पवार परिवार ने प्लेन क्रैश में अजित पवार की मौत को पहली बार बड़ी साज़िश बताया है। एनसीपी के शरद पवार गुट के नेता और अजित के भतीजे रोहित पवार ने मंगलवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कहा कि उनके चाचा अजित पवार की 28 जनवरी को हुई प्लेन क्रैश में मौत एक साजिश का नतीजा है। उन्होंने साज़िश की पूरी थ्योरी को समझाने के लिए प्रजेंटेशन भी दिया। रोहित पवार परिवार में पहले व्यक्ति हैं जिन्होंने ऐसा दावा किया है। इससे पहले शरद पवार ने साजिश की बात को नकार दिया था।

रोहित पवार ने मंगलवार शाम को मुंबई में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस की और इस बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने फ्लाइट के बारे में बैकग्राउंड बताया और उस दिन की घटनाओं पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा, 'मैं ये नहीं कह सकता कि ये राजनीतिक साजिश है या नहीं, लेकिन ये 100% साजिश है... पार्टी के बड़े नेताओं के लिए इस घटना और इसकी जांच अहम नहीं है, उनके लिए सत्ता में अपनी कुर्सी बचाना ज्यादा जरूरी है।'

'सीसीटीवी फुटेज ने खोली पोल'

रोहित पवार ने बताया कि ये हादसा इसलिए चर्चा में है क्योंकि गांव की पंचायत के सीसीटीवी कैमरे में प्लेन क्रैश होने से पहले झुकता हुए दिखाई दिया। उन्होंने कहा, 'अगर सीसीटीवी फुटेज नहीं होता तो सिर्फ सतही या अस्पष्ट जानकारी मिलती।' इस फुटेज ने जांच को नई दिशा दी है, वरना मामला दब जाता।

अजित पवार की फ्लाइट पर बड़े सवाल

रोहित ने बताया कि अजित पवार उड़ान के मामले में बहुत सतर्क थे। वे 66 साल के थे और आमतौर पर प्लेन से सफर करने से बचते थे। प्लान ये था कि वे कार से पुणे जाते और फिर बारामती। लेकिन वे देर हो गए और प्लेन से जाने का फ़ैसला किया। इस देरी पर बड़ा सवाल खड़ा किया गया है। रोहित ने सवाल उठाया कि अजित पवार मंत्रालय में क्यों रुके? उन्होंने कहा,
दादा (अजित पवार) को विदर्भ के एक नेता की फाइल साइन करनी पड़ी, इसलिए वे देर हो गए। इस वजह से 27 जनवरी को सड़क से पुणे नहीं जा सके। इतनी जल्दी क्यों? क्या पहले से तय था कि उन्हें प्लेन से भेजा जाएगा?
रोहित पवार
अजित पवार के भतीजे

पायलट का बदलाव क्यों?

रोहित ने पायलटों पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि शुरू में दो पायलटों को प्लेन उड़ाने की जिम्मेदारी दी गई थी, लेकिन सुबह अचानक पायलट सुमित कपूर को अकेले ये काम सौंपा गया। उन्होंने पूछा कि ये आखिरी मिनट का बदलाव क्यों हुआ?

इसके अलावा रोहित ने पायलटों के एक चैट ग्रुप की बात की। उन्होंने कहा कि कैप्टन सुमित कपूर हॉन्गकॉन्ग से आए थे और क्या वे शराब पीकर आए थे? रोहित ने चैट्स दिखाते हुए कहा, 'पायलटों के व्हाट्सएप चैट में सुमित कपूर के खिलाफ कई मैसेज हैं... ग्रुप में उन्हें कई बार चेतावनी दी गई कि वे बहुत ज्यादा शराब पीते हैं।'

और भी कई सवाल

रोहित पवार ने और भी कई बातों पर उंगली उठाई-
  • एटीसी यानी एयर ट्रैफिक कंट्रोल ने रनवे 29 पर लैंडिंग की हिदायत दी, लेकिन पायलट ने बार-बार रनवे 11 की मांग की। ये क्यों?
  • प्लेन का स्टॉल वार्निंग सिस्टम, जो एक महत्वपूर्ण सेफ्टी फीचर है, फ्लाइट के दौरान बंद था।
  • कॉकपिट वॉइस रिकॉर्डर यानी सीवीआर में लगभग कोई बातचीत नहीं रिकॉर्ड हुई; सिर्फ आखिरी शब्द 'ओह शिट' सुनाई दिए।
रोहित का कहना है कि ये सभी बातें साजिश की ओर इशारा करती हैं।

