राहुल गांधी ने बीजेपी सरकार की नींद हराम कर रखी है। पिछले हफ्ते दिल्ली में बाराखंबा रोड से लेकर सुप्रीम कोर्ट तक विपक्ष की यात्रा ने राहुल को एक नये नेता के तौर स्थापित कर दिया है। कई लोगों ने कहा कि इंदिरा गांधी के बाद पहली बार इतनी बड़ी भीड़ कांग्रेस के लिये इकट्ठी हुई। इस भीड़ ने केवल ये साबित नहीं किया कि वोट चोरी के सवाल पर लोगों का ग़ुस्सा बढ़ता जा रहा है बल्कि ये भी साबित किया कि आम जन में प्रधानमंत्री मोदी का विश्वास भी काफी कम हो रहा है। सबसे बड़ी बात ये हुई है कि राहुल को लेकर जो अविश्वास कांग्रेस के अंदर और बाहर था, वो अब खत्म हो गया है। जहाँ पहले ये कहा जाता था कि राहुल इसलिये कांग्रेस के नेता हैं क्योंकि वो नेहरू गांधी परिवार से हैं। अब ये कहा जाता है कि क्या कांग्रेस राहुल के योग्य है या नहीं।
राहुल के लिये ये सफ़र आसान नहीं था। मोदी सरकार और पूरे संघ परिवार ने राहुल को पप्पू बनाने में कोई कोर कसर नहीं छोड़ी थी। उनको मुख्यधारा के मीडिया ने ये साबित कर दिया था कि वो वाक़ई में किसी क़ाबिल नहीं है। मीडिया ने ये काम सरकार के इशारे पर किया था। वो अभी भी काम कर रहा है लेकिन अब उसकी कोई गूँज नहीं है। राहुल को भी इस बात का एहसास था। भारत जोड़ो यात्रा के दौरान राहुल ने कहा भी था कि उनकी छवि को खराब करने के लिये करोड़ों अरबों रुपये खर्च किये गये। ऐसे में राहुल की भारत की राजनीति में वापसी एक चमत्कार से कम नहीं है। भारत की राजनीति में किसी और नेता को इतनी बड़ी अग्नि परीक्षा से नहीं गुज़रना पड़ा। कोई और नेता होता तो वो मैदान छोड़ कर भाग जाता लेकिन राहुल डटे रहे।
ताज़ा ख़बरें

राहुल को पप्पू कांग्रेसी नेताओं ने बनाया था?

प्रोपगंडा के माध्यम से राहुल के प्रति लोगों में इस कदर अविश्वास पैदा कर दिया गया था कि खुद कांग्रेस के सीनियर नेता पीठ पीछे उनका मजाक उड़ाते थे। कुछ जानकार लोगों का ये भी कहना है कि राहुल को पप्पू बनाने का काम खुद कांग्रेस के लोगों ने शुरू किया था जिसे बाद में बीजेपी ने लपक लिया। राहुल में कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं का कितना भरोसा था ये इस बात से पता चलता है कि 2019 के लोकसभा चुनाव में बुरी हार के बाद राहुल ने जब अध्यक्ष पद से इस्तीफा दिया तो उन्होंने ये कहा था कि मैं तो अकेला ही लड़ रहा था। यानी उनका इशारा साफ़ था कि सीनियर नेता उनके साथ नहीं थे। ये महज़ इत्तेफाक नहीं है कि आज जब राहुल सड़क पर प्रियंका के साथ संघर्ष करते दिख रहे हैं तब ये सारे वरिष्ठ नेता ग़ायब हैं। राहुल के नेतृत्व में एक नई कांग्रेस का उदय हो रहा है जो वातानुकूलित कमरों में बैठ कर राजनीति नहीं कर रही है, वो सड़क पर उतर रही है और पुलिस प्रशासन से दो-दो हाथ कर रही है।

अब राहुल की कांग्रेस

दरअसल, हर नेता को अपने हिसाब से अपनी पार्टी को गढ़ना होता है। जैसे मोदी के बीजेपी की कमान संभालने के बाद एक नई बीजेपी का जन्म हुआ जो मोदी के रंग में रंगी हुई है। जो चुनाव जीतने के लिये किसी भी हद तक जा सकती है। जिसे चुनाव जीतने के लिये किसी भी पार्टी को तोड़ना और किसी को भी जेल भेजने में कोई संकोच नहीं होता। पार्टी के क्षत्रपों को किनारे लगा दिया गया और मोदी के नेतृत्व को आंख मूँद कर मानने वाले बीजेपी नेताओं को पूरी शिद्दत से आगे बढ़ाया गया। उसी तरह राहुल ने भी कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं को किनारे लगाना शुरू कर दिया और अब जो कांग्रेस सामने है वो राहुल की कांग्रेस है।

ये वो कांग्रेस है जो राहुल की तरह आक्रामक है और जिसे मीठी-मीठा बातें करना नहीं आता। जो मोदी को उसी की भाषा में जवाब देती है।

इस वजह से जब राहुल के नेतृत्व में सुप्रीम कोर्ट तक यात्रा निकली तो अख़बारों में एक ख़बर छपी कि संवैधानिक संस्थाओं पर इस कदर हमला करना कांग्रेस का कल्चर नहीं है। ये हाशिये पर पड़े कांग्रेसियों का रूदन था, ये उन नेताओं का रूदन था जो सड़क पर उतर कर लाठी डंडा नहीं खाना चाहते। जो सत्ताजीवी हो गये और जिन्हें इससे कोई फर्क नहीं पड़ता कि वो बीजेपी में है या कांग्रेस में। उनकी फ़ितरत सिर्फ़ सरकार से मिले फायदे से है।

