India on Fujairah Attack: यूएई के फुजैराह पेट्रोलियम इंडस्ट्रीज जोन में किए गए ईरानी मिसाइल और ड्रोन हमलों में तीन भारतीय नागरिक घायल हो गए। भारत ने इस हमले की कड़ी निंदा की है। भारत ने ऐसे हमलों को फौरन खत्म करने का आह्वान किया है।
यूएई का फुजैराह तेल क्षेत्र
संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के फुजैराह पेट्रोलियम इंडस्ट्रीज जोन पर किए गए ताजा मिसाइल और ड्रोन हमले में तीन भारतीय नागरिक घायल हो गए। भारत सरकार ने इस हमले को “अस्वीकार्य” बताते हुए कड़ी निंदा की है। भारत ने नागरिक बुनियादी ढांचों पर हमले फौरन बंद करने की मांग की है। पीएम मोदी ने भी ट्वीट किया है। इस बीच होर्मुज में गतिरोध लगातार बना हुआ है। कभी यूएस राष्ट्रपति ट्रंप की धमकी सामने आती है तो कभी ईरान की जवाबी धमकी सामने आती है।
पीएम मोदी ने कहा- हम यूएई के साथ एकजुट हैं
पीएम मोदी ने भी फुजैराह हमले की निन्दा की है। उन्होंने मंगलवार को एक्स पर लिखा- संयुक्त अरब अमीरात पर हुए हमलों की हम कड़ी निंदा करते हैं, जिनमें तीन भारतीय नागरिक घायल हुए हैं। नागरिकों और बुनियादी ढांचे को निशाना बनाना अस्वीकार्य है। भारत संयुक्त अरब अमीरात के साथ पूरी तरह एकजुट है और संवाद एवं कूटनीति के माध्यम से सभी मुद्दों के शांतिपूर्ण समाधान के लिए अपना समर्थन दोहराता है।
भारतीय विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने एक्स पर लिखा, “फुजैराह पर हुआ हमला, जिसमें तीन भारतीय घायल हुए, अस्वीकार्य है। हम इन शत्रुतापूर्ण कार्रवाइयों और नागरिक बुनियादी ढांचे तथा निर्दोष नागरिकों पर हमलों को तुरंत रोकने की मांग करते हैं। भारत संवाद और कूटनीति के जरिए स्थिति का समाधान निकालने का पक्षधर है, ताकि पश्चिम एशिया में शांति और स्थिरता बहाल हो सके।”
उन्होंने कहा, “हम स्ट्रेट ऑफ हरमुज में अंतरराष्ट्रीय कानून के अनुसार स्वतंत्र और बेरोकटोक नेविगेशन तथा कारोबार की भी मांग करते हैं। भारत शांतिपूर्ण समाधान के सभी प्रयासों का समर्थन करने के लिए तैयार है।”
सोमवार को ईरान ने यूएई पर नए मिसाइल और ड्रोन हमले शुरू किए। फुजैराह ऑयल इंडस्ट्री जोन में ड्रोन हमले से आग लग गई, जिसमें तीन भारतीय घायल हुए। UAE अधिकारियों ने बताया कि ईरान ने चार क्रूज मिसाइलें दागीं, जिनमें से तीन को एयर डिफेंस सिस्टम ने इंटरसेप्ट कर लिया, जबकि चौथी समुद्र में गिर गई।
घायल भारतीयों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उनकी चोटें हल्की से थोड़ा ज्यादा बताई जा रही हैं। भारतीय दूतावास, अबू धाबी ने स्थानीय अधिकारियों से संपर्क बनाए रखते हुए घायलों को पर्याप्त चिकित्सा सुविधा और देखभाल सुनिश्चित करने का आश्वासन दिया है। दूतावास ने एक्स पर लिखा, “आज फुजैराह में हुए हमलों में तीन भारतीय घायल हुए हैं। हम स्थानीय अधिकारियों के संपर्क में हैं।”
फुजैराह UAE के लिए रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण है क्योंकि यहां से तेल का निर्यात स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को बायपास करके गल्फ ऑफ ओमान के रास्ते किया जाता है। हमले के बाद आग बुझाने के लिए रेस्पॉन्स टीमों को तैनात किया गया। UAE के विदेश मंत्रालय ने हमलों की कड़ी निंदा करते हुए उन्हें “धोखेबाजपूर्ण” बताया और राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए खतरा करार दिया। UAE ने जवाबी कार्रवाई का पूरा और वैध अधिकार सुरक्षित रखा है।
यह हमला वाशिंगटन और तेहरान के बीच हालिया संघर्ष विराम के बाद मध्य पूर्व में तनाव में तेजी से वृद्धि का संकेत है। ईरानी मीडिया ने बताया कि देश की नौसेना ने स्ट्रेट ऑफ होर्मुज के पास अपना ऑपरेशनल जोन बढ़ा दिया है, जिसमें UAE के फुजैराह और खोरफक्कान जैसे बंदरगाहों के आसपास के क्षेत्र शामिल हैं।
भारत ने पश्चिम एशिया में शांति बहाली के लिए संवाद और कूटनीति पर जोर देते हुए सभी पक्षों से संयम बरतने की अपील की है।