हादसे का बैकग्राउंड

ये हादसा 28 जनवरी को हुआ था। अजित पवार मुंबई से बारामती जा रहे थे। प्लेन एक छोटा लियरजेट एक्सआर था। इसमें अजित पवार के अलावा एक पायलट, एक क्रू मेंबर और उनके सिक्योरिटी वाले थे। प्लेन सुबह 8:10 बजे मुंबई से उड़ा और आधे घंटे बाद बारामती एयरपोर्ट के पास लैंडिंग के दौरान क्रैश हो गया। ये दूसरी बार लैंडिंग की कोशिश थी। प्लेन में कुल पांच लोग थे, सभी की मौत हो गई।

ममता बनर्जी ने लगाया था साज़िश का आरोप?

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने सबसे ज्यादा जोरदार तरीके से सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में जांच की मांग की। हादसे के तुरंत बाद उन्होंने पत्रकारों से बातचीत में कहा था, 'यह बहुत सदमे वाली खबर है। अजित पवार का प्लेन क्रैश में निधन हो गया। देश में लोगों की सुरक्षा नहीं बची है, राजनीतिक नेताओं की भी नहीं। मैंने कुछ दिन पहले सोशल मीडिया पर पढ़ा था कि अजित पवार बीजेपी छोड़कर वापस शरद पवार की एनसीपी में लौटने वाले थे। ऐसे में यह हादसा संदिग्ध लगता है।'

ममता बनर्जी ने आगे कहा, 'सिर्फ सुप्रीम कोर्ट पर ही भरोसा है। बाक़ी सभी एजेंसियाँ खरीदी जा चुकी हैं या समझौता कर चुकी हैं। जांच सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में होनी चाहिए, ताकि सच सामने आए।'

ममता बनर्जी

अखिलेश, लालू ने की जाँच की माँग

समाजवादी पार्टी के अखिलेश यादव ने कहा कि ममता की जाँच की मांग सही है। जाँच जरूरी है, तभी हादसे का सच सामने आएगा।

आरजेडी नेता लालू प्रसाद यादव ने शोक जताते हुए कहा, 'बारामती प्लेन हादसे में महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम अजित पवार जी के निधन का बहुत दुखद समाचार मिला। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति दे और परिवार व समर्थकों को इस दुख को सहने की ताक़त दे। हादसे की उच्च स्तरीय जाँच होनी चाहिए।' जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने भी जांच की मांग की और इसे सिर्फ 'हादसा' मानने से इनकार किया।

महाराष्ट्र के कई नेता भी इस हादसे पर सवाल उठा रहे हैं। एनसीपी विधायक अमोल मिटकरी ने पूछा कि क्या इसमें कोई गलत खेल था? उन्होंने प्लेन में लोगों की संख्या पर भी सवाल उठाए, पहले रिपोर्ट में 6 लोग बताए गए थे, लेकिन बाद में 5 के बारे में ही जानकारी दी गई। पायलट को आखिरी समय में क्यों बदला गया? क्या उस समय कोहरा था, जैसा दावा किया गया?

शिवसेना यूबीटी सांसद संजय राउत ने कोर्ट की निगरानी में जांच की मांग की है। उन्होंने कहा, 'क्या अजित पवार के पास भाजपा से जुड़ी कोई महत्वपूर्ण फाइलें थीं? क्या हादसे में कोई फाउल प्ले है? फडणवीस जी क्यों कह रहे हैं कि मौत को पॉलिटिसाइज न करें? क्या वे घबराए हुए हैं? क्या वे जिम्मेदार हैं?'

सरकार की प्रतिक्रिया

हादसे के बाद सिविल एविएशन मिनिस्ट्री ने घोषणा की है कि वे सभी अनकंट्रोल्ड एयरस्ट्रिप्स की जांच करेगी। ये एयरस्ट्रिप्स वे हैं जहां ट्रैफिक कंट्रोल कम होता है।

ये दावा महाराष्ट्र की राजनीति में नई हलचल मचा सकता है। एनसीपी के दो गुटों के बीच पहले से तनाव है और अब ये साजिश का आरोप मामला और गर्म कर सकता है। जांच एजेंसियां क्या कहती हैं, ये देखना बाकी है। लेकिन रोहित पवार का कहना है कि सच्चाई सामने आनी चाहिए।