महाराष्ट्र की राजनीति में 'ऑपरेशन टाइगर' आज सोमवार को पूरा होने जा रहा है। उद्धव ठाकरे (Uddhav Thackeray) को एक बड़ा झटका देते हुए शिवसेना (UBT) के सभी 6 बागी लोकसभा सांसद सोमवार, 22 जून 2026 दोपहर 3 बजे एकनाथ शिंदे (Eknath Shinde) की अगुवाई वाली शिवसेना में शामिल होने जा रहे हैं। महाराष्ट्र के सीएम देवेंद्र फडणवीस ने ऑपरेशन टाइगर के सफल होने का ऐलान कर दिया है। उद्धव गुट के दो बाग़ी सांसदों ने भी सार्वजनिक बयान देकर इसकी पुष्टी कर दी है।

दलबदल कानून से बचने के लिए जरूरी आंकड़ा

शिवसेना (UBT) के पास लोकसभा में कुल 9 सांसद हैं। दलबदल विरोधी कानून (Anti-Defection Law) के तहत अयोग्यता से बचने के लिए बागी गुट को कम से कम दो-तिहाई बहुमत यानी 6 सांसदों की जरूरत थी। इन 6 सांसदों के एकनाथ शिंदे गुट में विलय (Merge) के साथ ही वे कानूनी तौर पर अयोग्यता के दायरे से बाहर हो जाएंगे। 

बीजेपी खुलेआम पार्टियों को तोड़ रही

विपक्ष का आरोप है कि बीजेपी और मोदी सरकार चुन चुन विपक्षी पार्टियों के सांसदों को तोड़ रही है ताकि लोकसभा और राज्यसभा में परिसीमन, एक देश एक चुनाव जैसे विवादित बिल पास कराए जा सकें। जिसके ज़रिए संविधान को पूरी तरह बदला जा सके। पश्चिम  बंगाल की टीएमसी में टूटफूट कराने के बाद वही ऑपरेशन महाराष्ट्र में किया जा रहा है। महाराष्ट्र के सीएम फडणवीस खुद सांसदों को तोड़ने वाले ऑपरेशन टाइगर के सफल होने का बयान दे रहे हैं।

ये 6 सांसद बदल रहे हैं पाला

17 जून को दिल्ली में हुई शिवसेना (UBT) की संसदीय दल की बैठक से नदारद रहने वाले ये 6 सांसद हैं- संजय दीना पाटील (Sanjay Dina Patil), संजय देशमुख (Sanjay Deshmukh), संजय जाधव (Sanjay Jadhav), भाऊसाहेब वाकचौरे (Bhausaheb Wakchaure), नागेश पाटील अष्टिकर (Nagesh Patil-Ashtikar) और ओमप्रकाश राजे निंबाल्कर (Omprakash Raje Nimbalkar)।

शिवसेना यूबीटी के 2 बागी सांसदों ने क्या कहा

नागेश पाटील अष्टिकर (हिंगोली सांसद): उन्होंने सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी कर पाला बदलने की पुष्टि की। अष्टिकर ने कहा, "18 जून तक हमने कोई फैसला नहीं लिया था। लेकिन पिछले कुछ दिनों में हमारे खिलाफ की गई टिप्पणियों से हमें लगा कि अब इस पार्टी में रहने का कोई मतलब नहीं है।" उन्होंने साफ किया कि वे सिर्फ एक शिवसेना से दूसरी शिवसेना में गए हैं और उन्होंने अपनी विचारधारा से कोई समझौता नहीं किया है।

ओमप्रकाश राजे निंबाल्कर (धाराशिव सांसद): उन्होंने भी अपने निर्वाचन क्षेत्र के कार्यकर्ताओं से चर्चा के बाद शिंदे गुट में जाने का फैसला लिया। हालांकि, उन्हें रोकने के लिए ठाकरे गुट के विधायक कैलाश पाटील और वरुण सरदेसाई रविवार तड़के उनके पुणे स्थित आवास पर उद्धव ठाकरे का संदेश लेकर पहुंचे थे, लेकिन उनकी यह कोशिश नाकाम रही। निंबाल्कर का वीडियो बयान आ चुका है।

'ऑपरेशन टाइगर' पर फडणवीस और शिंदे का बयान

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने इस राजनीतिक घटनाक्रम की सफलता को स्वीकार करते हुए तंज कसा, "ऑपरेशन पूरी तरह सफल रहा है और शरीर का स्वास्थ्य बहुत अच्छा है। चिंता करने की कोई जरूरत नहीं है, जिन्हें आत्मनिरीक्षण करना चाहिए, वे करें।" उन्होंने कहा कि एकनाथ शिंदे ही असली शिवसेना चला रहे हैं और बालासाहेब ठाकरे की विचारधारा को आगे बढ़ा रहे हैं।
वहीं, डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे ने भी मुस्कुराते हुए कहा, "जब भी मैं कोई ऑपरेशन हाथ में लेता हूँ, उसे पूरा करके ही दम लेता हूँ। सांसदों को पहले गाली दी जाती है और फिर उन्हें वापस भी बुलाना चाहते हैं, यह एक तरह का केमिकल लोचा है।"

यह भाजपा का पाप हैः उद्धव ठाकरे

इस बड़े झटके के बावजूद उद्धव ठाकरे ने हार मानने से इंकार किया है। बागी सांसद संजय पाटील के निर्वाचन क्षेत्र (मुंबई उत्तर-पूर्व) के अंतर्गत आने वाले भांडुप में पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए ठाकरे ने कहा, "मेरा हौसला टूटा नहीं है। यह भाजपा का पाप है। मेरे नेतृत्व वाली शिवसेना ही एकमात्र असली शिवसेना है।" उन्होंने भाजपा पर शिवसेना को चुराने या खत्म करने का प्रयास करने का आरोप लगाया।

उद्धव ठाकरे की आपात बैठक

सांसदों की इस बगावत के बाद उद्धव ठाकरे ने सोमवार दोपहर 2:30 बजे नरीमन पॉइंट स्थित पार्टी कार्यालय 'शिवालय' में अपने सभी विधायकों (MLAs) और विधान पार्षदों (MLCs) की एक आपात बैठक बुलाई है। यह बैठक महाराष्ट्र विधानसभा के मानसून सत्र के पहले दिन हो रही है, जिसे ठाकरे द्वारा बाकी बचे जन प्रतिनिधियों को एकजुट रखने की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है।