लोकसभा में बजट सत्र के दौरान हुए हंगामे के बाद राजनीतिक माहौल गरमा गया है। खुद को 'करणी सेना' का प्रवक्ता बताने वाले एक व्यक्ति ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और कांग्रेस के 25 सांसदों को जान से मारने की धमकी दी है। राजस्थान की कोटा पुलिस ने फौरन कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में ले लिया है।
सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो में राज सिंह नामक व्यक्ति ने आरोप लगाया कि बजट सत्र के दौरान कांग्रेस सांसदों ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के साथ दुर्व्यवहार किया। वीडियो में उसने बेहद आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल करते हुए कहा: "यह सब राहुल गांधी के इशारे पर हुआ है। राहुल गांधी कान खोलकर सुन लो, अगर दोबारा ऐसा हुआ तो हम तुम्हारे घर में घुसकर तुम्हें गोली मार देंगे।"
आरोपी ने सांसदों को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार करने की मांग की और चेतावनी दी कि ऐसा न होने पर वह उन्हें एक-एक करके मार डालेगा। वीडियो के बैकग्राउंड में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और ओम बिरला की तस्वीरें भी दिखाई दे रही थीं। कोटा की पुलिस अधीक्षक (SP) तेजस्वनी गौतम ने पुष्टि की है कि आरोपी राज सिंह को बोरखेड़ा थाने में हिरासत में लिया गया है। पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ पहले से ही उद्योग नगर थाने में चार आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस ने मामले का स्वतः संज्ञान (Suo Motu) लेते हुए कार्रवाई की है।फिलहाल आरोपी से उसके संगठनों से जुड़ाव के बारे में पूछताछ की जा रही है।
हैरानी की बात यह है कि जिस संगठन और पार्टी के नाम पर आरोपी ने धमकी दी, उन्होंने उसे पहचानने से इनकार कर दिया है। कोटा शहर के बीजेपी अध्यक्ष राकेश जैन ने स्पष्ट किया कि आरोपी का भाजपा से कोई लेना-देना नहीं है। उधर, राजपूत करणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष महिपाल सिंह मकराना ने कहा कि वह व्यक्ति संगठन का सदस्य नहीं है। उन्होंने कहा, "हम विरोध प्रदर्शन और काले झंडे दिखाने में विश्वास रखते हैं, लेकिन किसी की जान लेने की धमकी देना हमारी विचारधारा नहीं है।"

कांग्रेस का तीखा हमला: "यह 'गोडसे फैक्ट्री' का हिस्सा है"

कांग्रेस प्रवक्ता पवन खेड़ा ने इस घटना पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' पर लिखा कि यह कोई अकेली घटना नहीं बल्कि एक "सुनियोजित और कुटिल साजिश" का हिस्सा है। उन्होंने कहा कि पहले केंद्रीय मंत्री किरण रिजिजू ने झूठ फैलाया कि सांसदों ने अध्यक्ष के साथ बदसलूकी की, जबकि वीडियो फुटेज में स्पीकर मुस्कुराते हुए दिख रहे हैं। 

पवन खेड़ा का बयान यहां पढ़िए और देखिए। 

रेडिकलाइजेशन का दावा: पवन खेड़ा ने कहा, "यह कट्टरपंथ का तरीका है: पहले झूठ गढ़ो, फिर उसे बार-बार दोहराओ और अंत में समर्थकों को हिंसा के लिए उकसाओ। इसी तरह पहले गोडसे बनाया गया था और आज फिर एक और गोडसे तैयार किया जा रहा है।"

क्या बीजेपी नेताओं के बयान से बढ़ा राहुल के लिए गुस्सा

18 फरवरी, 2026 को एएनआई से बातचीत में केंद्रीय संसदीय कार्यक्रम मंत्री किरण रिजिजू ने राहुल गांधी को "भारत की सुरक्षा के लिए सबसे खतरनाक व्यक्ति" बताया था। मंत्री ने विपक्ष के नेता पर "भारत-विरोधी ताकतों" से संबंध रखने का आरोप लगाया और दावा किया कि गांधी देश को कमजोर करने के लिए भारत और विदेश दोनों जगह नक्सलियों, चरमपंथियों और जॉर्ज सोरोस जैसे लोगों से मिलते हैं। रिजिजू ने गांधी की राष्ट्रीय सुरक्षा को "राजनीतिक हथियार" के रूप में इस्तेमाल करने के लिए भी आलोचना की। विशेष रूप से सीमा मुद्दों पर सरकार पर हमला करने के लिए पूर्व सेना प्रमुख जनरल एमएम नरवणे की किताब का हवाला देने के राहुल के प्रयासों का जिक्र किया। किरण रिजिजू के अलावा बीजेपी सांसद निशिकांत दुबे, केंद्रीय मंत्री गिरिराज किशोर ने भी इन्हीं लाइनों पर राहुल के खिलाफ आपत्तिजनक बयान दिए। 

दक्षिणपंथियों के निशाने पर राहुल

यह पहली बार नहीं है जब राहुल को दक्षिणपंथी कट्टरपंथियों से जान से मारने की धमकियां मिली हैं। पिछले साल सितंबर में केरल के त्रिशूर में एक स्कूल शिक्षक और एबीवीपी पदाधिकारी पिंटू महादेवन ने एक लाइव टेलीविजन बहस के दौरान राहुल को जान से मारने की धमकी दी थी। 2006 में गठित करणी सेना तब कुख्यात हुई जब 2018 में इसके सदस्यों ने पद्मावत के सेट पर धावा बोल दिया था और भारी तोड़फोड़ की। इसी तरह अप्रैल 2025 में, करणी सेना के गुंडों ने उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ में समाजवादी पार्टी के राज्यसभा सांसद रामजी लाल सुमन के काफिले पर हमला किया था।