पश्चिम बंगाल में बीजेपी की 'ऐतिहासिक' जीत के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि अब 'गंगोत्री से गंगासागर तक कमल खिल रहा है।' उन्होंने कहा, 'पिछले साल 14 नवंबर को जब बिहार के चुनाव नतीजे आए थे, तब मैंने इसी जगह से आप सभी से कहा था कि गंगा जी बिहार से आगे गंगासागर की ओर बहती है। आज गंगोत्री से लेकर गंगासागर तक पूरे रास्ते में सिर्फ कमल ही कमल खिल रहा है।' इसके साथ ही प्रधानमंत्री ने कई राज्यों में सफलतापूर्वक विधानसभा चुनाव कराने के लिए चुनाव आयोग, मतदान अधिकारियों और सुरक्षा कर्मियों को बधाई दी। उन्होंने कहा, 'मैं चुनाव आयोग, मतदान प्रक्रिया में शामिल सभी भाइयों और बहनों और विशेष रूप से सुरक्षा बलों को दिल से बधाई देता हूँ। भारतीय लोकतंत्र की गरिमा बनाए रखने में आपके योगदान को इतिहास हमेशा याद रखेगा।' पीएम ने पार्टी कार्यकर्ताओं को भी ख़ूब मेहनत करने के लिए बधाई दी है।

प्रधानमंत्री ने पश्चिम बंगाल में बीजेपी की भारी जीत पर कहा कि 2026 का बंगाल विधानसभा चुनाव इतिहास में हमेशा याद रखा जाएगा। बीजेपी ने इस चुनाव में शानदार प्रदर्शन करते हुए 200 से ज्यादा सीटों पर बढ़त बना ली है। ममता बनर्जी की तृणमूल कांग्रेस दो अंकों की संख्या में सिमट गई है।
पीएम ने कहा, 'जब 2013 में बीजेपी ने मुझे पीएम बनने की ज़िम्मेदारी दी... मैंने कहा था कि न तो मैं अपने आप आया और न ही मुझे भेजा गया, मुझे मां गंगा ने बुलाया है। गंगा जी के साथ ही हमें ब्रह्मपुत्र और मां कामख्या का आर्शीवाद भी मिला है। इसी वजह से हमने असम में हैट्रिक लगाई है।' पीएम ने अपने संबोधन के दौरान यह भी कहा, 'लोकतंत्र हमारी रगों में बसा है। आज न सिर्फ भारत के लोकतंत्र की, बल्कि उसके संविधान की भी जीत हुई है।'
ताज़ा ख़बरें
प्रधानमंत्री ने कहा, 'आज भारत के 30 से ज़्यादा राज्यों में बीजेपी-एनडीए की सरकारें हैं। हम लोगों की सेवा के लिए प्रतिबद्ध हैं। लोग देख रहे हैं कि जहाँ बीजेपी है वहाँ विकास है।'
 
उन्होंने कहा, 'आज एक बीजेपी कार्यकर्ता के तौर पर मेरे मन में एक बात है- 1951 में श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने यह सिद्धांत दिया था कि आपको देश के लिए जीना और मरना है। डॉ. मुखर्जी ने पश्चिम बंगाल को भारत का हिस्सा बनाए रखने के लिए एक बड़ी लड़ाई लड़ी थी। उन्होंने एक विकसित बंगाल का जो सपना देखा था, वह सालों से पूरा होने का इंतज़ार कर रहा था।'

महिला आरक्षण रोकने की सज़ा दी: PM

प्रधानमंत्री ने कहा कि वोटरों ने विपक्षी पार्टियों को एक कड़ा संदेश दिया है। उन्होंने दावा किया कि महिलाओं के लिए आरक्षण के मुद्दे पर अपने रुख़ के कारण तृणमूल कांग्रेस यानी TMC, DMK और कांग्रेस को 'सज़ा' मिली है। उन्होंने कहा, 'माताओं, बहनों और बेटियों ने संसद में महिलाओं के लिए आरक्षण बिल को रोकने के लिए TMC, DMK और कांग्रेस को सज़ा दी है।'

पीएम ने कहा, 'केरलम में लेफ्ट के 10 सालों के कुशासन का फायदा कांग्रेस को जरूर मिला है। लेकिन मुझे विश्वास है कि केरलम की बहनें भी अगले चुनावों में कांग्रेस को सबक जरूर सिखाएंगीं। जिस समाजवादी पार्टी ने संसद में महिला आरक्षण को रोका है, उसे भी उत्तर प्रदेश की महिलाओं का विरोध सहना पड़ेगा। महिला विरोधी समाजवादी पार्टी कुछ भी कर ले, लेकिन अपने पाप को कभी धो नहीं पाएगी।'
देश से और ख़बरें

प्रधानमंत्री मोदी का ट्वीट

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक्स पर दो पोस्ट लिखकर बंगाल की जनता और भाजपा कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। उन्होंने लिखा, 'कमल पश्चिम बंगाल में खिल गया है। 2026 पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव हमेशा याद रखा जाएगा। जनता की ताकत जीती और भाजपा की अच्छे शासन की राजनीति कामयाब हुई।' उन्होंने आगे कहा, 'लोगों ने भाजपा को भारी जनादेश दिया है। हमारी पार्टी बंगाल की जनता के सपनों और आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए हर संभव प्रयास करेगी। हम एक ऐसा सरकार बनाएंगे जो समाज के हर वर्ग को अवसर और सम्मान दे।'

बंगाल में बीजेपी का सफर

बीजेपी को पहले बंगाल में ‘बाहर की पार्टी’ और ‘हिंदी पार्टी’ कहा जाता था। लेकिन इस बार उसने सारी धारणाएं तोड़ दीं। पार्टी की शुरुआत 2016 में तब कही जा सकती है जब इसने 3 सीटें जीती थी। 2021 में इसने 77 सीटें जीतकर विपक्ष का तमगा हासिल किया। और अब 2026 में वह 200 से ज्यादा सीटों पर बढ़त बनाकर सरकार बनाने की राह पर है।

क्यों हारी TMC?

चुनावी नतीजों से साफ है कि बंगाल में ममता बनर्जी सरकार के खिलाफ भारी नाराजगी थी। शहरों के मतदाता भी टीएमसी शासन से खुश नहीं थे। टीएमसी ने चुनाव में बंगाली अस्मिता का मुद्दा उठाया और भाजपा को ‘बाहर वाले’ बताया। लेकिन भाजपा ने उत्तर बंगाल में अपनी पकड़ मजबूत रखी। इसने टीएमसी के कई गढ़ों में बड़ी सेंध लगाई।
सर्वाधिक पढ़ी गयी ख़बरें
बहरहाल, PM मोदी ने बंगाल की जनता से वादा किया है कि नई सरकार सबके लिए अवसर और सम्मान की सरकार होगी। बंगाल का यह चुनावी नतीजा न सिर्फ भाजपा के लिए, बल्कि पूरे देश की राजनीति के लिए बेहद अहम माना जा रहा है। अभी आधिकारिक नतीजे आने बाकी हैं, लेकिन भाजपा की 200 पार बढ़त साफ संकेत दे रही है कि पश्चिम बंगाल में अब नई सरकार भाजपा की होने वाली है।