पाकिस्तान टी20 विश्व कप 2026 में भाग लेगा, लेकिन भारत के खिलाफ होने वाले मैचों का बहिष्कार करेगा। उसके इस फैसले से आईसीसी बेहद नाराज़ है। भारत-पाकिस्तान मैच रद्द होने से क्रिकेट जगत को अरबों का नुकसान होगा। आईसीसी कार्रवाई पर विचार कर रही है।
टी20 वर्ल्ड कपः भारत के खिलाफ नहीं खेलेगा पाकिस्तान
पाकिस्तान क्रिकेट टीम ICC T20 विश्व कप 2026 में हिस्सा तो लेगी, लेकिन भारत के खिलाफ अपना ग्रुप मैच नहीं खेलेगी। पाकिस्तान सरकार ने रविवार को आधिकारिक तौर पर यह घोषणा की कि टीम टूर्नामेंट में भाग लेने की अनुमति है, लेकिन 15 फरवरी को कोलंबो में निर्धारित भारत-पाकिस्तान मैच में मैदान पर नहीं उतरेगी। इस घोषणा के बाद बीसीसीआई से लेकर आईसीसी तक नाराज हो गए हैं। आईसीसी के चेयरमैन केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के बेटे जय शाह हैं। भारत-पाकिस्तान में किसी भी स्तर का क्रिकेट मैच होने पर अरबों रुपये के विज्ञापन आदि से बीसीसीआई और आईसीसी को कमाई होती है। खिलाड़ी भी मालामाल होते हैं। लेकिन बांग्लादेश क्रिकेट टीम के खिलाफ भारत की कार्रवाई के बाद पाकिस्तान ने भारत के साथ खेलने का नहीं फैसला किया है। अब इन तीन पड़ोसी देशों में क्रिकेट को सरकार के स्तर पर डील किया जा रहा है।
पाकिस्तान सरकार के आधिकारिक X अकाउंट पर जारी बयान में कहा गया, "इस्लामिक रिपब्लिक ऑफ पाकिस्तान की सरकार ICC T20 विश्व कप 2026 में पाकिस्तान क्रिकेट टीम की भागीदारी को मंजूरी देती है, हालांकि पाकिस्तान क्रिकेट टीम 15 फरवरी 2026 को भारत के खिलाफ निर्धारित मैच में मैदान पर नहीं उतरेगी।"
यह फैसला बांग्लादेश के टूर्नामेंट से हटाए जाने के बाद आया है। बांग्लादेश ने भारत में सुरक्षा चिंताओं का हवाला देकर मैच नहीं खेलने का फैसला किया था, जिसके बाद ICC ने उन्हें स्कॉटलैंड से बदल दिया। पाकिस्तान ने शुरू में पूरे टूर्नामेंट का बहिष्कार करने की धमकी दी थी, लेकिन अब केवल भारत मैच से हटने का रुख अपनाया है।
पाकिस्तान के कप्तान सलमान अली आगा ने रविवार को कहा कि टीम सरकार के फैसले का पालन करेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह मामला क्रिकेट बोर्ड के हाथ में नहीं है।
ICC की प्रतिक्रिया और संभावित सजा
इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) से अभी तक कोई आधिकारिक कम्युनिकेशन नहीं मिलने की बात कही है। ICC ने बयान जारी कर कहा कि "चयनात्मक भागीदारी" वैश्विक खेल की मूल भावना के खिलाफ है और इससे क्रिकेट के हितों को नुकसान पहुंचेगा। ICC ने PCB से वैश्विक क्रिकेट के सर्वोत्तम हित में फैसला लेने की अपील की है और लंबे समय तक प्रभावों की चेतावनी दी है।
आईसीसी क्या क्या कर सकता है
सूत्रों के अनुसार, ICC चेयरमैन जय शाह के नेतृत्व में बोर्ड जल्द ही बैठक बुलाने वाला है – संभवतः मंगलवार या बुधवार को। इस बैठक में पाकिस्तान के खिलाफ गंभीर प्रतिबंध लगाए जा सकते हैं, जिनमें शामिल हो सकते हैं:
- मैच न खेलने पर 2 अंक जुर्माना
- वित्तीय नुकसान (करीब 316 करोड़ रुपये का अनुमानित घाटा)
- अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों के लिए NOC फ्रीज
- भविष्य के ICC टूर्नामेंट्स या द्विपक्षीय सीरीज से निलंबन
- अन्य गंभीर कार्रवाई जैसे आमदनी में हिस्सेदारी रोकना
PCB चेयरमैन मोहसिन नकवी, जो पाकिस्तान के गृह मंत्री भी हैं, ने इस मुद्दे पर कोई टिप्पणी नहीं की है। टीम कोलंबो के लिए रवाना होने की तैयारी कर रही है, लेकिन भारत मैच का बहिष्कार विश्व कप के शेड्यूल और राजस्व पर बड़ा असर डाल सकता है। इंडिया-पाकिस्तान मैच न होने से ब्रॉडकास्टर्स और क्रिकेट को भारी आर्थिक नुकसान होने का अनुमान है।
ICC अब PCB के आधिकारिक पत्र का इंतजार कर रहा है और दोनों पक्षों के बीच कोई आपसी समाधान निकालने की उम्मीद जता रहा है। यह विवाद वैश्विक क्रिकेट में नया संकट पैदा कर सकता है।