बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन की नई टीम में स्मृति ईरानी को राष्ट्रीय महासचिव और राम माधव को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया है, जबकि अमित मालवीय को आईटी सेल प्रमुख के पद से हटा दिया गया है।
नितिन नबीन, स्मृति ईरानी, राम माधव और अमित मालवीय
बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन ने सोमवार को अपने केंद्रीय संगठन में बड़ा बदलाव करते हुए नई राष्ट्रीय टीम घोषित कर दी है। इसमें पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी और वरिष्ठ नेता राम माधव की संगठन में अहम भूमिकाओं के साथ वापसी हुई है। वहीं, लंबे समय से पार्टी के सोशल मीडिया और आईटी सेल का चेहरा रहे अमित मालवीय को इस ज़िम्मेदारी से हटा दिया गया है। यह फेरबदल तब हुआ है जब आने वाले समय में केंद्र सरकार के मंत्रिमंडल विस्तार और कई राज्यों के चुनावों की चर्चा तेज है।
2024 के लोकसभा चुनाव में अमेठी सीट से हार के बाद स्मृति ईरानी पहली बार पार्टी संगठन में किसी बड़े पद पर लौटी हैं। उन्हें बीजेपी का राष्ट्रीय महासचिव बनाया गया है। पार्टी के आठ राष्ट्रीय महासचिवों की सूची में स्मृति ईरानी एकमात्र महिला नेता हैं। उनके अलावा विनोद तावड़े, सुनील बंसल, बिप्लब कुमार देब, सतीश पूनिया, गजेंद्र पटेल, हरीश द्विवेदी और संजय भाटिया को भी राष्ट्रीय महासचिव बनाया गया है।
राम माधव की भी वापसी
बीजेपी के पूर्व राष्ट्रीय महासचिव और आरएसएस के वरिष्ठ पदाधिकारी राम माधव की भी संगठन में वापसी हुई है। उन्हें राष्ट्रीय उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। राम माधव लंबे समय तक पार्टी के रणनीतिक मामलों में सक्रिय रहे हैं। नई टीम में उन्हें फिर से अहम जिम्मेदारी दी गई है।
अमित मालवीय हटाए गए
इस फेरबदल का सबसे बड़ा बदलाव बीजेपी के आईटी और सोशल मीडिया विभाग में देखने को मिला। अब तक पार्टी के आईटी सेल प्रमुख रहे अमित मालवीय नई सूची में इस पद पर नहीं हैं। उनकी जगह छत्तीसगढ़ के दीपक म्हास्के को बीजेपी का सोशल मीडिया संयोजक बनाया गया है। हालाँकि, अनिल बलूनी पार्टी के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी के रूप में अपनी जिम्मेदारी निभाते रहेंगे।केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल को पार्टी का नया राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष बनाया गया है। उनके साथ राजेश मंगल को सह-कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई है।
13 राष्ट्रीय उपाध्यक्षों की टीम
बीजेपी ने 13 राष्ट्रीय उपाध्यक्षों की भी घोषणा की है। इनमें कई पुराने नेताओं को बरकरार रखा गया है, जबकि कुछ नए नाम भी शामिल किए गए हैं। राष्ट्रीय उपाध्यक्षों में वसुंधरा राजे सिंधिया, राम माधव, तीरथ सिंह रावत, बैजयंत जय पांडा, रेखा वर्मा, तारिक मंसूर, डी. पुरंदेश्वरी, भारती पवार, मनप्रीत सिंह बादल, लाल सिंह आर्य, एम. नागराजा, मधुचंद्र कर और वर्षाबेन नरेंद्रभाई दोशी शामिल हैं। इनमें छह महिलाएं शामिल हैं।कई नेताओं की जिम्मेदारी बरकरार
नई सूची में कई वरिष्ठ नेताओं को उनके पुराने पदों पर ही रखा गया है। बीएल संतोष राष्ट्रीय महासचिव (संगठन) बने रहेंगे। शिवप्रकाश और सौदान सिंह संयुक्त राष्ट्रीय महासचिव (संगठन) रहेंगे। सुनील बंसल और विनोद तावड़े राष्ट्रीय महासचिव बने रहेंगे। अनिल एंटनी राष्ट्रीय सचिव के पद पर कायम रहेंगे। कांग्रेस छोड़कर बीजेपी में आए रोहन गुप्ता को राष्ट्रीय सचिव बनाया गया है।
पूर्व मुख्यमंत्रियों को भी मिली जगह
नई टीम में कई पूर्व मुख्यमंत्रियों को भी शामिल किया गया है। बिप्लब कुमार देब को राष्ट्रीय महासचिव बनाया गया है। तीरथ सिंह रावत राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बने हैं।
बीजेपी ने संगठन के अन्य अहम पदों पर भी नियुक्तियां की हैं। संबित पात्रा को पूर्वोत्तर राज्यों का समन्वयक बनाया गया है। तरुण चुघ को केंद्रीय कार्यालय प्रभारी नियुक्त किया गया है। दीपक म्हास्के सोशल मीडिया की कमान संभालेंगे।
नितिन नवीन ने क्या कहा?
नई टीम की घोषणा के बाद बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन ने सभी नए पदाधिकारियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि अनुभवी नेताओं और नए चेहरों का यह संतुलन संगठन को नई ऊर्जा देगा। उन्होंने भरोसा जताया कि सभी पदाधिकारी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पार्टी को मजबूत करने और 'विकसित भारत' के लक्ष्य को आगे बढ़ाने के लिए काम करेंगे।
मंत्रिमंडल विस्तार से पहले बड़ा संकेत
राजनीतिक जानकार इस संगठनात्मक फेरबदल को आने वाले समय में संभावित केंद्रीय मंत्रिमंडल विस्तार से भी जोड़कर देख रहे हैं। पार्टी ने संगठन में अनुभव और नए नेतृत्व का मिश्रण तैयार करने की कोशिश की है। ऐसे में आने वाले महीनों में बीजेपी की राजनीतिक रणनीति और चुनावी तैयारियों पर इस नई टीम की अहम भूमिका रहने की संभावना है।