भारत जोड़ो यात्रा से शुरुआत

लेकिन अब ऐसा नहीं है। इसकी शुरुआत राहुल की भारत जोड़ो यात्रा से हुई। सीनियर कांग्रेस के नेता ये भूल गये थे कि जिन हालात में कांग्रेस पहुंच गई थी वो पहले की तरह की राजनीति करके ज़िंदा नहीं की जा सकती थी। सवाल कांग्रेस के वजूद पर ही लगने लगा था। ये तो भला हो कांग्रेस का कि आम आदमी पार्टी अपने कर्मों से अखिल भारतीय स्वरूप नहीं ले सकी, नहीं तो 2014 - 2015 में ‘आप’ को कांग्रेस के राष्ट्रीय विकल्प के तौर पर देखा जा रहा था। ये वो वक्त था जब अरविंद केजरीवाल को मोदी का चैलेंजर माना जा रहा था और राहुल से किसी को कोई उम्मीद नहीं थी। राहुल के लिये ये सबसे बुरा समय था। पार्टी न केवल लगातार हार रही थी बल्कि एक एक कर सभी छोटे बड़े नेता पार्टी छोड़ कर बीजेपी में शामिल हो रहे थे। ऐसे में राहुल को ये समझ में आया कि पुराने पिलपिले नेताओं से न तो जंग लड़ी जा सकती है और न ही जंग जीती जा सकती है। वो दो निष्कर्ष पर पहुँचे।

हिंदुत्व विचारधारा से राहुल का सामना

एक, उनका सामना एक ऐसी पार्टी से है जो विचारधारात्मक है, और दूसरे दलों जैसी नहीं है। और अगर मोदी से पार पाना है तो उनकी विचारधारा हिंदुत्व पर हमले करने होंगे, उसकी साख को खत्म करना होगा। बीजेपी की मातृ संस्था आरएसएस और मोहन भागवत की छवि को ध्वस्त करना होगा। दो, कांग्रेस को बदलना होगा। पुराने ढर्रे से काम नहीं चलेगा। उसके लिये नये सामाजिक आधार को खोजना होगा। नये नेताओं की तलाश करना होगी। राहुल ने कई बार ये कहा है कि कांग्रेस की लड़ाई कांग्रेस के बाहर के लोग भी अच्छी तरह से लड़ रहे हैं। उन्होंने ऐसे लोगों को अपने साथ जोड़ना शुरू किया। लेकिन असली बदलाव आया उनकी खुद की भारत जोड़ो यात्रा से। 

भारत जोड़ो यात्रा से पहली बार लोगों को लगा कि राहुल गंभीर नेता हैं। ये वो वक्त था जब उनके कई कटु आलोचकों ने भी उनकी प्रशंसा की। वो राहुल को नई नज़र से देखने लगे। कन्याकुमारी से कश्मीर की यात्रा ने राहुल के लिये संजीवनी का काम किया।

फिर उन्होंने जाति जनगणना और संविधान बचाओ का मुद्दा उठाया। 2024 के चुनाव में बीजेपी नेताओं के बयान कि अगर चार सौ सीटें मिल गईं तो वो संविधान बदल देंगे, को इतने आक्रामक तरह से उठाया कि कभी बाबा साहेब आंबेडकर का मजाक उड़ाने वाले संघ परिवार के नेता और मोदी को कहना पड़ा कि बाबा साहेब भी आ जायें तो संविधान को नहीं बदल सकते। 2024 में चार सौ का दावा करने वाली पार्टी 240 पर सिमट गई। ये राहुल की सबसे बड़ी जीत थी।

राहुल के तेवर से बीजेपी परेशान

नेता विपक्ष बनने के बाद राहुल ने जो तेवर संसद के अंदर और बाहर दिखाये, उसने बीजेपी को बुरी तरह से परेशान कर दिया। पर ये वो वक्त भी था जब बीजेपी भारी बहुमत से राज्यों के चुनाव जीतने लगीं। इस बीच राहुल ने सबूतों के साथ बीजेपी और चुनाव आयोग पर वोट चोरी के गंभीर आरोप लगाने शुरू किये। बीजेपी बचाव की मुद्रा में आ गई। इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट ने राहुल के आरोपों पर एक तरह से मुहर लगा दी। रही सही कसर कॉकरोच जनता पार्टी ने पूरी कर दी। जंतर मंतर पर पेपर लीक के खिलाफ आंदोलन ने मोदी सरकार का इक़बाल मिट्टी में मिला दिया। राहुल ने चालाकी ये की कि उन्होंने कॉकरोचों के आंदोलन से प्रतिस्पर्धा नहीं की, उसके समानांतर कांग्रेस को स्थापित नहीं किया, बल्कि पूरक की भूमिका निभाई। नतीजा सबके सामने है। मोदी सरकार ये दोहरा हमला झेल नहीं पाई और धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा हो गया।
विचार से और
आज राहुल को एक नये विकल्प के तौर पर देखा जा रहा है। मोदी की छवि लगातार गिर रही है। सरकार और संघ परिवार को समझ नहीं आ रहा है कि वो राहुल से कैसे निपटे। जिन राहुल को कभी कांग्रेस के लिये बोझ समझा जा रहा था वो राहुल मोदी के लिये सबसे बड़ा सिर दर्द साबित हो रहे हैं। खुद कांग्रेस को उनसे कदम ताल करने में काफी मेहनत करनी पड़ रही है।
भारत में राजनीति एक बेहद निर्णायक मोड़ पर आ खड़ी हुई है। यहाँ से मोदी के लिये लड़ाई आसान नहीं होगी। जिस राहुल को उन्होंने अबोध बालक समझा था अब वो बड़ा हो गया है और उन्हें दिन में तारे दिखा रहा है। इतिहास का एक चक्र खत्म होने को है, दूसरा शुरू होने वाला है।