कांग्रेस ने मोदी सरकार के अब तक के तीसरे कार्यकाल को भी फेल बताया है। मोदी सरकार 3.0 को 2 साल पूरे होने पर कांग्रेस ने मोदी सरकार द्वारा किए गए वादों और उनकी को हकीकत को सामने रखा है। कांग्रेस ने कहा है कि पिछले 12 वर्षों में सरकार ने बड़े-बड़े ऐलान किए, शानदार भाषण दिए और सुर्खियां बटोरीं, लेकिन इनका लोगों की जिंदगी पर कोई अच्छा प्रभाव नहीं पड़ा।

कांग्रेस ने अर्थव्यवस्था, रोजगार, विदेश नीति, कृषि, एमएसएमई, इंफ्रास्ट्रक्चर, शिक्षा और महिलाओं से जुड़े मुद्दों पर सरकार की खामियां गिनाईं। इसने कहा, 'उज्ज्वला योजना में महिलाओं को पहले 12 गैस सिलेंडर देने का वादा किया गया था। पिछले साल इसे घटाकर 9 कर दिया गया। अब मोदी 3.0 की सालगिरह के दिन इसे और घटाकर 4 कर दिया गया है। पार्टी ने कहा है कि 'यह महिलाओं और परिवारों पर एक और झटका है।'
कांग्रेस ने कहा है कि पीएम मोदी ने कहा था कि भारत 5 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बन जाएगा और दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनेगा। पार्टी ने कहा है कि लेकिन आज सचाई है कि अर्थव्यवस्था 4 ट्रिलियन डॉलर से नीचे है और भारत दुनिया की छठी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था रह गया है। उन्होंने कहा कि रुपया डॉलर के मुकाबले लगातार कमजोर हो रहा है। इसने यह भी कहा कि विदेशी निवेशक भारत छोड़ रहे हैं और भारतीय उद्योगपति भी विदेश में निवेश कर रहे हैं।

'मोदी सरकार का प्रचार पर ज़्यादा ध्यान'

कांग्रेस का कहना है कि मोदी सरकार प्रचार पर ज्यादा ध्यान दे रही है, लेकिन हकीकत अलग है। दस्तावेज में अर्थव्यवस्था, रोजगार, पर्यावरण, जलवायु परिवर्तन, अल्पसंख्यक, नागरिक स्वतंत्रता और लोकतंत्र जैसे 13 बड़े क्षेत्रों में वादों और हकीकत की तुलना की गई है। कांग्रेस नेताओं ने कहा, 'बड़े-बड़े ऐलान होते हैं, लेकिन आम आदमी, किसान, युवा, महिलाएं और छोटे व्यापारी परेशान हैं।'
ताज़ा ख़बरें

कांग्रेस के अनुसार- पीएम के दावे और हकीकत

  • पीएम ने कहा था कि लोगों को महंगाई से राहत मिलेगी, लेकिन सच्चाई यह है कि 2014 से अब तक एलपीजी का रेट 123% बढ़ा है। पेट्रोल का रेट 44% और डीजल का 73% बढ़ा है। दूध का 71% और दाल का 84% रेट बढ़ा है
  • मोदी ने कहा था कि भारत को विश्व में रोजगार का केंद्र बना देंगे, जबकि सच्चाई यह है कि 10 में से 4 युवा बेरोजगार हैं। 18.4% शहरी युवा बेरोजगार है
  • MSMEs को लेकर नरेंद्र मोदी ने अनेक दावे किए थे, मगर सच्चाई यह है कि पिछले साल 40 हजार MSMEs बंद हो गए
  • पीएम ने कहा था कि किसानों की आय दोगुनी करेंगे, जबकि सचाई यह है कि पिछले 1 साल में 1.9 लाख किसानों ने आत्महत्या की है, यानी औसतन हर घंटे एक किसान आत्महत्या करता है
  • मोदी ने कहा था कि भारत को विश्वगुरु बनाया जाएगा, लेकिन आप सब भी देख रहे हैं कि आज क्या हालात हैं और दुनिया के एक हिस्से में चल रहे युद्ध का भारत पर कितना असर पड़ रहा है
  • उन्होंने कहा था कि भारत खाद उत्पादन में आत्मनिर्भर होने वाला है, लेकिन सच्चाई यह है कि एलएनजी का उत्पादन 25% कम हो गया है और यूरिया का उत्पादन काफी हद तक घट गया है

कांग्रेस ने इन पर भी पीएम को घेरा

  • ग्लोबल जेंडर गैप इंडेक्स में भारत 108वें स्थान से गिरकर 131वें स्थान पर पहुंच गया है।
  • पूरे देश में 6.5 करोड़ वोटरों के नाम वोटर लिस्ट से हटा दिए गए हैं।
  • पेट्रोल 44%, डीजल 73%, दूध 71% और दालें 84% महंगी हो गई हैं।
  • रेलवे में 31 बड़े हादसे हुए, 22,413 लोग रेल पटरी पर मारे गए। कवच सिस्टम सिर्फ 2% पटरी पर लगा है।
  • शिक्षा में 89 पेपर लीक हुए और 48 बार दोबारा परीक्षा कराई गई।
  • शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को तुरंत इस्तीफा देना चाहिए।

‘75 पेज का रिपोर्ट कार्ड’

मोदी सरकार का तीसरा कार्यकाल 9 जून 2024 को शुरू हुआ था। दो साल पूरे होने पर सरकार अपनी उपलब्धियों का प्रचार कर रही है, जिसका जवाब कांग्रेस ने इस दस्तावेज के ज़रिए दिया है। कांग्रेस के रिसर्च विभाग के प्रमुख राजीव गोवा और अमिताभ दुबे ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर 75 पेज का विस्तृत दस्तावेज जारी किया, जिसका नाम है ‘Promise versus Reality’। यह दस्तावेज AICC रिसर्च डिपार्टमेंट द्वारा तैयार किया गया है। कांग्रेस का दावा है कि यह दस्तावेज सरकार के प्रचार के खिलाफ हकीकत सामने लाता है। राजनीतिक गलियारों में इस मुद्दे पर बहस तेज हो गई है।