्होंने ये बेरोजगार युवक उन कॉकरोचों की तरह हैं जो कभी मीडिया बन जाते हैं, कभी आंदोलनकारी बन जाते हैं। हालांकि, बाद में चीफ जस्टिस ने स्पष्ट किया कि उनके बयान को गलत तरीके से पेश किया गया था और उनकी टिप्पणी केवल फर्जी डिग्री धारकों के लिए थी।
लेकिन इस विवाद के बीच अभिजीत दिपके ने कॉकरोच को प्रतीक बनाकर युवाओं, बेरोजगारों और आलसी लोगों की आवाज के रूप में इस डिजिटल अभियान को लॉन्च कर दिया। देखते ही देखते कुछ ही दिनों में CJP के इंस्टाग्राम फॉलोअर्स की संख्या लाखों में पहुंच गई, जिसने भारत की मुख्य राजनीतिक पार्टियों (जैसे बीजेपी और कांग्रेस) के फॉलोअर्स को भी पीछे छोड़ दिया।

पाकिस्तान में भी आई 'कॉकरोच' पार्टियों की बाढ़ः भारत में CJP की इस अभूतपूर्व सफलता और इसके वायरल होने के बाद, अब पाकिस्तान के सोशल मीडिया पर भी इसी तरह के व्यंग्यात्मक राजनीतिक समूह सक्रिय हो गए हैं। पाकिस्तानी युवाओं और जेन-जी (Gen-Z) ने भारत के इस ट्रेंड की नकल करते हुए कई पेज बनाए हैं।

कॉकरोच आवामी पार्टी (CAP): पाकिस्तान में बने इस इंस्टाग्राम पेज ने अपने बायो में खुलकर लिखा है-  "हाँ, कॉपी किया है, लेकिन किसे परवाह है। मकसद तो वही है।" इस पेज ने हरे और सफेद रंग की ब्रांडिंग का इस्तेमाल किया है और खुद को पाकिस्तान के हर जेन-जी (Gen-Z) की 'असली आवाज़' बताया है।
कॉकरोच आवामी लीग (CAL): सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर सक्रिय इस ग्रुप ने नारा दिया है- "हर हालात में ज़िंदा हैं।"
एक अन्य पाकिस्तानी पेज ने अपने परिचय में लिखा- "जिन्हें सिस्टम ने कॉकरोच समझा, हम उन्हीं आवाम की आवाज़ हैं।"
ये पाकिस्तानी पेज खुद को 'आलसी और बेरोजगार' युवाओं का प्रतिनिधि बता रहे हैं और वहां की स्थापित राजनीतिक व्यवस्था और विमर्श को चुनौती दे रहे हैं।

फॉलोअर्स को लेकर विवाद

CJP की इस तेजी से बढ़ती लोकप्रियता के बीच सोशल मीडिया पर एक विवाद यह भी खड़ा हुआ था कि इसके ज्यादातर फॉलोअर्स भारत के बाहर (पाकिस्तान, बांग्लादेश और तुर्की) से हैं और इसमें 'बॉट एक्टिविटी' (फर्जी फॉलोअर्स) शामिल है। हालांकि, हैक होने से पहले संस्थापक अभिजीत दिपके ने इस दावे को खारिज करते हुए डेटा साझा किया था और कहा था कि CJP के 94% फॉलोअर्स भारतीय युवा ही हैं।
देश से और खबरें
जो अभियान महज एक अदालती टिप्पणी पर बने मीम्स और राजनीतिक व्यंग्य के रूप में शुरू हुआ था, वह आज युवाओं की बेरोजगारी, शिक्षा व्यवस्था और आर्थिक चिंताओं को उठाने वाला एक बड़ा सोशल मीडिया आंदोलन बन चुका है, जिसकी गूंज अब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सरहद पार भी सुनाई दे रही है।